9 नवम्बर : परमेश्वर के अधीन आनन्दपूर्वक समर्पण

Alethia4India
Alethia4India
9 नवम्बर : परमेश्वर के अधीन आनन्दपूर्वक समर्पण
Loading
/

“वह तो और भी अनुग्रह देता है; इस कारण यह लिखा है, ‘परमेश्‍वर अभिमानियों का विरोध करता है, पर दीनों पर अनुग्रह करता है।’ इसलिए परमेश्‍वर के अधीन हो जाओ।” याकूब 4:6-7

अब कल्पना करना कठिन लगता है, परन्तु इस बात को ज्यादा समय नहीं हुआ जब लोग प्रायः सीट बेल्ट नहीं लगाते थे, और बच्चों के लिए आज जैसे कार में विशेष सीटों की आवश्यकता नहीं होती थी। बिना बेल्ट और पकड़ के बच्चों को शान्त बैठाना और बैठाए रखना कठिन होता था। एक छोटे लड़के के बारे कहा जाता है कि वह अपनी माँ के साथ कार में था। वह पीछे की सीट पर था, और जैसे लड़के अक्सर करते हैं, वह बेचैन हो गया, उठने-बैठने और हिलने-डुलने लगा। उसकी माँ ने उसे बैठने को कहा। अन्ततः, माँ के द्वारा बार-बार कहने और बेटे के द्वारा बार-बार इनकार करने के बाद माँ को कार रोककर उचित अनुशासन करने की आवश्यकता पड़ी। फिर उसने उसे उसकी सीट पर बैठाया और कार चलाने लगी। कुछ क्षणों बाद पीछे की सीट से लड़का बुदबुदाया, “मैं बाहर से तो बैठा हूँ, परन्तु अन्दर से खड़ा हूँ।”

यह छोटी कहानी हमें मुसकुराने पर मजबूर कर सकती है—परन्तु यह हमारे लिए एक चेतावनी भी है। यह लड़का बाहर से तो आज्ञाकारी था, परन्तु भीतर से विद्रोही था। कितनी बार यह परमेश्वर के प्रति हमारे अपने व्यवहार को दर्शाता है? शायद हम बाहर से सही काम करते और सही बातें कहते हैं, विशेषकर सार्वजनिक रूप से और खासकर कलीसिया में, परन्तु भीतर से हम ठीक विपरीत सोचते और महसूस करते हैं। यह दृश्य जितना निर्दोष और सामान्य लगता है, उतना ही यह उस घमण्ड को दिखाता है जो उस छोटे लड़के के हृदय में उठ रहा था—और वही घमण्ड हमारे हृदयों में भी उठता है जब हम बाहर से तो बैठ होते हैं, परन्तु भीतर से खड़े रहते हैं। और परमेश्वर सब कुछ देखता है।

परमेश्वर के प्रति सच्चा समर्पण वास्तव में दीन हृदय का फल है। परमेश्वर के अधीन होना उसके अधिकार के नीचे अपने आप को स्थापित करना है। स्वभाव से हम अधिकार का विरोध करते हैं और यह पसन्द नहीं करते कि हमें यह बताया जाए कि हमें क्या करना है। परन्तु परमेश्वर की आज्ञा मानना कभी भी अनिच्छापूर्वक नहीं होना चाहिए। हमें उसके वचन में प्रकट उसकी इच्छा के प्रति आनन्द, प्रसन्नता और पूर्ण समर्पण के साथ झुकना चाहिए। उसकी सच्चाई को जानना और उसके अनुसार कार्य करना हमारा आनन्द होना चाहिए।

ऐसा आनन्दमय समर्पण उस व्यक्ति के स्वभाव के कारण सम्भव है जिसके अधीन हम होते हैं। जब हम प्रभु यीशु मसीह के अधीन होते हैं, तब हम सच्ची स्वतन्त्रता में प्रवेश करते हैं (गलातियों 5:1)। हम हल्के बोझ और सहज जुए के अधीन होते हैं (मत्ती 11:30)। इसलिए आज अपने जीवन और अपने हृदय को ध्यान से देखें। क्या ऐसे क्षेत्र हैं जहाँ आप बाहर से तो बैठे हैं, परन्तु भीतर से खड़े हैं—परमेश्वर की आज्ञा तो मानते हैं, परन्तु बुड़बुड़ाते हुए और अनिच्छा से? ऐसे घमण्ड के लिए सदा और अधिक अनुग्रह उपलब्ध है, परन्तु उसका दीनता से पश्चाताप किया जाना आवश्यक है। परमेश्वर के विषय में आपको क्या याद रखने की आवश्यकता है ताकि आप ऐसा कर सकें, और फिर उसकी इच्छा के प्रति स्वेच्छा से, आनन्दपूर्वक और पूर्ण रूप से समर्पित हो सकें?

  रोमियों 6:15-23

◊ पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: एज्रा 6– 8; 2 तीमुथियुस 3

Leave A Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *