ArchivesTruth For Life

28 अगस्त : पश्चाताप की यात्रा

Alethia4India
Alethia4India
28 अगस्त : पश्चाताप की यात्रा
Loading
/

“मैं ये बातें तुम्हें इसलिए लिखता हूँ कि तुम पाप न करो; और यदि कोई पाप करे, तो पिता के पास हमारा एक सहायक है, अर्थात् धर्मी यीशु मसीह।” 1 यूहन्ना 2:1

मसीही विश्वास क्षमा के सन्देश पर आधारित है। अन्य धर्म नैतिकता सिखा सकते हैं, वे हमें ऐसी विधियाँ दे सकते हैं जो हमारे जीवन को व्यवस्थित करने या हमें एक अच्छा इंसान महसूस कराने में मदद करें। परन्तु मसीही विश्वास उन लोगों के लिए है जो अयोग्य, खोए हुए, संघर्षरत और पापी हैं। यह उन लोगों के लिए है, जिन्हें यह सुनने की आवश्यकता है कि वे क्षमा प्राप्त कर सकते हैं। अर्थात, यह सभी के लिए है।

सुसमाचार का केन्द्र-बिन्दु यह नहीं है कि हमें क्या करना चाहिए, बल्कि यह कि परमेश्वर ने हमारे लिए क्या किया है। परमेश्वर की दया ही है जो हममें क्षमा पाने की इच्छा उत्पन्न करती है—और केवल जब हम यीशु में विश्वास रखते हैं, तभी हमें पूर्ण रूप से क्षमा प्राप्त होती है। जब हम पश्चाताप और विश्वास के साथ उसकी ओर मुड़ते हैं, तब हम पीछे मुड़कर यह कह सकते हैं कि हम पाप के दण्ड से बचा लिए गए हैं। जो कुछ हमारे विरुद्ध था, जो कुछ हमें परमेश्वर को जानने और उसकी प्रेम और भलाई को अनुभव करने से रोक रहा था—वह सारा दण्ड जो हमें मिलना चाहिए था—वह सब प्रभु यीशु मसीह के क्रूस पर किए गए उद्धारक कार्य के द्वारा मिटा दिया गया है।

विश्वासी होने के नाते हम आनन्दित हो सकते हैं—और होना भी चाहिए—कि अब पाप हम पर शासन नहीं करता। फिर भी, वास्तविकता यह है कि इस सांसारिक जीवन में हम अभी भी पाप करते हैं। हम अभी भी परमेश्वर के मापदण्ड तक पहुँचने में असफल होते हैं। और जब ऐसा होता है, तो शत्रु हमारे कानों में फुसफुसाता है, “क्या तू वास्तव में उद्धार पाया है? क्या परमेश्वर तुझे इस बार भी क्षमा करेगा?” इस पर हमारा उत्तर होना चाहिए, “हाँ, मैं उद्धार पाया हुआ हूँ; और हाँ, वह मुझे क्षमा करेगा, क्योंकि जिसने मेरे लिए प्राण दिए, वह इस समय भी मेरे लिए परमेश्वर के सामने वकालत कर रहा है।”

परमेश्वर से क्षमा पाना हमें पाप करने की स्वतन्त्रता नहीं देता। वास्तव में, प्रेरित यूहन्ना ने लिखा कि “तुम पाप न करो” (1 यूहन्ना 2:1)। जब हम पाप करते हैं, तो परमेश्वर में जो आनन्द हमने पाया है, वह धुंधला पड़ने लगता है। वह हमारा स्वर्गिक पिता बना रहता है, परन्तु यदि हम अपने हृदय में पाप को स्थान देते हैं, तो यह कोई आश्चर्य की बात नहीं होगी कि हम उन आशिषों का पूरा आनन्द नहीं उठा सकेंगे जो वह हमारे लिए रखना चाहता है।

इसलिए, हम अपने प्रभु की आज्ञाओं का पालन करने का प्रयास करते हैं, परन्तु चूंकि हम इसे पूरी तरह नहीं कर सकते, इसलिए हमें अपने प्रभु के सामने निरन्तर पश्चाताप करते रहना भी आवश्यक है। यीशु ने यूहन्ना 13 में दैनिक पश्चाताप की आवश्यकता और महत्त्व को उजागर किया, जब वह अपने शिष्यों के पैर धोने वाला था और पतरस ने कहा, “तू मेरे पाँव कभी न धोने पाएगा!” इसके जवाब में यीशु ने कहा, “यदि मैं तुझे न धोऊँ, तो मेरे साथ तेरा कुछ भी साझा नहीं” (यूहन्ना 13:8)। जब तक यीशु हमें नहीं धोता, तब तक हमें क्षमा नहीं मिलती—और उसके बाद भी, वह प्रतिदिन हमारे पश्चाताप और विश्वास के द्वारा हमें शुद्ध करता रहता है।

एक दिन जब हम स्वर्ग में प्रवेश करेंगे, तो पाप की उपस्थिति से भी मुक्त कर दिए जाएँगे। परन्तु उस महान दिन तक हमारा मसीही जीवन एक पश्चाताप की यात्रा बना रहेगा। आप उद्धार पा चुके हैं। आप उद्धार पाएँगे। लेकिन अभी, इसी क्षण, परमेश्वर की करुणा से प्रतिदिन पश्चाताप करते हुए और यीशु की ओर लौटते हुए आप उद्धार पा रहे हैं।

रोमियों 7:7 – 8:2

पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: भजन 123–125; 2 कुरिन्थियों 7 ◊

27 अगस्त : अनुग्रह प्राप्त करना

Alethia4India
Alethia4India
27 अगस्त : अनुग्रह प्राप्त करना
Loading
/

“परन्तु यहोवा के अनुग्रह की दृष्‍टि नूह पर बनी रही।” उत्पत्ति 6:8

आम धारणा में नूह एक आत्मिक योद्धा और विश्वास का नायक माना जाता है। परन्तु सच्चाई यह है कि वह भी एक साधारण मनुष्य था। वह भी बाकी सभी की तरह अपने दैनिक कार्यों में व्यस्त रहता था, अपनी जीविका कमाता था और अपने बच्चों का पालन-पोषण करता था।

नूह की कहानी आरम्भ होने से पहले पवित्रशास्त्र हमें बताता है: “यहोवा ने देखा कि मनुष्यों की बुराई पृथ्वी पर बढ़ गई है, और उनके मन के विचार में जो कुछ उत्पन्न होता है वह निरन्तर बुरा ही होता है। और यहोवा पृथ्वी पर मनुष्य को बनाने से पछताया, और वह मन में अति खेदित हुआ” (उत्पत्ति 6:5-6)। यहाँ कोई भेदभाव नहीं किया गया है। इसमें कोई अपवाद नहीं है कि सम्पूर्ण मानवजाति दुष्टता में लिप्त थी और नूह भी इससे अछूता नहीं था।

सन्देश स्पष्ट है: सभी ने पाप किया था। सभी परमेश्वर से विमुख हो गए थे। सभी को न्याय का सामना करना था। लेकिन तभी एक महत्त्वपूर्ण वाक्य आता है— “परन्तु . . . नूह . . .।” पाप और न्याय की वास्तविकता के बावजूद, परमेश्वर के अनुग्रह के कारण एक दिव्य परिवर्तन आता है। परमेश्वर का अनुग्रह, जो न तो समझाया जा सकता है और न ही कमाया जा सकता है, नूह पर प्रकट हुआ। यही एकमात्र बात थी जिसने उसे बाकी मनुष्यजाति से अलग किया। परमेश्वर ने नूह और उसके परिवार को अपने अनुग्रह के पात्र के रूप में चुना और उसके साथ एक ऐसा सम्बन्ध स्थापित किया, जो पहले अस्तित्व में नहीं था। इसी अनुग्रह के कारण, नूह “धर्मी पुरुष” बना, जो “परमेश्वर ही के साथ-साथ चला” (उत्पत्ति 6:9)।

नूह परमेश्वर से कोई विशेष अधिकार नहीं माँग सकता था। उसके स्वयं के किसी गुण या प्रयास के कारण नहीं, बल्कि परमेश्वर ने पूर्णतः अपनी कृपा से नूह के जीवन में अनायास ही हस्तक्षेप किया।

बहुत से लोग मानते हैं कि अनुग्रह केवल नए नियम में पाया जाता है और पुराने नियम में तो केवल आग, गन्धक, व्यवस्था और न्याय की ही बात होती है, और अनुग्रह केवल यीशु के आने पर ही आता है। परन्तु सच्चाई यह है कि अनुग्रह न केवल सृष्टि से पहले अस्तित्व में था, बल्कि पूरे इतिहास में न्याय के मध्य भी प्रकट होता रहा है। बाइबल के प्रत्येक पृष्ठ पर अनुग्रह प्रकट होता है।

पूरी बाइबल में ही अनुग्रह प्रकट होता रहता है। नूह ने परमेश्वर के वचन के प्रति आज्ञाकारिता में एक नाव का निर्माण किया, जबकि उसके पास केवल परमेश्वर का वचन ही था जिस पर वह भरोसा कर सकता था। जब हम अनुग्रह को उसकी पूर्णता में अनुभव करते हैं, तो यह हमें विनम्र बना देता है और परमेश्वर को महान करता है। यह हमें यह एहसास कराता है कि जीवन परमेश्वर और उसकी भलाई के बारे में है, न कि हमारे बारे में। यह हमें उसके वचन पर विश्वास करने और उसकी आज्ञाओं का पालन करने के लिए प्रेरित करता है।

आज आपको संसार से अलग करने वाली एकमात्र बात वही है जिसने नूह को उसकी पीढ़ी से अलग किया था—परमेश्वर का अवर्णनीय और अपरिवर्तनीय अनुग्रह। इसलिए आत्मिक घमण्ड और सांसारिक समझौते से सावधान रहें। हममें से कोई भी इतना बुद्धिमान नहीं है कि उद्धार के आनन्द को स्वयं समझ सके, और न ही इतना अच्छा कि उसे पाने के योग्य हो सके। आप और मैं इसके योग्य नहीं हैं—फिर भी, परमेश्वर ने हमारे जीवनों में हस्तक्षेप किया है। जब परमेश्वर का अनुग्रह हमारे हृदय को छू लेगा, केवल तब ही हम नूह की तरह इस संसार के मार्ग पर नहीं, बल्कि अपने सृष्टिकर्ता के मार्ग पर चलेंगे, और आज्ञाकारिता से भरी विनम्रता और आत्मविश्वास से भरी आशा के साथ जीवन जीएँगे। केवल अनुग्रह ही ऐसा प्रभाव डाल सकता है।

उत्पत्ति 6

◊ पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: भजन 120–122; 2 कुरिन्थियों 6

26 अगस्त : धैर्यवान उद्धारकर्ता

Alethia4India
Alethia4India
26 अगस्त : धैर्यवान उद्धारकर्ता
Loading
/

“उन्होंने उसे जगाकर उससे कहा, ‘हे गुरु, क्या तुझे चिन्ता नहीं कि हम नष्ट हुए जाते हैं?’ तब उसने उठकर आँधी को डाँटा, और पानी से कहा, ‘शान्त रह, थम जा!’ और आँधी थम गई और बड़ा चैन हो गया; और उनसे कहा, ‘तुम क्यों डरते हो? क्या तुम्हें अब तक विश्‍वास नहीं?’” मरकुस 4:38-40

जब तूफ़ान आया और चेलों को भय ने घेर लिया, तब यीशु ने केवल शान्ति ही नहीं, बल्कि उनकी प्रतिक्रिया के प्रति अद्‌भुत धैर्य भी दिखाया।

उन्होंने यीशु पर यह आरोप लगाया कि उसे इस बात की चिन्ता नहीं थी कि वे नष्ट हो रहे हैं। लेकिन यीशु ने उन्हें नहीं, बल्कि हवा और लहरों को डाँटा। यह कितनी अद्‌भुत बात है! संसार में किसी भी शिक्षक के पास यीशु के चेलों से अधिक धीमी गति से सीखने वाले छात्र नहीं थे—परन्तु यह भी सच है कि न ही किसी अन्य शिक्षक में उसके समान धैर्य और क्षमा करने की क्षमता थी।

यीशु का धैर्य केवल इस घटना तक सीमित नहीं था; अपने पूरे सेवाकार्य के दौरान वह अपने चेलों की कमजोरियों और असफलताओं के प्रति लगातार धैर्यवान रहा। मरकुस 6 में केवल पाँच रोटियों और दो मछलियों से पाँच हज़ार लोगों को भोजन खिलाने के बाद जब चेलों ने उसे पानी पर चलते देखा, तब भी उन्होंने उस पर सन्देह किया। लेकिन यीशु ने प्रेमपूर्वक उत्तर दिया, “ढाढ़स बाँधो : मैं हूँ; डरो मत” (मरकुस 6:50)। आगे भी, जब उसने बार-बार अपनी मृत्यु की आवश्यकता और उद्देश्य के बारे में समझाया, तो चेलों ने उसे समझने या स्वीकार करने में कठिनाई महसूस की (मरकुस 8:31-33; 9:30-32; 10:32-34)। यहाँ तक कि पुनरुत्थान के बाद भी यीशु ने चेलों को इस बात के लिए नहीं डाँटा कि वे उसकी भविष्यवाणी के अनुसार उसके जी उठने से चकित हो गए थे। इसके विपरीत, उसने प्रेम और धैर्य के साथ उनसे गहरे प्रश्न पूछे और अपनी सच्ची पहचान को उनपर प्रकट किया।

हम चेलों में अपने कमज़ोर विश्वास को प्रतिबिम्बित होता हुआ देख सकते हैं। यदि हम उनके स्थान पर होते, तो शायद हम भी उसी तरह डरकर भाग-दौड़ कर रहे होते और अपने सन्देह तथा शिकायतें यीशु के सामने रख रहे होते। लेकिन आज भी, हमारे भय और सन्देह के बावजूद मसीह हमें धैर्यपूर्वक सम्भालता है। वह हमें हमारे एक क्षण के अविश्वास के कारण अस्वीकार नहीं करता। वह हमारी कायरता के कारण हमें त्याग नहीं देता। उसके समान कोई और शिक्षक है ही नहीं।

इसलिए जब हम मसीह के इस अद्वितीय धैर्य के भागीदार हुए हैं, तो हमें भी यही धैर्य दूसरों के प्रति दिखाना चाहिए। यदि आप माता-पिता, कोच, प्रबन्धक, सेवकाई नेता, शिक्षक, या केवल एक मित्र भी हैं, तो यीशु के उदाहरण को याद रखें। यदि हम चाहते हैं कि परमेश्वर हमारे डगमगाते विश्वास को सहन करे, तो हमें भी दूसरों के प्रति और यहाँ तक कि अपने स्वयं के प्रति भी ऐसा ही धैर्य रखना चाहिए।

सबसे बढ़कर, हमें केवल यीशु के उदाहरण का अनुसरण करने के लिए नहीं, बल्कि उसकी सिद्धता का आनन्द लेने के लिए बुलाया गया है। उसका धैर्य कभी असफल नहीं होगा। वह अपनी देखभाल में रहने वालों की कभी उपेक्षा नहीं करता और न ही उन्हें छोड़ता है। आपके पापों और आपके संघर्षों के कारण उसकी सहनशीलता का बाँध कभी नहीं टूटता। वह आज भी आपके साथ धैर्यवान रहेगा। वह आपका उद्धारकर्ता, आपका निस्तारक, आपका हमेशा धैर्यवान शिक्षक—आपका यीशु है।

निर्गमन 33:18 – 34:8

पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: भजन 119:89-176; 2 कुरिन्थियों 5 ◊

25 अगस्त : प्रतिशोध का त्याग

Alethia4India
Alethia4India
25 अगस्त : प्रतिशोध का त्याग
Loading
/

“हे प्रियो, बदला न लेना, परन्तु परमेश्‍वर के क्रोध को अवसर दो।” रोमियों 12:19

बदला लेना हमारी सबसे स्वाभाविक प्रवृत्तियों में से एक है। यह संसार का तरीका है, क्योंकि हम एक ऐसे संसार में रहते हैं जहाँ “बड़ी मछली छोटी मछली को निगल जाती है।” यदि कोई हमारे रास्ते में आता है, तो हम उसे हटाने की पूरी कोशिश करते हैं। यह विशेषकर तब एक स्वाभाविक प्रतिक्रिया होती है, जब हमारे साथ अन्याय होता है—परन्तु यह मसीही प्रतिक्रिया नहीं है। इसलिए हमें हमेशा इसके विरुद्ध सतर्क रहना चाहिए। भले ही हमने कल इसे टाल दिया हो, इसकी कोई निश्चितता नहीं है कि हम आज भी ऐसा कर पाएँगे।

शायद खेल का मैदान ऐसा स्थान है, जहाँ हम सबसे अधिक देखते हैं कि प्रतिशोध कितनी आसानी से हमारी योजनाओं और कार्यों का प्रेरक बन जाता है। यदि कोई विरोधी खिलाड़ी आपको फाउल करता है और रेफरी या अम्पायर इसे नहीं देखता या दण्डित नहीं करता, तो आप क्या करते हैं? हमारी सहज प्रवृत्ति होती है कि हम किसी तरह उससे बदला लें। हम योजना बनाते हैं, सही समय का इन्तज़ार करते हैं और फिर “हिसाब बराबर” कर देते हैं। और जिस तरह खेल के मैदान में यह होता है, वैसे ही हमारे जीवन में भी होता है—भले ही व्यवहार में न सही, परन्तु हमारी कल्पनाओं में ऐसा अवश्य होता है।

परन्तु फिर पवित्रशास्त्र हमारे इस स्वाभाविक स्वभाव को यह कहकर काट देता है: “बदला न लेना।”

पौलुस ने केवल इस सिद्धान्त को लिखा ही नहीं, बल्कि इसे अपने जीवन में जीकर भी दिखाया। वह एक ऐसे वातावरण में सेवा कर रहा था, जहाँ उसके पास प्रतिशोध लेने के पर्याप्त कारण थे—उसे बदनाम किया गया, पीटा गया, उपहास किया गया और कैद में डाला गया। जब सम्राट नीरो और उसकी सरकार मसीहियों को राजमहल के आँगन में जलती हुई मशालों में बदल रहे थे, तब भी सम्भवतः पौलुस जीवित था। वे मसीही विश्वासियों को खम्भों से बाँध देते थे, उन खम्भों को ज़मीन में गाड़ देते थे, और फिर उन्हें मोम से ढककर आग लगा देते थे—लेकिन उस समय भी आदेश यही था: “बदला न लेना।”

हम अक्सर ईश्वरीय न्याय, जो परमेश्वर का अधिकार है; आपराधिक न्याय, जो सरकार की परमेश्वर द्वारा ठहराई हुई ज़िम्मेदारी है (रोमियों 13:1-4); और व्यक्तिगत प्रतिशोध के अभ्यास के बीच अन्तर नहीं कर पाते, जिसके लिए बाइबल हमें कोई अधिकार नहीं देती। हमें सरकार से आपराधिक न्याय प्राप्त करने की अनुमति है, लेकिन हमें यह ध्यान में रखना है कि यह पूर्ण नहीं होगा और इसका उद्देश्य अन्तिम न्याय करना नहीं है। लेकिन सबसे बढ़कर, हमें स्वयं को परमेश्वर के दिव्य न्याय के हाथों सौंपना है, ठीक वैसे ही जैसे उसके पुत्र ने किया (1 पतरस 2:23)। हमें यह याद रखते हुए जीना चाहिए कि आज शायद अन्तिम न्याय का दिन नहीं है, और निश्चित रूप से आप और मैं न्यायाधीश नहीं हैं।

हमारी नागरिकता किसी भी सांसारिक राज्य से बढ़कर एक अनन्त राज्य में है। यदि अविश्वासी हमें यह प्रचार करते हुए देखते हैं कि मसीह सच्चा और न्यायी न्यायाधीश है, लेकिन फिर हमें खुद ही न्याय करते हुए पाते हैं, तो वे मसीह की ओर आकर्षित नहीं होंगे। हमारा व्यवहार उन लोगों को प्रभावित करेगा जो पाप के साथ संघर्ष कर रहे हैं। इसलिए ऐसा हो कि वे हमारे प्रेम से मसीह की ओर खिंचे चले आएँ, न कि हमारे प्रतिशोध के कारण उससे दूर हो जाएँ।

रोमियों 12:9-21

◊ पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: भजन 119:1- 88; 2 कुरिन्थियों 4

24 अगस्त : पहचान और प्रतिक्रिया

Alethia4India
Alethia4India
24 अगस्त : पहचान और प्रतिक्रिया
Loading
/

“उसने उनसे कहा, ‘नाव की दाहिनी ओर जाल डालो तो पाओगे।’ अतः उन्होंने जाल डाला, और अब मछलियों की बहुतायत के कारण उसे खींच न सके। तब उस चेले ने जिससे यीशु प्रेम रखता था, पतरस से कहा, ‘यह तो प्रभु है!’ शमौन पतरस ने यह सुनकर कि वह प्रभु है, कमर में अंगरखा कस लिया, क्योंकि वह नंगा था, और झील में कूद पड़ा।” यूहन्ना 21:6-8

जब किनारे पर खड़े व्यक्ति ने मछुआरों से नाव के दूसरी ओर जाल डालने के लिए कहा—और जब उन मछुआरों ने देखा कि पूरी रात कुछ न पकड़ने के बाद अब उनके जाल मछलियों से भर गए हैं—तब वे पहचान गए कि यह कौन था जिसने उन्हें पुकारा था। इम्माऊस के मार्ग पर जा रहे उन व्यक्तियों के समान शायद ये भी किसी अलौकिक कारण से उसे पहचान नहीं पाए थे (लूका 24:16)। या शायद सुबह की हल्की धुंध या नाव और किनारे के बीच की दूरी के कारण वे अपने उद्धारकर्ता को पूरी तरह से पहचान नहीं पाए थे।

कारण चाहे जो भी रहा हो, जल्द ही यूहन्ना, “जिससे यीशु प्रेम रखता था,” समझ गया कि उनसे किसने बात की थी—और जैसे ही उसने यह बात पतरस को बताई, पतरस ने तुरन्त प्रतिक्रिया दी। यूहन्ना की पहचान और पतरस की प्रतिक्रिया एक सुन्दर सहभागिता को दर्शाती है, जो परमेश्वर की पूरक विविधता की योजना को प्रकट करती है। परमेश्वर इस संसार में से यूहन्ना जैसे चिन्तनशील लोगों और पतरस जैसे जोशीले लोगों को एक साथ लेकर आता है ताकि वे एक-दूसरे के बिना अधूरे न रहें।

यूहन्ना के सुसमाचार में हम देखते हैं कि वह एक गहरे विचारशील और स्थिर विश्वास वाला व्यक्ति था। जब वह और पतरस खाली कब्र में गए, तो उसने बड़ी सूझबूझ से सोचा कि कब्र के वस्त्र बिना शरीर के क्यों पड़े हैं और इस प्रकार उसने विश्वास किया (यूहन्ना 20:8)। इसी प्रकार, नाव में रहते हुए भी उसने अपने आस-पास की घटनाओं को जल्दबाजी में नहीं, बल्कि गहराई से समझने के बाद विश्वास किया। जब यूहन्ना को एहसास हुआ कि उनके सामने यीशु है, तो उसने तुरन्त इस बारे में पतरस को बताया।

पतरस ने यूहन्ना की इस पहचान को उसी जोशीले ढंग से स्वीकार किया, जैसा वह अक्सर करता था: उसने विश्वास से भरी, उत्साही, और तत्काल कार्रवाई की। कल्पना करें कि उसने पानी में छलाँग लगा दी, और आधा तैरते हुए, आधा चलते हुए, पूरी ताकत से किनारे की ओर बढ़ने लगा, ताकि अपने उद्धारकर्ता तक जल्द से जल्द पहुँचे। उसने नाव में से पानी में छलाँग लगाने में एक पल की भी झिझक नहीं दिखाई। उसका एकमात्र उद्देश्य था, प्रभु तक पहुँचना।

यदि सूझबूझ वाले चिन्तनशील यूहन्ना जैसे लोग यहाँ न हों, तो पतरस जैसे उत्साही लोग निरन्तर व्यस्त रहते हुए जल्द ही थककर चूर हो जाएँ। और यदि पतरस जैसे साहसी लोग न हों, तो यूहन्ना जैसे लोग अपनी गहरी सोच में उलझकर निष्क्रिय हो जाएँ। हमें मसीह की सेवा करने के लिए साथी और सहयोगी चाहिएँ। चाहे आप पतरस हों या यूहन्ना, या फिर आपके पास कोई और विशेष स्वभाव हो, परमेश्वर ने आपको जैसे बनाया है, वैसे ही अपने राज्य में एक विशेष उद्देश्य के लिए रखा है।

हममें से कई लोग बहुत अधिक समय यह सोचने में गवा देते हैं कि काश हम किसी और की तरह होते। और कुछ ऐसे होते हैं जिन्हें अपने स्वभाव और योग्यताओं की पूरी पहचान होती है, लेकिन वे उन्हें दूसरों की सेवा के लिए विनम्रता से उपयोग करने में असफल रहते हैं या उन लोगों के साथ धैर्य नहीं रख पाते जो उनसे भिन्न हैं।

यदि आप यह समझ लें कि आपका हर गुण परमेश्वर द्वारा दिया गया है और वह चाहता है कि आप इसे अपने स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि उसकी आज्ञा मानने, उसकी प्रजा के संग रहने, और उसके पुत्र की महिमा के लिए उपयोग करें—तो आप खुद को और अपने उद्देश्य को देखने के तरीके में क्या बदलाव लाएँगे?

1 कुरिन्थियों 12:12-27

पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: भजन 116–118; 2 कुरिन्थियों 3 ◊

23 अगस्त : परमेश्वर काफी बड़ा है

Alethia4India
Alethia4India
23 अगस्त : परमेश्वर काफी बड़ा है
Loading
/

“पौलुस ने अरियुपगुस के बीच में खड़े होकर कहा, ‘हे एथेंस के लोगो . . . जिसे तुम बिना जाने पूजते हो, मैं तुम्हें उसका समाचार सुनाता हूँ।’” प्रेरितों 17:22-23

परमेश्वर की सैद्धान्तिक शिक्षा को समझे बिना हम यीशु के सुसमाचार का प्रचार नहीं कर सकते। जैसा कि जे.बी. फिलिप्स अपनी पुस्तक योर गॉड इज़ टू स्मॉल  में लिखते हैं, “आज बहुत से लोग आन्तरिक असन्तोष में और किसी विश्वास के बिना जी रहे हैं . . . वे अपने वयस्क मस्तिष्क से ऐसा परमेश्वर नहीं खोज पाए हैं जो जीवन को समझाने के लिए पर्याप्त रूप से बड़ा हो।”[1] इसलिए जब हम परमेश्वर के चरित्र, उसकी महानता और उसकी महिमा के बारे में बात करें, तो हमें प्रत्येक उपयुक्त शब्द का उपयोग करना चाहिए।

जब पौलुस ने सुसमाचार का प्रचार किया, तो उसने धार्मिक लोगों, आम जनता और बुद्धिजीवियों सभी के पास जाकर यह सन्देश दिया, क्योंकि वह जानता था कि परमेश्वर का शुभ समाचार सभी के लिए पर्याप्त है और हर किसी की चिन्ताओं का उत्तर है (प्रेरितों 17:24-31)। हम पौलुस के इस दृष्टिकोण से सीख सकते हैं, जिसमें उसने परमेश्वर के स्वभाव के पाँच महत्त्वपूर्ण पहलुओं को स्पष्ट किया:

परमेश्वर सृष्टिकर्ता है। इस संसार को उसी ने बनाया है, जबकि वह स्वयं अजन्मा और अजर-अमर है। वह अपनी सृष्टि से अलग और समय से परे है। वह मात्र एक शक्ति नहीं है—यहाँ तक कि सबसे बड़ी शक्ति भी नहीं—और न ही उसे किसी रूप में बाँधा या नियन्त्रित किया जा सकता है।

परमेश्वर पालनहार है। वही है जो जीवन और श्वास का दाता है। वह पालनहार परमेश्वर मनुष्यों के हाथों की सेवा पर निर्भर नहीं है, न ही उसे किसी प्रकार के पोषण की आवश्यकता है।

परमेश्वर शासक है। वह राष्ट्रों पर अधिकार रखते है। इतिहास, भूगोल, सरकारें—पूरी सृष्टि—सब उसके नियन्त्रण में है। कोई भी घटना हमारे परमेश्वर को चौंका नहीं सकती; वह मनुष्य के पापपूर्ण कार्यों तक को अपनी योजना में सम्मिलित कर सकता है। इसके अलावा, एक शासक के रूप में, उसने हर व्यक्ति को एक निश्चित स्थान और समय में रखा है, ताकि हम परमेश्वर को खोजें, उसे पाएँ और उसके पवित्र नाम की स्तुति करें।

परमेश्वर पिता है। मनुष्य उसके “वंशज” हैं (प्रेरितों 17:28), और इस अर्थ में कि उसने आदम से लेकर प्रत्येक मनुष्य को जीवन दिया है, वह हर मनुष्य का पिता है (लूका 3:38)। उसने हम सबको अपने स्वरूप में बनाया है। हम नैतिक प्राणी हैं, जिनमें सही और गलत का ज्ञान है और हम वास्तव में केवल तभी फल-फूल सकते हैं, जब हम उसके साथ सम्बन्ध में होते हैं।

परमेश्वर न्यायी है। उसे पूरी पृथ्वी पर अधिकार प्राप्त है। एक न्याय का दिन आएगा, जो निष्पक्ष और अन्तिम होगा, जब हर अन्याय का निपटारा किया जाएगा और हर बुराई को सुधारा जाएगा। वास्तव में, परमेश्वर पहले ही अपने पुत्र यीशु के द्वारा इस संसार में हस्तक्षेप कर चुका है, और यीशु के पुनरुत्थान के द्वारा उसने उसे न्यायाधीश के रूप में नियुक्त क दिया है। यह परमेश्वर की कृपा और धैर्य है कि उसने न्याय के दिन की घोषणा पहले से कर दी है, ताकि हम उस दिन से पहले पश्चाताप कर लें और उससे क्षमा प्राप्त करें।

परमेश्वर किसी की भी मात्र धार्मिक अभिरुचि के लिए ही पर्याप्त नहीं है—बल्कि वह उससे कहीं अधिक महान है। वह आपके और मेरे लिए, हमारी हर चिन्ता और दुख के लिए पर्याप्त रूप से बड़ा है। वह हर बौद्धिक जिज्ञासा को सन्तुष्ट करने और हर भावनात्मक अभिलाषा को पूरा करने के लिए पर्याप्त रूप से बड़ा है—और अन्ततः, वह जीवन जीने के लिए भी पर्याप्त रूप से बड़ा है। आप परमेश्वर को जितना अधिक सही रूप में जानेंगे, उतना ही अधिक खुशी से आप उसकी आज्ञा का पालन करेंगे और उसके विषय में आनन्द से भरकर आत्मविश्वास से बातें करेंगे।

  यशायाह 44:6-8

◊ पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: भजन 113–115; 2 कुरिन्थियों 2


[1] योर गॉड इज़ टू स्मॉल: ए गाईड फॉर बिलिवर्स ऐण्ड स्कैप्टिक्स अलाईक (टचस्टोन, 2004), पृ. 8.

22 अगस्त : अपने निम्नतर स्तर पर परमेश्वर को पाना

Alethia4India
Alethia4India
22 अगस्त : अपने निम्नतर स्तर पर परमेश्वर को पाना
Loading
/

“यूसुफ के स्वामी ने उसको पकड़कर बन्दीगृह में, जहाँ राजा के कैदी बन्द थे, डलवा दिया . . . पर यहोवा यूसुफ के संग-संग रहा और उस पर करुणा की, और बन्दीगृह के दारोगा के अनुग्रह की दृष्‍टि उस पर हुई।” उत्पत्ति 39:20-21

जब पोतीपर की पत्नी ने यूसुफ पर झूठा आरोप लगाया, तो एक बार फिर से वह अपने जीवन के निम्नतर स्तर पर पहुँच गया। इस बार उसे किसी गड्ढे में नहीं, बल्कि अन्धेरे कारागार में डाल दिया गया। उसका संसार पूरी तरह बिखर।

फिर भी, एक परमेश्वर-भक्त और सिद्धान्तों पर चलने वाले व्यक्ति के रूप में यूसुफ ने धैर्य बनाए रखा। उसने पोतीपर की पत्नी के प्रलोभन से भागने का निर्णय अपने धार्मिक विश्वास और शुद्धता के आधार पर लिया था। यूसुफ के लिए परमेश्वर का भय जेल के भय से कहीं बड़ा था। वह पोतीपर की पत्नी के साथ सम्बन्ध नहीं बना सकता था, क्योंकि ऐसा करना परमेश्वर के विरुद्ध पाप होता। यह तथ्य यूसुफ के लिए किसी भी आन्तरिक संघर्ष का अन्त था और निर्णय लेने के लिए पर्याप्त था।

ऐसा ही दृष्टिकोण हमें भी संकीर्ण मार्ग पर बनाए रखेगा। सच्ची निष्ठा व्यवहारिक सोच से नहीं, बल्कि सिद्धान्तों से आती है। यह जीवन के कोलाहल से दूर, एक शान्त स्थान पर निर्णय लेने की प्रक्रिया है। यह परिणामों की परवाह किए बिना आज्ञाकारिता है। यह परमेश्वर का जन बनने के लिए इतना दृढ़ निश्चय करना है कि जब पाप करने का दबाव सबसे अधिक हो या जब जीवन पूरी तरह से टूट जाए, तब भी हमें पता हो कि हमें कैसे प्रतिक्रिया देनी है।

जब यूसुफ ने अन्यायपूर्ण पीड़ा सही, तब परमेश्वर ने अपने प्रेम का प्रदर्शन किया और उसे जेल के अधिकारी की दृष्टि में अनुग्रह प्रदान किया। कहानी में कहीं भी ऐसा संकेत नहीं है कि यूसुफ ने परिस्थितियों को अपने पक्ष में करने की कोशिश की थी—और यदि वह किसी मित्र या सहायक की तलाश में भी होता, तो उसे कभी उम्मीद नहीं होती कि जेल का अधिकारी ही उसका सहायक बन जाएगा! लेकिन परमेश्वर की योजनाएँ कुछ और ही थीं। प्रभु की उपस्थिति उसके लोगों के साथ सबसे कठिन परिस्थितियों में भी बनी रहती है।

समय-समय पर हम सभी को ऐसा लगता है कि हम भी किसी “कारागार”—जीवन के एक नए निम्न स्तर पर में हैं, जहाँ हमें ठण्डे एकान्त ने जकड़ लिया हो। शायद आज आप भी वैसा ही महसूस कर रहे हों। हो सकता है कि आप भी यूसुफ की तरह झूठे आरोपों के शिकार हुए हों, या प्रभु के प्रति आपकी आज्ञाकारिता की कीमत चुका रहे हों, या फिर कोई और भारी बोझ आपकी आत्मा को थका रहा हो। लेकिन चाहे जो भी हो, प्रभु सब कुछ जानता है। वह कभी किसी चीज़ से चौंकता नहीं है, और वह आपसे अनन्त प्रेम करता है। उसका प्रेम अटल है और परिस्थितियों से नहीं बदलता। उसने आपसे इतना प्रेम किया कि उसने मृत्यु की काल-कोठरी और नरक की यातना को सह लिया ताकि आपको ऐसा कभी न करना पड़े। इस सच्चाई में शान्ति पाएँ कि जैसा भविष्यवक्ता जकर्याह ने कहा, “जो तुम को छूता है, वह [परमेश्वर की] आँख की पुतली ही को छूता है” (जकर्याह 2:8)।

लूका 8:22-39

पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: भजन 110–112; 2 कुरिन्थियों 1 ◊

21 अगस्त : अब और तब

Alethia4India
Alethia4India
21 अगस्त : अब और तब
Loading
/

“क्योंकि मेरे लिए जीवित रहना मसीह है, और मर जाना लाभ है। पर यदि शरीर में जीवित रहना ही मेरे काम के लिए लाभदायक है तो मैं नहीं जानता कि किसको चुनूँ। क्योंकि मैं दोनों के बीच अधर में लटका हूँ; जी तो चाहता है कि कूच करके मसीह के पास जा रहूँ, क्योंकि यह बहुत ही अच्छा है, परन्तु शरीर में रहना तुम्हारे कारण और भी आवश्यक है।” फिलिप्पियों 1:21-24

क्या आपको याद है जब बचपन में आप अपने रिश्तेदारों से मिलने जाया करते थे? शायद कुछ मुलाकातें ऐसी थीं जिनका आपको डर रहता था क्योंकि जिनसे आप मिलने जा रहे थे, वे आपके करीबी नहीं थे या आप उनके साथ सहज महसूस नहीं करते थे। लेकिन फिर कुछ विशेष मुलाकातें भी थीं, उन लोगों के साथ जिन्हें आप वास्तव में प्यार करते थे। शायद उनके दरवाजे पर पहुँचकर आपका स्वागत आपको गले से लगाकर किया जाता हो या ताज़ा बेक किए हुए कुकीज़ की खुशबू से किया जाता हो। आप उनसे मिलने के लिए उत्साहित रहते थे! वे आपके लिए अनमोल थे, और आप उनकी उपस्थिति में रहने के लिए उत्सुक रहते थे।

प्रेरित पौलुस के लिए ऐसा व्यक्ति स्वयं यीशु था। पौलुस कैद में रहते हुए भी आनन्दित रहता था, क्योंकि मसीह उसके लिए इतना महत्त्वपूर्ण था। वह उस समय की प्रतीक्षा में था, जब उसे यीशु की उपस्थिति में बुलाया जाएगा। यीशु उसके लिए सब कुछ था।

क्या आप और मैं यीशु के बारे में ऐसा कह सकते हैं? या फिर हमारी खुशी केवल सांसारिक चीज़ों पर आधारित है—जैसे हमारी शादी, बच्चे, आजीविका, या प्रभाव? यदि आपकी आत्मा की सारी उत्तेजना और आपकी पहचान केवल सांसारिक चीज़ों में ही बंधी हुई है, तो यीशु के साथ होने की चाहत फीकी पड़ जाती है। इसलिए यह याद रखना बुद्धिमानी होगी कि हमारी असली पहचान उसी में है, क्योंकि एक दिन हमें बाकी सब कुछ पीछे छोड़ना होगा।

आपने शायद यह कहावत सुनी होगी कि कोई व्यक्ति इतना अधिक स्वर्गिक विचारों में लीन हो सकता है कि वह पृथ्वी पर किसी काम का न रहे। लेकिन हम इतने सांसारिक विचारों में भी उलझ सकते हैं कि स्वर्ग के लिए बेकार हो जाएँ। कई बार, हमें यह इच्छा होती है कि हमें अभी और यहीं पर सम्पूर्ण स्वास्थ्य, दुखों का अन्त और एक निश्चिन्त जीवन मिल जाए। लेकिन वास्तविकता यह है कि हमें प्रियजनों को खोना पड़ेगा, अस्पतालों से डरावनी रिपोर्टें मिलेंगी, और हमें निराशा व आपदाओं का सामना करना पड़ेगा। यह सब हमारे “अभी” का हिस्सा है। इस पत्र में पौलुस की दुविधा थी कि “अभी” और “आगे” के बीच सन्तुलन कैसे बनाए रखा जाए। हालाँकि वह इस संसार से जाने की लालसा रखता था, लेकिन यह इसलिए नहीं था कि वह अपनी वर्तमान परिस्थितियों से भागना चाहता था। निस्सन्देह उसने कई कठिन परीक्षाओं का सामना किया, लेकिन उसके लिए स्वर्ग केवल सांसारिक पीड़ा से राहत नहीं था। वह जीवन से बचकर मृत्यु की ओर भाग नहीं रहा था, बल्कि वह यीशु के साथ रहने की अभिलाषा कर रहा था क्योंकि वह जानता था कि वह अनुभव कितना अद्‌भुत होगा।

वर्तमान में विश्वासयोग्य जीवन जीते हुए यीशु के साथ होने की वास्तविकता की प्रतीक्षा करना हम सभी के लिए सीखने योग्य बात है। पौलुस जानता था कि जब तक उसके भीतर साँस थी, तब तक उसे अपने सांसारिक कार्यों को निष्ठापूर्वक पूरा करना था, जब तक कि मसीह उसे स्वर्ग में अपने पास न बुला ले। इसलिए कुछ समय निकालकर यीशु को उसकी सम्पूर्ण प्रेमपूर्ण महिमा में देखते हुए चिन्तन करें। फिर इस महान सच्चाई का आनन्द लें कि एक दिन वह अपनी महिमा में आपका स्वागत करेगा। और फिर यह विचार करें कि उस क्षण तक पहुँचने का द्वार मृत्यु ही है। यही आपका भविष्य है। एक दिन, यह आपका वर्तमान होगा। और तब तक, आप वही कर सकते हैं जो पौलुस ने किया—मसीह के लिए पूर्ण समर्पण के साथ जीवन जीएँ, यह जानते हुए कि मृत्यु केवल लाभ ही होगी।

2 तीमुथियुस 4:6-18

◊ पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: भजन 107–109; गलातियों 6

20 अगस्त : चुनाव का क्षण

Alethia4India
Alethia4India
20 अगस्त : चुनाव का क्षण
Loading
/

“विश्‍वास ही से मूसा ने सयाना होकर फ़िरौन की बेटी का पुत्र कहलाने से इनकार किया। इसलिए कि उसे पाप में थोड़े दिन के सुख भोगने से परमेश्‍वर के लोगों के साथ दुख भोगना अधिक उत्तम लगा।” इब्रानियों 11:24-25

हम एक ही समय में संसार के दोस्त और परमेश्वर के दोस्त नहीं हो सकते (याकूब 4:4)। जो लोग इस मध्य मार्ग पर चलने की कोशिश करते हैं, वे एक न एक दिन अवश्य समझ जाते हैं कि यह कितना निरर्थक और व्यर्थ है: और क्रिस क्रिस्टोफर्सन के शब्दों में यह हमें “एक चलता-फिरता विरोधाभास” बना देता है।[1]

फिरौन की बेटी के दत्तक पुत्र के रूप में मूसा को सामाजिक स्थिति, शारीरिक आराम और भौतिक सम्पत्ति का आनन्द मिला। एक इस्राएली के रूप में फिरौन के दरबार से बाहर उसे केवल गुमनामी, दरिद्रता और गुलामी ही मिलती। मूसा जानता था कि फिरौन के दरबार में रहना उसके लिए हर सांसारिक दृष्टिकोण से बेहतर होता। वह यह सोच सकता था कि इससे उसे परमेश्वर के लोगों के पक्ष में प्रभाव डालने का मौका मिलेगा, जो तब सम्भव नहीं होगा यदि वह दरबार को छोड़कर उनके साथ जा मिलता है।

लेकिन मूसा फिरौन के परिवार में नहीं रुका। इसके बजाय, उसने मिस्र की नागरिकता के लाभों को त्याग दिया और एक दीन-हीन, तिरस्कृत, उत्पीड़ित समूह के साथ एक हो गया, जिनके पास कोई राजनीतिक अधिकार नहीं थे। क्यों? कोई क्यों इतने कम को अपनाने के लिए इतने अधिक को छोड़ देगा?

उत्तर यह है कि मूसा ने महसूस किया कि वह परमेश्वर के लोगों और मिस्रियों के साथ एक ही समय में एक नहीं हो सकता। वह जान गया था कि वह या तो अपने लोगों के साथ गुलाम होगा या फिरौन के दरबार में समझौता करने वाला बनकर रहेगा। यह नहीं हो सकता था कि एक ओर तो वह कहे कि वह एक इस्राएली था जो अपने पूर्वजों के परमेश्वर में विश्वास करता था और साथ ही एक मिस्री के रूप में भी जीवन जीए।

हमें बताया गया है कि मूसा ने “मसीह के कारण” अपमान और कठिनाई को चुन लिया (इब्रानियों 11:26)—उस एक के लिए, जो हव्वा के वंश और अब्राहम के परिवार से आने पर था और जो उनके लिए परमेश्वर की सभी प्रतिज्ञाओं को पूरा करने पर था (उत्पत्ति 3:16; 12:1-3)। उसका यह निर्णय वही था जैसा एक सहस्राब्दी के बाद प्रेरित पौलुस ने लिया था, जिसकी पृष्ठभूमि बिल्कुल “सही” थी—शिक्षा, सटीकता, और वंश—फिर भी उसने कहा, “मैं अपने प्रभु मसीह यीशु की पहचान की उत्तमता के कारण सब बातों को हानि समझता हूँ” (फिलिप्पियों 3:8)।

मूसा ने एक क्रान्तिकारी निर्णय लिया—ऐसा निर्णय जो हम में से कुछ लोगों को भी लेने की आवश्यकता है। शायद आपकी पृष्ठभूमि मूसा के समान है; बचपन से ही आपकी सारी भौतिक जरूरतें बड़ी आसानी से पूरी हुई हैं और इस संसार में आपके पास बहुत बड़ी सफलता की सम्भावनाएँ हैं। हालाँकि, हम जो भी हैं और जहाँ से भी आए हैं, हम सभी को उसी निर्णय का सामना करना पड़ता है जिसका सामना मूसा ने किया था। क्या हम संसार के दोस्त होंगे या परमेश्वर के दोस्त? कोई मध्य मार्ग नहीं है। क्या आज आप संसार के मापदण्डों से जीएँगे, संसार के हँसी-ठट्ठे पर हँसेंगे, संसार की विधियों का पालन करेंगे, और संसार की प्राथमिकताओं को अपनाएँगे? या क्या आप यीशु मसीह के साथ खड़े होंगे, पूरी तरह से विरोध का सामना करेंगे, अपना ध्वज लहराएँगे, और शब्दों तथा कामों से यह स्वीकार करेंगे कि वह आपका प्रभु है? शायद आज वह दिन है जब आपको पहली बार, या लम्बे समय के बाद “विश्वास के द्वारा” जीने और वह क्रान्तिकारी निर्णय लेने की जरूरत है।

लूका 18:18-30

पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: भजन 105–106; गलातियों 5 ◊


[1] “द पिलग्रिम, अध्याय 33” (1971).

19 अगस्त : सच्चा राजा

Alethia4India
Alethia4India
19 अगस्त : सच्चा राजा
Loading
/

“यह कटोरा मेरे उस लहू में जो तुम्हारे लिए बहाया जाता है नई वाचा है।” लूका 22:20

यीशु ने परमेश्वर की प्रतिज्ञाओं को पूरा किया है और उनके हरेक आशीर्वाद को वितरित किया है। उसने नए वाचा का आरम्भ कर दिया है और असली राजा के रूप में अपनी लम्बे समय से प्रतीक्षित भूमिका ग्रहण कर ली है। यीशु से ही हरेक आशीर्वाद बहता है। उसके माध्यम से हर प्रतिज्ञा पूरी होती है। उसे ही सारी महिमा दी जाती है।

मसीही लोग इन सत्यों को प्रभु भोज की मेज पर स्वीकार करते हैं, जब हम प्याला लेते हैं और याद करते हैं कि यीशु ने अपना रक्त बहाया। यह नई वाचा का रक्त था, जो हमारे पापों की माफी के लिए बहाया गया था। क्रूस पर यीशु ने वह दण्ड अपने ऊपर ले लिया जो हमें मिलना चाहिए था, ताकि पापी लोग, जो उसकी दया और कृपा के पात्र नहीं हैं, क्षमा के आशीर्वाद का आनन्द ले सकें।

इसका अर्थ है कि जब हम यीशु में विश्वास करते हैं, तो हम यह सुनिश्चित कर सकते हैं कि उसने हमारे पाप और उसके न्याय को अपने ऊपर ले लिया है और बदले में हमें अपनी सारी धार्मिकता दे दी है। यीशु उस मृत्यु से मरा, जो हमें मिलनी चाहिए थी। उसने वह सम्पूर्ण जीवन जीया, जो हम नहीं जी सकते थे। परमेश्वर ने अपने पुत्र के माध्यम से हमें अपनी क्षमा की चादर में लपेट लिया है। हमें कभी भी यह सच नहीं भूलना चाहिए कि हमारे बारे में ये बातें विश्वास के द्वारा सच हैं।

पुराने नियम के भविष्यद्वक्ताओं ने स्पष्ट रूप से कहा था: एक राजा आएगा जो दाऊद का वंशज होगा, और वह परमेश्वर की प्रतिज्ञाओं को पूरा करेगा। वह परमेश्वर का राज्य स्थापित करेगा, एक नया युग लाएगा, और बुराई के प्रभावों से निपटेगा। क्रूस पर लटका हुआ यीशु किसी राजा जैसा नहीं दिखता था, लेकिन यह उसकी महानतम विजय का क्षण था। और जब यीशु कब्र से बाहर आया, तो उसके पुनरुत्थान ने यह घोषणा की कि वह सिर्फ दाऊद का पुत्र नहीं था, बल्कि परमेश्वर का पुत्र था, जो मृत्यु को भी पराजित कर सकता था।

सारा अधिकार उसी के पास है और अनन्त कृपा और दया की धारा उसी के माध्यम से बहती है। जो इस शक्ति का स्रोत है, केवल वही दिलों को बदल सकता है और हमारी आत्माओं के प्रेम के योग्य सिद्ध हो सकता है।

यीशु अभी पिता के दाहिने हाथ विराजमान होकर राज्य करता है, लेकिन वह उन लोगों के दिलों में भी राज्य करता है जो उस पर विश्वास करते हैं। आज का दिन खोए हुए लोगों के लिए सबसे अच्छा दिन है कि वे अपने विद्रोही हथियारों को नीचे रख दें, इस योग्य राजा के सामने विनम्रता से झुकें, स्वीकार करें कि वह वही उद्धारकर्ता है जिसकी उन्हें इतनी अधिक आवश्यकता है, और उससे अपने जीवन की राजगद्दी पर राज्य करने का अनुरोध करें। क्या मसीह आपका राजा है? तो उसके अनुयायी के रूप में उसकी आराधना और स्तुति करें, और उसके राजदूत के रूप में जाएँ और दूसरों को इस आशा के बारे में बताएँ जिसे आपने पाया है।

1 कुरिन्थियों 15:12-28

◊ पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: भजन 103–104; गलातियों 4