ArchivesTruth For Life

31 अगस्त : सही सोच का सामर्थ्य

Alethia4India
Alethia4India
31 अगस्त : सही सोच का सामर्थ्य
Loading
/

“इसलिए हे भाइयो, जो जो बातें सत्य हैं, और जो जो बातें आदरणीय हैं, और जो जो बातें उचित हैं, और जो जो बातें पवित्र हैं, और जो जो बातें सुहावनी हैं, और जो जो बातें मनभावनी हैं, अर्थात् जो भी सद्‌गुण और प्रशंसा की बातें हैं उन पर ध्यान लगाया करो।” फिलिप्पियों 4:8

हम में से बहुत से लोग दिन का आरम्भ चिन्तित विचारों के साथ करते हैं। “परमेश्‍वर की शान्ति, जो सारी समझ से परे है” (फिलिप्पियों 4:7), मानो रात के मध्य में या जब हम भोर को आँखें खोलते हैं, हम तक पहुँच ही नहीं पाती। इसके बजाय, जैसे ही भोर होती है, हम अपने आप से कहते हैं, “सोचने को कितना कुछ है। मेरे मन में कितनी बातें घूम रही हैं। मेरे सामने कितनी चुनौतियाँ हैं।” ऐसे विचार बहुत आसानी से चिन्ता उत्पन्न करते हैं और प्रार्थना के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को शिथिल कर देते हैं।

पौलुस इन थका देने वाली, यहाँ तक कि पंगु बना देने वाली भावनाओं पर विजय पाने में हमारी सहायता करता है, जब वह हमारी दृष्टि उन गुणों की ओर मोड़ता है जो हमारी सोच को स्वतन्त्र कर देंगे। जिस मन में फिलिप्पियों 4:8 में वर्णित विषय भरे होंगे, उसमें चिन्ता उत्पन्न करने वाले, शान्ति भंग करने वाले और आनन्द नष्ट करने वाले विचारों के लिए बहुत कम स्थान रह जाता है।

जिस बात को पौलुस अपने पाठकों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित कर रहा था, वह सोचने की एक विशिष्ट मसीही रीति है। मसीही मन, जैसा कि उसने सिखाया, वह नहीं है जो केवल “मसीही विषयों” के बारे में ही सोचने के लिए प्रशिक्षित हो, बल्कि वह है जिसने हर बात को मसीही दृष्टिकोण से सोचना सीख लिया हो। अन्ततः, हम वही हैं जिसके विषय में हम सोचते हैं। हमारे मन में ही हमारी भावनाएँ जागृत होती हैं, और हमारे मन के द्वारा ही हमारी इच्छाएँ दिशा पाती हैं। मन में ही हम हर कार्य की कल्पना करते हैं और उसे उत्पन्न करते हैं। इसलिए यह अत्यन्त आवश्यक है कि हम सही और भक्तिपूर्ण बातों के विषय में सोचना सीखें।

बाइबल केवल मानसिक चिन्तन को उसके अपने लिए महत्त्व नहीं देती। मसीही लोगों को इसलिए नहीं बुलाया गया कि वे किसी ऊँची पहाड़ी पर बैठकर, दैनिक जीवन की दिनचर्या से अलग होकर, अमूर्त रूप में धन्य विचार सोचते रहें। इसके विपरीत, पौलुस हमें एक ऐसी सूची देता है जो हमारे उद्देश्यों, हमारे आचरण और हमारे नैतिक जीवन को दृढ़ करेगी। हम में से प्रत्येक को ऐसा जीवन जीने के लिए बुलाया गया है जो वास्तविक है कृत्रिम नहीं; गम्भीर है तुच्छ नहीं; सही है सुविधाजनक नहीं; शुद्ध है अशुद्ध नहीं; प्रेमपूर्ण है कलहपूर्ण नहीं; और सहायक है आलोचनात्मक नहीं। संक्षेप में, हमें यीशु के समान सोचने के लिए बुलाया गया है।

फिर भी, पौलुस आपको केवल अपने बल पर खड़े होने के लिए नहीं बुला रहा है। यह इस सूची को निभाने के लिए बस अपनी पूरी कोशिश करने का कोई नारा नहीं है। आत्म-प्रयास के द्वारा पवित्रीकरण परमेश्वर की योजना नहीं है। जिस बहुआयामी सद्‌गुण की बात पौलुस करता है, वह उद्धार के वृक्ष पर उगने वाला फल है। यह फल उन लोगों में प्रकट होता है जिनकी जड़ें अनुग्रह में गहराई से जमी हुई हैं। इसलिए अपने हृदय को परमेश्वर के अनुग्रह से जकड़ने दें, और अपने मन को उस पर ध्यान लगाने का अभ्यास कराएँ जो वास्तव में प्रशंसा के योग्य है। जब ये प्रभाव एक साथ मिलते हैं, तो आपका जीवन ऐसा होगा जो परमेश्वर की महिमा करेगा। यह लक्ष्य रखें कि कल जब आप जागें, तो सबसे पहले उसके अनुग्रह और इस फल के विषय में ही सोचें।

  लूका 6:43-49

◊ पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: भजन 132–134; 2 कुरिन्थियों 10

30 अगस्त : परमेश्वर का रक्षक वचन

Alethia4India
Alethia4India
30 अगस्त : परमेश्वर का रक्षक वचन
Loading
/

“मैं यह विनती नहीं करता कि तू उन्हें जगत से उठा ले; परन्तु यह कि तू उन्हें उस दुष्‍ट से बचाए रख।” यूहन्ना 17:15

जब यीशु ने अपने चेलों के लिए ये शब्द प्रार्थना में कहे, तो ये उसने उन्हें ऊँचे स्वर में कहे। इस प्रकार यह प्रार्थना उनके लिए इस बात की शिक्षा भी थी कि उन्हें अपने चारों ओर के संसार के साथ कैसे सम्बन्ध रखना है। जो जीवन यीशु यहाँ प्रस्तुत करता है, वह न तो संसार से सुखद रूप से अविभेद्य है और न ही उससे सुखद रूप से अलग।

यही यीशु का अपने लोगों के लिए दर्शन है: संसार में रहना, परन्तु उससे भिन्न होना। वास्तव में, यही वह बुलावा है जिसमें परमेश्वर के लोग सदा से बुलाए गए हैं—“याजकों का राज्य और पवित्र जाति” होने के लिए (निर्गमन 19:6; 1 पतरस 2:9-10)। भजन स्पष्ट रूप से बताते हैं कि बुराई एक वर्तमान खतरा है। लोगों को “शत्रु” और “हत्यारे” कहा गया है (भजन 59:1-2), “अनर्थकारी” हमारे चारों ओर हैं (94:4), और कुछ लोग ऐसे भी हैं जिनके मार्गों को केवल “टेढ़े” ही कहा जा सकता है (125:5)। इसलिए बड़ी चुनौती यह है कि हम मसीह के वचनों का आदर कैसे करें—उस बुराई के प्रभाव से कैसे बचे रहें जो हमें चारों ओर से घेरे हुए है।

हमारी सबसे बड़ी रक्षा पिता से यीशु की इस विनती में दिखाई देती है: “उन्हें उस दुष्ट से बचाए रख।” जो लोग अपने आप को परमेश्वर को सौंप देते हैं, उनके लिए सुरक्षा उपलब्ध है। यह सत्य भजनों में भी व्यक्त किया गया है, जहाँ हम पढ़ते हैं कि परमेश्वर की रक्षा दीनों के उपलब्ध लिए है। प्रभु कहता है, “दीन लोगों के लुट जाने, और दरिद्रों के कराहने के कारण, परमेश्‍वर कहता है, ‘अब मैं उठूँगा’” (भजन 12:5)। अर्थात्, वह घमण्डी और डींग मारने वालों की नहीं, बल्कि उन लोगों की रक्षा करता है जो उस पर अपनी निर्भरता को पहचानते हैं। प्रभु उन्हीं के कराहने को सुनता है। और दीनों के लिए प्रभु की यह रक्षा उस दुष्ट के विरुद्ध भी उपलब्ध है। दाऊद स्वीकार करता है कि परमेश्वर हमें “इस काल के लोगों से सर्वदा के लिए बचाए रखेगा” (भजन 12:7)। दुष्ट लोग परमेश्वर के लोगों को चोट पहुँचा सकते हैं, परन्तु वे स्थाई रूप से ऐसा नहीं कर सकते, क्योंकि अन्ततः वे हमारी आत्माओं को हानि नहीं पहुँचा सकते। परमेश्वर हमें अनन्त विनाश से बचाए रखेगा।

परमेश्वर की यह रक्षा दीनों के लिए और दुष्टों के विरुद्ध है, परन्तु यह हमारे पास कैसे पहुँचती है? परमेश्वर के वचन के द्वारा, जो हमारे पाँव के लिए दीपक और हमारे मार्ग के लिए उजियाला है (भजन 119:105)। उसका हर एक वचन सत्य सिद्ध होता है, और सब शत्रुओं के विरुद्ध ढाल प्रदान करता है (भजन 18:30)। यदि हम संसार में विश्वासयोग्य जीवन जीना चाहते हैं, तो हमें पवित्रशास्त्र के प्रति अपने आप को समर्पित करना होगा। इसलिए अपने चारों ओर की बुराई के विषय में सही सोच रखने के लिए परमेश्वर का वचन आपके हृदय में, आपके मन में, और आपकी जीभ पर होना चाहिए। परमेश्वर ने इसे आपको आपकी रक्षा के लिए दिया है।

क्या आप अपने लिए वही प्रार्थना करते हैं जो यीशु ने अपनी मृत्यु से एक रात पहले अपने अनुयायियों के लिए की थी? इस पर विचार करें कि क्या आपको संसार के समान हो जाने का अधिक खतरा है या उससे पूरी तरह अलग हो जाने का। प्रभु से उस प्रेम, बुद्धि, और साहस की याचना करें जो उस प्रकार का जीवन जीने के लिए आवश्यक है जैसा उसने जिया: संसार में, और फिर भी उससे महिमामय रूप से भिन्न।

  यूहन्ना 17:9-19

पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: भजन 129–131; 2 कुरिन्थियों 9 ◊

29 अगस्त : अपने सृजनहार को स्मरण रखो

Alethia4India
Alethia4India
29 अगस्त : अपने सृजनहार को स्मरण रखो
Loading
/

“अपनी जवानी के दिनों में अपने सृजनहार को स्मरण रख।” सभोपदेशक 12:1

सब लोग एक ही गति से या एक ही प्रकार से बूढ़े नहीं होते। कुछ लोग अपने सन्ध्या-काल के वर्षों तक भी जीवन्त रहते हैं, जबकि कुछ लोग अपने समय से बहुत पहले मुरझा जाते हैं। परन्तु हम सब—चाहे हम कितने ही युवा या वृद्ध क्यों न हों, चाहे हम कैसा भी अनुभव करें या कितने ही दुर्बल क्यों न हों—प्रतिदिन एक-एक कदम करके उस दिन की ओर बढ़ रहे हैं जब अन्ततः दीप बुझ जाएँगे।

उसी अन्त को ध्यान में रखते हुए सभोपदेशक का लेखक हमें उत्साहित करता है कि जब तक समय है, हम अपने सृजनहार को स्मरण रखें। परन्तु जब वह कहता है “स्मरण रख,” तो वह हमें किसी यान्त्रिक अभ्यास के लिए नहीं बुला रहा, जैसे अनियमित अंग्रेज़ी क्रियाओं या गुणा-पहाड़ों को याद करना हो। स्मरण करने की यह पुकार हमें हर प्रकार की आत्मनिर्भरता को त्याग देने और बिना किसी शर्त के अपने आप को परमेश्वर पर, अपने सृजनहार और पालनहार के रूप में, सौंप देने के लिए प्रेरित करती है। “अपने सृजनहार को स्मरण” रखने का अर्थ है उसे जानना, उससे प्रेम करना, और अपनी सर्वोच्च प्रसन्नता के रूप में उसकी सेवा करना।

जिस समय-सीमा में इस उपदेश का पालन किया जाना है, वह भी महत्त्वपूर्ण है: लेखक विशेष रूप से अपने पाठकों से आग्रह करता है कि वे परमेश्वर को “अपनी जवानी के दिनों में” स्मरण रखें। यदि आप अब युवा नहीं रहे, तो चिन्ता मत करें—यह आपके लिए भी आपकी सोच से कहीं अधिक लागू हो सकता है! बाइबल जवानी के विषय में हमसे कहीं अधिक लचीली है। फिर भी, इसमें कोई सन्देह नहीं कि विशेषकर युवाओं को इन निर्देशों पर ध्यान देने की आवश्यकता है।

हमें सावधान रहना चाहिए कि हम अपने आप से यह न कहने लग जाएँ, “जब गम्भीर समय आएगा, तब मैं गम्भीर बातों पर ध्यान दूँगा।” गम्भीर समय अभी है! वे दिन शीघ्र आएँगे जब आप वैसे देख नहीं पाएँगे जैसे पहले देखते थे, वैसे सुन नहीं पाएँगे जैसे पहले सुनते थे, या वैसे चल नहीं पाएँगे जैसे पहले चलते थे। चाहे तेज़ी से हो या धीरे-धीरे, आपके जीवन का डेरा क्षीण हो रहा है। कितना दुखद होगा यदि कोई यह मान ले कि वह अपने सृजनहार को कल, और कल, और कल स्मरण करेगा, परन्तु आज कभी नहीं, और फिर यह पाए कि अब कोई कल शेष ही नहीं रहा। सावधान रहें कि अपने जीवन के सर्वोत्तम वर्ष उन बातों में न बीतने दें जो अन्ततः व्यर्थ सिद्ध होंगी। जब तक अवसर है, अपने सृजनहार को स्मरण रखें। और यदि आपको लगता है कि आपके सर्वोत्तम वर्ष पीछे छूट चुके हैं, तो यह भी स्मरण रखें कि “जिन वर्षों की उपज . . . टिड्डियों ने, अर्थात् . . . बड़े दल ने . . . खा ली थी,” उसकी हानि की भरपाई करने में परमेश्वर समर्थ है (योएल 2:25)। अभी स्मरण रखना, अनन्तकाल को पछतावे के साथ बिताने से कहीं उत्तम है।

  लूका 9:57-62

◊ पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: भजन 126–128; 2 कुरिन्थियों 8

28 अगस्त : आनन्द की ओर जाने वाला मार्ग

Alethia4India
Alethia4India
28 अगस्त : आनन्द की ओर जाने वाला मार्ग
Loading
/

“प्रभु में सदा आनन्दित रहो; मैं फिर कहता हूँ, आनन्दित रहो।” फिलिप्पियों 4:4

खुशी को नल की तरह घुमाकर चालू नहीं किया जा सकता। आनन्द किसी स्विच को पलटने से नहीं आ जाता। हम मसीही लोगों को जीवन में भी अन्य लोगों की तरह ही उतार-चढ़ाव आते हैं। कभी हम बहुत अच्छा अनुभव करते हैं; कभी-कभी हम फँसे हुए से महसूस करते हैं। तो फिर हम उस आज्ञा का क्या करें जो हमें निरन्तर आनन्दित रहने के लिए कहती है—या, जैसा कि पाठ कहता है, “सदा आनन्दित रहो”?

कुछ लोग आनन्द को ऐसी वस्तु समझते हैं जो हमारी परिस्थितियों के अनुसार घटता-बढ़ता रहता है। यदि ऐसा होता, तो आनन्द का मार्ग यह होता कि हम यह सुनिश्चित करें कि हमारी परिस्थितियों में जितनी सम्भव हो उतनी अच्छी बातें हों, और जो कुछ भी—या जो कोई भी—हमें नीचे गिराता है, उसे हटा दें। परन्तु प्रेरित पौलुस हमें एक भिन्न दृष्टिकोण देता है। जिस मसीही आनन्द का वह वर्णन करता है, वह स्थिर और अडिग होने के लिए अभिप्रेत है। पौलुस यहाँ हमें इस आनन्द के स्रोत की ओर संकेत करता है: “प्रभु में सदा आनन्दित रहो; मैं फिर कहता हूँ, आनन्दित रहो।” इसकी कुंजी “सदा आनन्दित रहो” से पहले दिया गया वाक्यांश “प्रभु में” है। ये दो छोटे शब्द संसार में सारा अन्तर उत्पन्न कर देते हैं! यदि हम अपने आनन्द को अपनी परिस्थितियों के साथ घटने-बढ़ने दें, तो अवश्य ही हम संकट में पड़ेंगे। देर-सबेर कठिन समय अवश्य आएँगे। परन्तु यदि हम उस प्रभु में आनन्दित हों, जो “कल और आज और युगानुयुग एक–सा है” (इब्रानियों 13:8), तो हमारा आनन्द किसी अचल पर टिक जाता है, और इसीलिए वह मुरझाएगा नहीं।

मसीही आनन्द ऐसा आनन्द है जो गहरे दुख के साथ भी सह-अस्तित्व रख सकता है। आपकी परिस्थितियाँ आपको शोक तो दे सकती हैं, परन्तु यदि आप अपना आनन्द “प्रभु में”—अर्थात वह कौन है, वह आपसे कैसे प्रेम करता है, और उसने आपके लिए क्या प्रतिज्ञा की है—पाते हैं, तो वे आपके आनन्द को बुझा नहीं सकतीं। अपनी आशा उसी में रखें और उसके अचल स्वभाव को स्मरण करते रहें, और आप सदा आनन्दित रहने के मार्ग पर होंगे, यहाँ तक कि कठिनाइयों में भी। आज, आपकी परिस्थितियाँ चाहे जैसी भी हों, आप इस महिमामय सत्य में शान्ति, विश्राम, और—हाँ—यहाँ तक कि आनन्द भी पा सकते हैं कि परमेश्वर सब बातों में आपके साथ है और एक दिन सब कुछ ठीक कर देगा।

  भजन संहिता 147

पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: भजन 123–125; 2 कुरिन्थियों 7 ◊

27 अगस्त : तेरे पवित्र पर्वत पर कौन बसने पाएगा?

Alethia4India
Alethia4India
27 अगस्त : तेरे पवित्र पर्वत पर कौन बसने पाएगा?
Loading
/

“हे परमेश्‍वर तेरे तम्बू में कौन रहेगा? तेरे पवित्र पर्वत पर कौन बसने पाएगा? वह जो खराई से चलता और धर्म के काम करता है, और हृदय से सच बोलता है।” भजन संहिता 15:1-2

“तेरे पवित्र पर्वत पर कौन बसने पाएगा?” दाऊद द्वारा इस भजन के पहले पद में पूछा गया प्रश्न अत्यन्त महत्त्वपूर्ण है। हमें ऐसा प्रतीत हो सकता है कि यह केवल प्राचीन इस्राएल की आराधना से जुड़ा प्रश्न है, परन्तु वास्तव में यह हमें स्वर्ग के द्वार तक ले जाता है और पूछता है, इन फाटकों में कौन प्रवेश करने पाएगा?

यद्यपि इसका उत्तर भजन 15 के शेष भाग में समझाया गया है, इसका सामान्य आशय हमें पूरे पवित्रशास्त्र में मिलता है। इब्रानियों का लेखक अपने पाठकों को यह सलाह देता है कि वे “उस पवित्रता के खोजी हो जिसके बिना कोई प्रभु को कदापि न देखेगा” (इब्रानियों 12:14)। इसी प्रकार प्रभु यीशु ने सिखाया कि “सकेत है वह फाटक और कठिन है वह मार्ग जो जीवन को पहुँचाता है; और थोड़े हैं जो उसे पाते हैं” (मत्ती 7:14)। अतः जो लोग प्रभु के पवित्र पर्वत पर खड़े होंगे और अनन्तकाल तक उसकी उपस्थिति का आनन्द लेंगे, वे वही हैं जो सकेत मार्ग से होकर वहाँ पहुँचते हैं और पवित्रता का यत्न करते हैं।

दुखद सत्य यह है कि बहुत से लोग यह मान लेते हैं कि वे परमेश्वर के पवित्र पर्वत पर इसलिए बसेंगे क्योंकि उन्होंने कभी एक प्रार्थना की थी, किसी सभा में आगे आए थे, या किसी कलीसिया के सदस्य हैं। यह सोचना एक घोर भूल है कि ये कार्य अपने आप में अनन्त जीवन के योग्य बना देंगे, यदि उनके साथ ऐसा जीवन न हो जो मसीह को प्रभु के रूप में जानने का कोई प्रमाण न दे। चार्ल्स स्पर्जन ने एक बार प्रचार करते हुए कहा, “यदि कोई मनुष्य मन-परिवर्तन से पहले के जीवन से भिन्न जीवन नहीं जी रहा . . . तो उसके मन फिराव को फिर से मन फिराव की आवश्यकता है, और उसका मन-परिवर्तन केवल एक कल्पना है।”[1]

तो फिर, यहोवा के पर्वत पर कौन बसने पाएगा? वही जो “खराई से चलता है,” ऐसे ढंग से जो किसी अविश्वासी के जीवन जैसा न हो, और जिसका जीवन यह वास्तविकता प्रकट करता है कि परमेश्वर ने उसे बचाया है। वही जिसकी बातचीत निन्दा से चिह्नित नहीं, परन्तु जो “हृदय से सच बोलता है।” यह ऐसा व्यक्ति है जो केवल सही बात ही नहीं कहता, बल्कि सच्ची बात कहता है, और जो वह कहता है और जो वह जीता है, उसके बीच कोई अन्तर नहीं होता।

भजन 15 को पढ़ने और अपने आप को ईमानदारी से देखने का संयोजन सम्भवतः हमें बहुत हतोत्साहित कर दे। केवल प्रभु यीशु ही इस भजन में वर्णित पवित्रता को पूर्णता में धारण करता है; केवल वही अपने पिता के पवित्र पर्वत पर बसने के योग्य है, और केवल इस कारण से कि उसने अपने लोगों के पापों के लिए मरने को चुना और उन्हें अपनी सिद्धता से ढाँप दिया, हमें उसके साथ वहाँ रहने के लिए आमन्त्रित किया गया है। फिर भी यह अच्छा और उचित है कि हम परमेश्वर के वचन के प्रकाश को अपने हृदयों पर चमकने दें और वहाँ जो कुछ है उसे प्रकट होने दें, क्योंकि इससे हम मन फिराव और अपने उद्धारकर्ता के प्रति कृतज्ञता की ओर बढ़ेंगे। और जो जानते हैं कि वे उसके कारण वहाँ खड़े होंगे, वे उसके समान बनने का प्रयत्न करेंगे। अपने चाल-चलन और अपने शब्दों पर विचार करें, और प्रार्थना करें कि आप निरन्तर मसीह की प्रतिमा के अनुरूप बनते जाएँ, जब तक कि आप उसके साथ परमेश्वर के पवित्र पर्वत पर बस न जाएँ।

  भजन संहिता 15

◊ पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: भजन 120–122; 2 कुरिन्थियों 6


[1] “व्हाट इज़ इट टू विन अ सोल?,” द स्वॉर्ड एण्ड द ट्रॉवेल (दिसम्बर 1879), पृ. 561.

26 अगस्त : भ्रम का सूक्ष्म प्रभाव

Alethia4India
Alethia4India
26 अगस्त : भ्रम का सूक्ष्म प्रभाव
Loading
/

“क्योंकि बहुत से लोग निरंकुश, बकवादी और धोखा देने वाले हैं; विशेष करके खतना वालों में से। इनका मुँह बन्द करना चाहिए। ये लोग नीच कमाई के लिए अनुचित बातें सिखाकर घर के घर बिगाड़ देते हैं।” तीतुस 1:10-11

व्यर्थ की बातें करने वालों के खतरे से सावधान रहें।

क्रेते की कलीसिया विश्वास-समुदाय के भीतर के ही कुछ ऐसे लोगों से संकट में थी, जो विद्रोह से चिह्नित थे। वे उन लोगों के समान थे जो सेना में भर्ती तो हो जाते हैं, ड्यूटी के लिए रिपोर्ट करते हैं और वर्दी पहन लेते हैं, परन्तु जैसे ही युद्ध आरम्भ होता है, वे अपने अधिकारी की आज्ञा मानने से इनकार कर देते हैं।

ऐसे निरंकुश लोगों को पौलुस “बकवादी” कहता है। वे किसी विषय में बात नहीं करते, परन्तु उसे इस प्रकार प्रस्तुत करते हैं मानो वही सबसे महत्त्वपूर्ण बात है जिसे आपने अपने जीवन में कभी सुना है। वे पवित्रशास्त्र की मुख्य और स्पष्ट बातों से हटकर सबको हाशिए की बातों पर, अपनी विशेषताओं पर ध्यान लगाने के लिए प्रेरित करना चाहते हैं। और चौंकाने वाली बात यह है कि यद्यपि वे “धोखा देने वाले” हैं, फिर भी वे लोगों को अपने पीछे खींचने में सक्षम हो जाते हैं।

कुछ लोग इस प्रकार की निरर्थकता के प्रति विशेष रूप से संवेदनशील होते हैं। जब तक बाजार में किसी वस्तु की माँग न हो, तब तक वह वस्तु बिक नहीं सकती। यदि कोई मण्डली सत्य में अच्छी तरह शिक्षित नहीं है, और यदि उसके पास तीतुस 1:5-9 में वर्णित प्रकार के प्राचीन नहीं हैं जो झुण्ड की रक्षा करें, तो उसमें ऐसे व्यक्तियों के उठ खड़े होने का खतरा पैदा हो जाएगा जो विश्वासियों के बीच से उठकर विश्वासयोग्य लोगों को भटकाने का प्रयास करते हैं।

जरूरी नहीं है कि सबसे बड़ा खतरा आवश्यक विश्वास-समुदाय के बाहर से होने वाला खुला आक्रमण हो। अधिकतर यह भीतर से, धीरे-धीरे और सूक्ष्म रूप से आता है। इस प्रकार से धोखा देने वाले लोगों को सरलता से पहचानना सदा आसान नहीं होता। वे यह नहीं कहेंगे, “मेरे पीछे आओ, मैं सत्य से दूर जा रहा हूँ।” बल्कि वे कहते हैं, “मेरे पीछे आओ, क्योंकि मैं उन मुख्य शिक्षाओं को जानता हूँ जिन पर आपको विश्वास करना चाहिए। आपको यह सुनिश्चित करना चाहिए कि आप ये काम करें और वे काम न करें।”

सुसमाचार यह अद्‌भुत गाथा है कि यीशु और उसके क्रूस के कार्य के द्वारा परमेश्वर अपनी सन्तान के जीवनों को पूरी तरह बदल देता है। हमारे हृदयों में इस परिवर्तन के साथ-साथ, वह हमें अपने वचन का अटल सत्य भी देता है—और वह सत्य कलीसिया और उसके प्राचीनों के लिए हमारी प्रार्थनाओं के योग्य है। वह हमारी पूरी शक्ति से रक्षा किए जाने के योग्य है। इसलिए पौलुस के शब्द हमें धोखा देने वाले बकवादियों से सावधान रहने और अपने ही हृदय की जाँच में सतर्क रहने की याद दिलाएँ। उन लोगों की सुनें जिनके शब्द अनुग्रह और सत्य से परिपूर्ण हैं, और यह भी सुनिश्चित करें कि आपके अपने शब्द सच्चे मसीही जीवन की इन दोनों पहचानों से भरे हों।

  तीतुस 1:5-16

पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: भजन 119:89-176; 2 कुरिन्थियों 5 ◊

25 अगस्त : जब आपके विचार अन्धकारमय हो जाएँ, तब क्या करें

Alethia4India
Alethia4India
25 अगस्त : जब आपके विचार अन्धकारमय हो जाएँ, तब क्या करें
Loading
/

“तब दाऊद सोचने लगा, ‘अब मैं किसी न किसी दिन शाऊल के हाथ से नष्ट हो जाऊँगा; अब मेरे लिए उत्तम यह है कि मैं पलिश्तियों के देश में भाग जाऊँ; तब शाऊल मेरे विषय निराश होगा, और मुझे इस्राएल के देश के किसी भाग में फिर न ढूँढ़ेगा, यों मैं उसके हाथ से बच निकलूँगा।’” 1 शमूएल 27:1

कभी-कभी हमारे विचार ही हमारे सबसे बड़े शत्रु बन जाते हैं।

दाऊद के हालात चाहे जितने भी कठिन रहे हों, वह अपना भरोसा सदा परमेश्वर पर रखता आया था। वास्तव में, राजा शाऊल और दाऊद के बीच हुई अन्तिम बातचीत में दाऊद ने शाऊल से कहा कि यद्यपि वह नहीं जानता कि आगे क्या होगा, फिर भी वह यह जानता है कि परमेश्वर उसे उसकी कठिनाइयों से छुड़ाएगा (1 शमूएल 26:23-24)। दाऊद के पास इस विश्वास के लिए ठोस कारण थे: उसके जीवन में छुटकारा एक निरन्तर विषय रहा था। चाहे वह सिंह से हो, भालू से, या पलिश्ती दानव से (1 शमूएल 17:37), या बाद में शाऊल की प्राणघातक खोज से, दाऊद परमेश्वर की उद्धारक सहायता का साक्ष्य देने में तत्पर रहता था।

इसलिए यह आश्चर्य की बात है कि परमेश्वर के छुड़ाने वाले हाथ के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रकट करने के तुरन्त बाद, दाऊद ने अपने मन में यह स्वीकार कर लिया कि शाऊल अन्ततः उसे मार डालेगा। परमेश्वर की भलाई और विश्वासयोग्यता पर मनन करने के बजाय, उसने अपने विचारों को अन्धकारमय स्थानों की ओर जाने दिया। उसका विश्वास निराशा में बदल गया और उसकी आस्था भय में, और इसलिए वह शत्रु की संगति में सुरक्षा खोजने चला गया (1 शमूएल 27:2)—एक ऐसा निर्णय जो उसे छल और कठिनाइयों की उलझन में ले गया (पद 8-11)।

हमारे विचार वास्तव में बहुत महत्त्व रखते हैं; वे हमारे कार्यों को जन्म देते हैं। एक पुरानी कहावत हमें इस सिद्धान्त की याद दिलाती है: एक विचार बोओ, एक कार्य काटोगे। एक कार्य बोओ, एक आदत काटोगे। एक आदत बोओ, एक चरित्र काटोगे। एक चरित्र बोओ, एक भाग्य काटोगे।

आप अपने जीवन के उन अध्यायों की ओर पीछे मुड़कर देख सकते हैं जब, दाऊद की तरह, आपने अपने आप से निरर्थक बातें करनी आरम्भ कीं, मूर्खतापूर्ण निर्णय लिए, और अपने आप को फँसा हुआ पाया। हो सकता है आप अभी उसी स्थान पर हैं, अपने विचारों को फिसलन भरी ढलान पर रोकने के लिए संघर्ष कर रहे हैं, जो आपको ऐसे मार्ग पर ले जा रहे हैं जिसे आप भीतर ही भीतर जानते हैं कि वह अविवेकपूर्ण या गलत है। दाऊद को केवल अपने जीवन पर आए खतरों से ही उद्धार की आवश्यकता नहीं थी; उसे स्वयं से भी बचाए जाने की आवश्यकता थी—और आपको और मुझे भी है। परन्तु शुभ समाचार यह है कि हमारे लिए परमेश्वर की भलाई और दया कभी समाप्त नहीं हो सकती, चाहे हमारे विचार गलत दिशा में चले गए हों और चाहे हमारे कार्य हमें मार्ग से भटका ले गए हों। जैसे परमेश्वर ने दाऊद को छुड़ाया, वैसे ही उसने मसीह के क्रूस के द्वारा हमें छुड़ाया है। इसलिए जब आपके विचार अन्धकार की ओर मुड़ने लगें, तब परमेश्वर की भलाई, उसके उद्धार, और उसकी विश्वासयोग्यता को स्मरण करें, और उन्हें अपने हृदय की प्रतिक्रिया को आकार देने दें, और उन कठिनाइयों के बीच चलते समय अपने मार्ग को भी दिशा देने दें जिनका आप सामना कर रहे हैं।

  गलातियों 6:7-10

◊ पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: भजन 119:1- 88; 2 कुरिन्थियों 4

24 अगस्त : आप किस बात की प्रतीक्षा कर रहे हैं?

Alethia4India
Alethia4India
24 अगस्त : आप किस बात की प्रतीक्षा कर रहे हैं?
Loading
/

“हमारा स्वदेश स्वर्ग पर है; और हम एक उद्धारकर्ता प्रभु यीशु मसीह के वहाँ से आने की बाट जोह रहे हैं। वह अपनी शक्ति के उस प्रभाव के अनुसार जिसके द्वारा वह सब वस्तुओं को अपने वश में कर सकता है, हमारी दीन–हीन देह का रूप बदलकर, अपनी महिमा की देह के अनुकूल बना देगा।” फिलिप्पियों 3:20-21

जीवन प्रतीक्षा से भरा है। चाहे वह सप्ताहान्त की प्रतीक्षा हो, आने वाली छुट्टी की, या किसी बच्चे या पोते के जन्म की, हम सदा किसी न किसी बात की प्रतीक्षा करते रहते हैं। और मसीही जीवन स्वयं भी एक प्रतीक्षा-काल है; पौलुस कहता है कि स्वर्ग के नागरिक होने के कारण हम अब “उद्धारकर्ता प्रभु यीशु मसीह के वहाँ से आने की बाट जोह रहे हैं।”

मसीहियों के लिए, यह प्रतीक्षा हमारे जीवन की परिभाषित विशेषताओं में से एक होनी चाहिए। हमारे अस्तित्व में एक पारलोकिक आयाम है—और वह महत्त्वपूर्ण है। हमें “पृथ्वी की वस्तुओं” (फिलिप्पियों 3:19) में न तो डूब जाना है, न उनके द्वारा नियन्त्रित होना है, न उनसे बँध जाना है, और न ही उन पर जकड़े रहना है, परन्तु हमें “स्वर्गीय वस्तुओं की खोज में” रहना है (कुलुस्सियों 3:1), जब हम उत्सुकता से अपने उद्धारकर्ता और उन सम्पूर्ण आशिषों की प्रतीक्षा करते हैं जिन्हें वह हम पर उण्डेल देगा। हमें प्रतीक्षा करने वाली प्रजा होना है, बस जाने वाली नहीं।

यदि आप कभी किसी प्रिय जन से लम्बे समय के लिए अलग हुए हैं, तो शायद आपने उससे मिलने की तीव्र लालसा की पीड़ा को अनुभव किया होगा। कुछ दिनों या कुछ सप्ताहों तक तो सब ठीक रहता है, परन्तु शीघ्र ही ऐसा लगने लगता है मानो आपका कोई भाग खो गया हो। आप उत्सुकता से पुनर्मिलन की प्रतीक्षा करते हैं—और जब वह दिन निकट आता है, तो आप और प्रतीक्षा सह नहीं पाते!

पौलुस चाहता है कि हम अपने प्रभु यीशु मसीह की उसी प्रकार की लालसा के साथ प्रतीक्षा करें। हम ऐसा तब करेंगे जब हम यह स्मरण रखेंगे कि “समय कम किया गया है” (1 कुरिन्थियों 7:29) और यह कि “जिस समय हमने विश्‍वास किया था, उस समय के विचार से अब हमारा उद्धार निकट है” (रोमियों 13:11)। हमारी दृष्टि से प्रतीक्षा चाहे जितनी भी लम्बी या छोटी हो, यीशु उचित समय पर लौटेगा—और जब वह आएगा, तो वह हमें अपने समान सदा के लिए रूपान्तरित कर देगा।

वह पुनर्मिलन आपके विचार से भी शीघ्र हो सकता है—और निश्चित ही वह उस अनन्तता की विशालता की तुलना में “शीघ्र” होगा जो हमारी प्रतीक्षा कर रही है! परन्तु अभी के लिए, आपको और मुझे अपने राजा की वापसी की ओर देखते हुए उसकी प्रतीक्षा करनी है। इसलिए, उस दिन तक जब आप अपने उद्धारकर्ता की उपस्थिति में सदा के लिए पहुँचा दिए जाएँगे, इस संसार की पेशकशों पर सन्तुष्ट न हो जाएँ, और “अभी” को “अभी नहीं” से अधिक प्रिय न बना लें। इसके बजाय, भजनकार के साथ मिलकर कहें, “मैं यहोवा की बाट जोहता हूँ, मैं जी से उसकी बाट जोहता हूँ, और मेरी आशा उसके वचन पर है; पहरुए जितना भोर को चाहते हैं, हाँ, पहरुए जितना भोर को चाहते हैं, उससे भी अधिक मैं यहोवा को अपने प्राणों से चाहता हूँ” (भजन 130:5-6)। आज का दिन जैसा भी बीते, उसे आने वाले की प्रतीक्षा का दिन बना दें।

  रोमियों 13:11-14

पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: भजन 116–118; 2 कुरिन्थियों 3 ◊

23 अगस्त : एक आत्मा में सच्चा सामर्थ्य

Alethia4India
Alethia4India
23 अगस्त : एक आत्मा में सच्चा सामर्थ्य
Loading
/

“न तो बल से, और न शक्ति से, परन्तु मेरे आत्मा के द्वारा होगा, मुझ सेनाओं के यहोवा का यही वचन है।” जकर्याह 4:6

जीवन में किसी न किसी समय, जब हम कठिनाइयों का सामना करते हैं, हम सब यह पूछने के लिए प्रलोभित होते हैं, इस सब का फायदा क्या है? आगे बढ़ते रहने का प्रयत्न क्यों करें? मुझे यह सब कठिनाई या विरोध क्यों सहना पड़ता है? कभी-कभी ऐसा प्रतीत होता है कि कुछ इक्कीसवीं सदी की कलीसियाएँ और मसीही लोग मुख्यतः निराशा के भाव से ही जीते और कार्य करते हैं, न कि उस दिन में आनन्दित होकर जिसे प्रभु ने बनाया है (भजन 118:24)।

कुछ निराशा समझ में आने योग्य है। परन्तु हम निश्चय ही वहाँ सदा नहीं रहना चाहते—और न ही हमें वहाँ रहने की आवश्यकता है। हमारी निराशा हमें कभी बहकावे में न डाल दे कि परमेश्वर अब काम नहीं कर रहा। वास्तविकता यह है कि कभी-कभी परमेश्वर का कार्य सांसारिक दृष्टिकोण से उतना प्रभावशाली नहीं दिखता जितना हम चाहते हैं। परन्तु जहाँ “किसी को रथों का, और किसी को घोड़ों का भरोसा है,” वहाँ हम “अपने परमेश्‍वर यहोवा ही का नाम लेंगे” (भजन 20:7)। भीषण युद्ध के मध्य में रथों और घोड़ों जैसे युद्ध-साधन निश्चय ही भय उत्पन्न करते थे। फिर भी, चाहे ऐसा लगे कि अधिक सामर्थ्य वाला पक्ष ही सदा जीतता है, हमें कभी नहीं भूलना चाहिए कि परमेश्वर सदा अपने लोगों के बीच कार्य कर रहा है, और वही है जो विजय देगा—न तो बल से, न शक्ति से, परन्तु अपने आत्मा के द्वारा।

कोई भी वस्तु—न धन, न प्रभाव, न रणनीति, न क्षमता—हमारे जीवनों में और कलीसिया में आत्मा के कार्य का स्थान नहीं ले सकती। उदाहरण के लिए, नए नियम की कलीसिया के नेतृत्व को स्मरण करें। उसके अगुवे साहसी और सक्रिय पुरुष थे, कम से कम इस कारण से कि उन्होंने यीशु के साथ बहुत समय बिताया था। फिर भी, जब सुसमाचार के फैलने का समय आया, यीशु ने क्या किया? “उनसे मिलकर उन्हें आज्ञा दी, ‘यरूशलेम को न छोड़ो, परन्तु पिता की उस प्रतिज्ञा के पूरे होने की बाट जोहते रहो, जिसकी चर्चा तुम मुझ से सुन चुके हो’” (प्रेरितों 1:4)—और वह प्रतिज्ञा, निश्चय ही, पवित्र आत्मा था। पवित्र आत्मा के सामर्थ्य के बिना, प्रेरित लोग चाहे जितने भी सक्षम या दृढ़ क्यों न रहे हों, कहीं नहीं पहुँच सकते थे। पवित्र आत्मा के साथ, उन्होंने एक ऐसे आन्दोलन का आरम्भ किया जिसने संसार को बदल डाला।

आज के हमारे समय में, हमें स्मरण रखना चाहिए कि परमेश्वर के राज्य के लिए सच्चे लाभ कभी भी केवल समाज में ऊँचे पद, बड़े बैंक खाते, या बड़े अधिकार से नहीं आएँगे। इसके बजाय, हम परमेश्वर के आत्मा की प्रतीक्षा करते हैं कि वह जहाँ चाहे वहाँ चले और जैसे चाहे वैसे कार्य करे। आखिरकार, परमेश्वर के विचार हमारे विचार नहीं हैं, न ही हमारे मार्ग उसके मार्ग हैं। उसकी बुद्धि पृथ्वी से आकाश जितनी ऊँची है (यशायाह 55:8-9)। यदि भीतर-ही-भीतर आप अपने आप पर निर्भर हैं, तो यह स्मरण रखें: परमेश्वर का राज्य पवित्र आत्मा के कार्य के बिना न तो आपके अपने जीवन में, न आपकी गवाही के द्वारा और न ही आपके सेवाकार्य के द्वारा आगे बढ़ेगा। यदि भीतर-ही-भीतर आप निराश हैं, तो यह स्मरण रखें: परमेश्वर का राज्य आगे बढ़ेगा, यहाँ तक कि आपके अपने जीवन में, आपकी गवाही के द्वारा और आपके सेवाकार्य के द्वारा भी, क्योंकि पवित्र आत्मा कार्य कर रहा है। रथों पर या घोड़ों पर भरोसा न रखें, परन्तु अपने परमेश्वर यहोवा पर भरोसा रखें।

  भजन 115

◊ पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: भजन 113–115; 2 कुरिन्थियों 2

22 अगस्त : पवन के पीछे दौड़ना

Alethia4India
Alethia4India
22 अगस्त : पवन के पीछे दौड़ना
Loading
/

“मनुष्य जो धरती पर मन लगा लगाकर परिश्रम करता है उससे उसको क्या लाभ होता है?” सभोपदेशक 2:22

बीते कई वर्षों में मैं अनेक माता-पिताओं के साथ बैठा हूँ जो अपने बच्चों के गलत मार्गों के सम्भावित परिणामों को लेकर व्याकुल थे। इन सब माताओं और पिताओं को अपने पुत्र या पुत्री के चुनावों से निराशा हुई थी, और बातचीत के दौरान यह स्पष्ट हो गया कि उनकी निराशा इस विश्वास पर आधारित थी कि यदि उनका बच्चा बस उन्हीं की तरह होता तो सब कुछ कहीं अधिक अच्छा होता। और गहराई से पूछने पर यह सामने आया कि उनका अभिप्राय यह था कि सब कुछ तब बेहतर होता यदि उनका बच्चा अपना जीवन पूरी तरह अपने काम को ही समर्पित कर देता।

पवित्रशास्त्र का निष्कर्ष उस जीवन के विषय में स्पष्ट है जो केवल श्रम के लिए ही समर्पित हो: वह सब व्यर्थ है और पवन के पीछे दौड़ना है। इसका यह अर्थ नहीं कि काम अप्रासंगिक या अनुपयोगी है। काम परमेश्वर से आता है, इसलिए वह अच्छा है—परन्तु केवल तब, जब उसे सही रीति से किया जाए। परन्तु सुलेमान चेतावनी देता है कि जब काम ही आपके जीवन की सम्पूर्णता बन जाता है, तब आपके “सब दिन तो दुखों से भरे रहते हैं,” और “रात को भी” आपका “मन चैन नहीं पाता” (सभोपदेशक 2:23)। काम-लोलुप लोग रात में जाग उठते हैं और अपने बिस्तर पर करवटें बदलते रहते हैं। उन्हें सोने के लिए गोलियों की आवश्यकता पड़ती है, जागने के लिए गोलियाँ, और दिन भर चलने के लिए गोलियाँ खानी पड़ती हैं। और यदि “गोलियाँ” आपके लिए दूर की बात है, तो बस उसे किसी भी ऐसे उपाय से बदल दीजिए जिसे आप लोगों को अपनाते हुए देखते हैं—या स्वयं अपनाते हैं—ताकि आप अपना दिमाग बन्द कर सकें और फिर से चालू कर सकें।

जब जीवन इस प्रकार जिया जाता है, तो अन्ततः सब कुछ ढह जाता है। समय के साथ, जो लोग अपने आप को अपनी सम्पत्तियों के लिए समर्पित कर देते हैं, वे उन्हीं में और अधिक उलझते चले जाते हैं। वस्तुओं के कारण अपनी आत्मा खो देना समझदारी नहीं है। फिर भी, जैसा कि यीशु ने सिखाया, चट्टान पर अपना घर बनाने का एक तरीका है (मत्ती 7:24-27)। जीवन की यात्रा में—यहाँ तक कि काम में भी—केवल वही दृढ़ आनन्द और स्थाई धन पाए जाते हैं जो परमेश्वर में व्यक्तिगत और जीवित विश्वास से प्राप्त होते हैं।

इसलिए, “आज चुन लो कि तुम किस की सेवा करोगे” (यहोशू 24:15): धन और व्यर्थ महत्वाकांक्षा की मूर्तियों की, या स्वर्ग के परमेश्वर की। यह सुनिश्चित करें कि अपने हृदय को तैयार कर लें और अपना चुनाव उस समय से पहले कर लें जब आप अपनी मेज़ पर बैठें या कारखाने में खड़े हों, और अपने आप को पूरी तरह अपने काम को सौंप देने के लिए प्रलोभित हों। मन से प्रार्थना करें, “प्रभु यीशु, मैं अपनी आशा को अपने व्यवसाय की उपलब्धियों या धन के संचय में नहीं रखना चाहता। प्रभु यीशु, मेरा उद्धारकर्ता बन और मुझे दिखा कि आज मैं तेरे साथ कैसे जीवन जीऊँ, तू ही मेरा सान्त्वनादाता है और मेरी तृप्ति का स्रोत हो।” यही वह मार्ग है जिससे कोई अपने काम में कठोर परिश्रम तो करे, पर उसकी पूजा न करे।

  सभोपदेशक 2

पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: भजन 110–112; 2 कुरिन्थियों 1 ◊