ArchivesTruth For Life

1 अगस्त : सच्चा धन

Alethia4India
Alethia4India
1 अगस्त : सच्चा धन
Loading
/

“परमेश्‍वर के राज्य में धनवान के प्रवेश करने से ऊँट का सूई के नाके में से निकल जाना सहज है!” मरकुस 10:25

धनवानों का जीवन अक्सर आसान होता है। पैसा कई दरवाजे खोलता है। शिक्षा, स्वास्थ्य देखभाल, यात्रा और मनोरंजन जैसे क्षेत्रों में हमें अक्सर यह देखने को मिलता है कि अधिक धन होने से चीज़ें अधिक सुगम हो जाती हैं। कोई आश्चर्य नहीं कि धन को अक्सर “सार्वभौमिक पासपोर्ट” कहा जाता है!

लेकिन एक महत्त्वपूर्ण दरवाजा ऐसा भी है, जिसे धन अपने आप नहीं खोल सकता। धनवान युवा अगुवे ने पाया कि अनन्त जीवन की खोज में उसके धन ने कोई सहायता नहीं की बल्कि वह उसके लिए एक बाधा बन गया। अपनी सम्पत्ति को छोड़ने और यीशु का अनुसरण करने की अनिच्छा ने उद्धार के लिए उसके मार्ग को बन्द कर दिया, और इसलिए वह उदास हो गया तथा मसीह के साथ अपनी बातचीत को रोककर चला गया—उसके पास अब भी उसका धन था, लेकिन उसकी आत्मा खतरे में थी (मरकुस 10:22)।

इस युवक की उदासी से अधिक गहरी उदासी यीशु की थी। वह जानता था कि सांसारिक सम्पत्ति पर भरोसा करना कितना आसान है और वास्तव में महत्त्वपूर्ण चीजों से दृष्टि खो देना कितना खतरनाक है। और जिस दृष्टिकोण से यीशु ने धनवान युवा अगुवे को देखा, वह सुसमाचार में उसके अन्य उपदेशों के अनुरूप था। उदाहरण के लिए, एक बार उसने एक किसान की कहानी सुनाई जिसने अपने खलिहान तोड़कर और बड़े खलिहान बनाए (लूका 12:13-21)।

यह एक वैध निर्णय था, लेकिन वह मूर्ख था क्योंकि उसने अपने धन को अपनी आत्मा की सुरक्षा का मापदण्ड मान लिया। उसने अपने आप से कहा, “प्राण, तेरे पास बहुत वर्षों के लिए बहुत सम्पत्ति रखी है; चैन कर, खा, पी, सुख से रह” (वचन 19)। लेकिन यीशु ने उसे मूर्ख कहा, क्योंकि वह मृत्यु के लिए तैयार नहीं था, और धन उसे मृत्यु से नहीं बचा सकता था (वचन 20)। आखिरकार, “यदि मनुष्य सारे जगत को प्राप्त करे, और अपने प्राण की हानि उठाए, तो उसे क्या लाभ होगा?” (मत्ती 16:26)।

अक्सर हम भी सांसारिक सम्पत्ति में अपनी सुरक्षा खोजने की गलती करते हैं। हम या तो अधिक सम्पत्ति इकट्ठा करके या दूसरों को दान देकर अपने नाम और प्रतिष्ठा के लिए ऐसा करते हैं। लेकिन अन्ततः, यदि हम गलत चीजों को अधिक मूल्यवान समझते हैं और वास्तविक रूप से अनमोल चीजों को नज़रअंदाज़ करते हैं, तो हम उसी मूर्खता में पड़ जाते हैं (“मिस्टर बिजनेसमैन” शीर्षक वाले गीत के शब्दों में)।[1]

हमारे पास जो कुछ भी है या हम जो कुछ भी करते हैं, वह हमें मृत्यु से बचाने और अनन्त जीवन में ले जाने के लिए हमारा मार्ग प्रशस्त नहीं कर सकता। जब वह धनी युवक दुखी होकर चला गया, तब यीशु ने अपने शिष्यों से कहा, “मनुष्यों से यह नहीं हो सकता, परन्तु परमेश्वर से हो सकता है; क्योंकि परमेश्वर से सब कुछ हो सकता है” (मरकुस 10:27)। धन का सबसे बड़ा खतरा यह है कि यह हमें गर्व और आत्मनिर्भरता में डाल सकता है, जिससे हम भूल सकते हैं कि केवल परमेश्वर ही हमारा उद्धारकर्ता है।

यदि यीशु आपसे कहे कि उसके सेवाकार्य के लिए आप अपने धन को छोड़ दें, तो क्या आप ऐसा करने के लिए तैयार होंगे? या फिर आप उदास होकर चले जाएँगे क्योंकि यह मांग आपके लिए बहुत बड़ी होगी और कीमत बहुत अधिक होगी? यदि आप अपने धन या संसाधनों पर भरोसा कर रहे हैं, तो उस सोच से पश्चाताप करें और परमेश्वर की दया से मिलने वाले उद्धार में आनन्दित हों। परमेश्वर जो कर सकता है, वह किसी रहस्य के समान छिपा नहीं है। जो कोई भी उसके पास आता है, उसे वह कभी अस्वीकार नहीं करेगा।

  लूका 12:13-21

◊ पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: भजन 57–59; प्रेरितों 21:18-40


[1] रेय स्टीवंस, “मिस्टर बिजनेसमैन” (1968).

31 जुलाई : विश्वास में कदम उठाना

Alethia4India
Alethia4India
31 जुलाई : विश्वास में कदम उठाना
Loading
/

“विश्‍वास ही से अब्राहम जब बुलाया गया तो आज्ञा मानकर ऐसी जगह निकल गया जिसे मीरास में लेने वाला था; और यह न जानता था कि मैं किधर जाता हूँ, तौभी निकल गया।” इब्रानियों 11:8

यदि हम यह समझने का प्रयास करना चाहते हैं कि विश्वास को क्रिया में कैसे बदलें और परमेश्वर के वचन को सत्य मानकर अपने जीवन में कैसे उतारें, तो हमें अब्राहम के जीवन से बेहतर उदाहरण और कहीं नहीं मिलेगा। रोमियों की पुस्तक में उसे सभी विश्वासियों का पिता कहा गया है (रोमियों 4:16)। उसने यह “निश्चय जाना कि जिस बात की उसने प्रतिज्ञा की है, वह उसे पूरा करने में भी समर्थ है” (पद 21), और यही विश्वास था जिसने उसे आज्ञाकारिता और क्रिया में प्रेरित किया।

परमेश्वर का अब्राहम को बुलावा महंगा और अटपटा था: “यहोवा ने अब्राम से कहा, ‘अपने देश, और अपने कुटुम्बियों, और अपने पिता के घर को छोड़कर उस देश में चला जा जो मैं तुझे दिखाऊँगा’” (उत्पत्ति 12:1)। अब्राहम से कहा गया था कि वह अपना देश, अपने मित्रों और अपने विस्तारित परिवार को छोड़ दे—अर्थात जो कुछ भी वह जानता था और जो उसे प्रिय था, वह सब छोड़ दे। लेकिन परमेश्वर ने केवल आज्ञा नहीं दी, बल्कि उसने अब्राहम को नए देश में आशीर्वाद देने का वादा किया कि वह उसे “एक बड़ी जाति” बनाएगा और उसका नाम महान करेगा (पद 2)।

और अब्राहम ने आज्ञा मानी और निकल पड़ा।

कोई ऐसा क्यों करेगा? अब्राहम के पास परमेश्वर की आज्ञा और उसके साथ दिए गए वादों के अतिरिक्त और कुछ नहीं था। लेकिन यही उसके लिए पर्याप्त था! यही विश्वास है जो क्रिया में बदलता है। यही वह विश्वास है जो हर दिन और हर पीढ़ी में होना चाहिए: परमेश्वर के वचन को सत्य मानना और आज्ञाकारिता में कदम बढ़ाना।

एक बार मैंने स्कॉटलैंड के एक पासबान ग्राहम स्क्रॉगी को कहते सुना, “परमेश्वर का बुलावा कभी भी व्यक्ति को वहाँ नहीं छोड़ता जहाँ वह है। वास्तव में, यदि हम तब आगे नहीं बढ़ते जब परमेश्वर कहता है ‘जाओ,’ तो हम स्थिर नहीं रह सकते।” विश्वास में कदम न बढ़ाना हमें पीछे की ओर ले जाता है, भले ही हम एक भी कदम न उठाएँ।

लेकिन अब्राहम ने आगे बढ़ते हुए कदम उठाया। उसने आज्ञाकारिता में प्रस्थान किया, “यह नहीं जानते हुए कि वह कहाँ जा रहा था।” उसके लिए यह पर्याप्त था कि परमेश्वर ने उसे जाने के लिए कहा था, और इसलिए उसे यह जानने की आवश्यकता नहीं थी कि उसकी मंजिल क्या थी। और विश्वास में कदम बढ़ाकर अब्राहम ने परमेश्वर की योजना में कदम रख दिया, जो उसके लोगों को बचाने और अपनी संसार को आशीर्वाद देने की योजना थी। अब्राहम यह जानने वाला था कि वही जगह सबसे सही है जहाँ परमेश्वर आपको रखना चाहता है, और वही उद्देश्य सबसे महत्त्वपूर्ण है जिसे परमेश्वर आपसे पूरा करवाना चाहता है।

क्या परमेश्वर अपने वचन के माध्यम से आपसे कह रहा है कि आप विश्वास और आज्ञाकारिता में आगे बढ़ें? तो “यदि आज तुम उसका शब्द सुनो, तो अपने मनों को कठोर न करो” (इब्रानियों 3:15)। परमेश्वर की आज्ञा शायद आपके द्वारा योजना बनाई गई और सोची गई सभी चीजों के विपरीत हो, और यह आपसे वह सब छोड़ने की मांग कर सकती है जो आपके लिए सुरक्षा का प्रतीक है—लेकिन यदि वह बुला रहा है, तो आपको जाना ही होगा।

रोमियों 4

पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: भजन 54–56; प्रेरितों 21:1-17 ◊

30 जुलाई : हमारी निर्बलता में उसकी शक्ति

Alethia4India
Alethia4India
30 जुलाई : हमारी निर्बलता में उसकी शक्ति
Loading
/

“तब यहोवा ने गिदोन से कहा, ‘जो लोग तेरे संग हैं वे इतने हैं कि मैं मिद्यानियों को उनके हाथ नहीं कर सकता, नहीं तो इस्राएली यह कहकर मेरे विरुद्ध अपनी बड़ाई मारने लगेंगे कि हम अपने ही भुजबल के द्वारा बचे हैं। इसलिए तू जाकर लोगों में यह प्रचार करके सुना दे, “जो कोई डर के मारे थरथराता हो, वह गिलाद पहाड़ से लौटकर चला जाए।”‘ तब बाइस हज़ार लोग लौट गए, और केवल दस हज़ार रह गए।” न्यायियों 7:2-3

परमेश्वर का उद्देश्य हर युग में अपने लोगों के लिए यह है कि हम पूरी तरह से उस पर निर्भर रहें। जब परमेश्वर ने गिदोन को इस्राएलियों को बचाने के लिए बुलाया, तो उसे एक अत्यधिक कठिन कार्य का सामना करना पड़ा: उसकी सेना को मिद्यानियों का सामना करना था। कहा जाता है कि उनकी सेना टिड्डी-दल की तरह विशाल थी, और “उनके ऊँट समुद्र तट की बालू के किनकों के समान गिनती से बाहर थे” (न्यायियों 7:12)। इसकी तुलना में गिदोन की 32,000 की सेना बहुत छोटी थी।

और फिर परमेश्वर ने उससे कहा, “जो लोग तेरे संग हैं वे इतने हैं कि मैं मिद्यानियों को उनके हाथ नहीं कर सकता।” और इस प्रकार 22,000 लोग सेना से चले गए। निस्सन्देह गिदोन गणना कर रहा था और सोच रहा था कि वह इतने कम सैनिकों के साथ इतनी बड़ी ताकत का मुकाबला कैसे कर सकता है। उसे यह नहीं पता था कि वह कमजोरी की आवश्यकता के बारे में एक सबक सीखने जा रहा था।

परमेश्वर हमारे हालात में हमेशा काम करता है, ताकि हम अपनी पूरी निर्भरता उस पर डाल सकें और उसके उद्धार के लिए अधिक गहरी स्तुति अर्पित कर सकें। जैसे आज हमारे जीवन में है, वैसे ही गिदोन के जीवन में भी परमेश्वर ने इस तथ्य को सुनिश्चित कर दिया कि वही एकमात्र परमेश्वर हैं। उसकी महिमा न तो किसी और के साथ साझा की जाएगी और न ही कोई और उसे चुराएगा। सीधे शब्दों में कहें, तो परमेश्वर पूरी तरह सक्षम हैं; हम नहीं हैं। तब भी और अब भी, वह हमें हमारी कमजोरी को विनम्रता से स्वीकारने की आवश्यकता दिखाता है, ताकि हम उसकी महानता को बढ़ा सकें।

सच तो यह है कि हमारा अहंकार अपनी सबसे अधिक कुरूपता तब दिखाता है जब वह आध्यात्मिक अहंकार के रूप में प्रकट होता है—जब हम अपने अनुभवों पर या परमेश्वर के लिए अपनी सफलताओं पर गर्व करने लगते हैं। यही प्रवृत्ति उन “बड़े से बड़े प्रेरितों” की थी, जिनका उल्लेख पौलुस ने 2 कुरिन्थियों 12:11 में किया था; वे बहुत शक्तिशाली लगते थे, उनके पास यह बताने के लिए ढेरों कहानियाँ थीं कि कैसे वे आत्मा की शक्ति से भरे हुए थे। लेकिन पौलुस ने बस इतना कहा, “यदि मैं घमण्ड करना चाहूँ भी तो मूर्ख न हूँगा, क्योंकि सच बोलूँगा; तौभी रुक जाता हूँ, ऐसा न हो कि जैसा कोई मुझे देखता है या मुझसे सुनता है, मुझे उससे बढ़कर समझे” (पद 6)। वह समझ गया था कि विनम्रता, कमजोरी, और अपर्याप्तता वे कुंजियाँ हैं, जो परमेश्वर के राज्य में उपयोगिता के लिए आवश्यक हैं।

इसीलिए परमेश्वर ने गिदोन की सेना को और भी घटाकर केवल 300 कर दिया (न्यायियों 7:7)। वह अपना उद्देश्य इतनी छोटी संख्या में लोगों से पूरा करने जा रहा था कि जब जीत प्राप्त होती, तो सभी को यह पता चलता कि जीत का स्रोत कौन था। और अपनी दया में होकर परमेश्वर आज भी हमारे लिए यही करता है। वह हमें याद दिलाता है कि जो लोग उसके उद्देश्य और योजना के लिए सबसे अधिक उपयोगी होते हैं, वे ऐसे लोग होते हैं, जो संसार की नजर में कार्य को पूरा करने के लिए सक्षम नहीं होते—क्योंकि तब यह स्पष्ट हो जाता है कि यह उसका काम है, न कि उनका।

यदि आप अपने घमण्ड और आत्मनिर्भरता को पकड़े रखना चाहते हैं, तो यह आपके लिए बुरी खबर है। यदि आप प्रशंसा प्राप्त करना चाहते हैं, तो यह आपके लिए बुरी खबर है। लेकिन यह आपके लिए अद्‌भुत खबर है यदि आप जानते हैं कि आप उन कार्यों के लिए अपर्याप्त हैं जो परमेश्वर ने आपके सामने रखे हैं। आज आप जिन भी समस्याओं का सामना कर रहे हैं, उनमें से कौन सी समस्याओं का समाधान करने में आप अपने आप को पूरी तरह से अयोग्य मानते हैं? उस पर निर्भर रहें और आज्ञाकारिता में आगे बढ़ें, और आप पाएँगे कि उसकी शक्ति आपकी कमजोरी में प्रकट होती है (2 कुरिन्थियों 12:9-10)—और आप उसकी अधिक प्रशंसा करेंगे।

न्यायियों 7:1-23

◊ पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: भजन 51–53; प्रेरितों 20:17-38

29 जुलाई : हस्तक्षेप को स्वीकार करना

Alethia4India
Alethia4India
29 जुलाई : हस्तक्षेप को स्वीकार करना
Loading
/

“जब वह मन्दिर में टहल रहा था तो प्रधान याजक और शास्त्री और पुरनिए उसके पास आकर पूछने लगे, ‘तू ये काम किस अधिकार से करता है? और यह अधिकार तुझे किस ने दिया है कि तू ये काम करे?’” मरकुस 11:27-28

हम में से कोई भी नहीं चाहता कि कोई दूसरा हमारे काम में हस्तक्षेप करे।

जब कोई हमारे ध्यान की या हमारे द्वारा आज्ञापालन किए जाने की मांग करता है, तो हम स्वाभाविक तौर पर नकारात्मक रूप से प्रतिक्रिया करते हैं। सामान्य तौर पर, हम नहीं चाहते कि लोग हमें बताएँ कि हमें क्या करना चाहिए, और विशेष रूप से आध्यात्मिक मामलों में तो बिल्कुल भी नहीं। यह हमेशा लुभावना होता है कि हम इस विचार को स्वीकार कर लें, जो आजकल बहुत लोकप्रिय है, कि हमारी आध्यात्मिकता किसी और का मामला नहीं है—यह एक व्यक्तिगत मामला है जो केवल हमसे सम्बन्धित है।

इसीलिए जब हम सुसमाचार पढ़ते हैं, तो हम विशेष रूप से असहज महसूस कर सकते हैं क्योंकि यह स्पष्ट हो जाता है कि यीशु हमारे जीवनों में हस्तक्षेप करता है। हाँ, यह हमारे भले के लिए है—लेकिन फिर भी, वह हस्तक्षेप करता है। वास्तव में, अपनी आत्मकथा में, सी.एस. लुईस ने यीशु को “आध्यात्मिक हस्तक्षेपकर्ता” कहा है।

यीशु के सेवाकार्य की आरम्भ से ही लोगों ने महसूस किया कि वह अधिकार के साथ बोलता था (मरकुस 1:22, 27 देखें)। वह इस प्रकार से बातें बोलता था कि उन्हें न तो टाला जा सकता था और न ही उन्हें आसानी से नकारा जा सकता था। लेकिन लोग उसकी बातों का प्रतिरोध करने और उन्हें अस्वीकार करने के लिए मुक्त थे। उसकी अधिकारपूर्ण शिक्षाएँ धार्मिक शिक्षकों के लिए बगल में कांटे की तरह बन गईं, और उन्होंने यीशु का विरोध करना आरम्भ कर दिया। आखिरकार, वे उसे मारने की साजिश रचने लगे ताकि उन्हें अपने आध्यात्मिक जीवन को यीशु के सामने खोलने की आवश्यकता न पड़े (मरकुस 3:6)।

धार्मिक नेताओं की तरह हम भी अक्सर एक व्यक्तिगत आध्यात्मिकता पसन्द करते हैं, जो हमारे उद्देश्यों और जीवनशैली द्वारा ढाली जाती है: “मैं यह मानता हूँ। मैं इस पर दृढ़ हूँ। हमने हमेशा से यह किया है। हमारी परम्परा यह है।” यीशु आकर इन सब विचारों को उलट देता है, और मनुष्य द्वारा बनाई गई मान्यताओं को पलट देता है।

वास्तव में, यीशु ने पृथ्वी पर अपने सेवाकार्य के अन्त के समय घोषणा की कि सारा अधिकार उसे दिया गया है (मत्ती 28:18-19)। वह उस अधिकार को किसी के साथ साझा नहीं करता। वास्तव में, हमारे आध्यात्मिक जीवन का दायित्व उस पर है। अब हम उसके सामने सिर झुका कर उसे प्रभु और उद्धारक के रूप में स्वीकार करते हैं, या फिर एक दिन हम उसके सामने सिर झुका कर उसे केवल न्यायाधीश के रूप में मिलेंगे।

यीशु को हमारे अस्तित्व के एक छोटे से कोने में जोड़ लेना आसान और गैर-हस्तक्षेपकारी है; लेकिन यह पूरी तरह से अलग बात है कि हम “आध्यात्मिक हस्तक्षेपकर्ता” को हमारे जीवन के हर पहलू को उसके नियन्त्रण में लेने और हमसे पूर्ण आज्ञाकारिता की मांग करने की अनुमति दें। उसका पूर्ण अधिकार वह विषय है जिस पर हमें हर निर्णय में विचार करना चाहिए। इसलिए हमें यह असहज करने वाला प्रश्न पूछना पड़ता है: क्या मैं अपनी प्राकृतिक इच्छाओं के अनुसार और अपने द्वारा बनाए गए नियमों के अनुसार जी रहा हूँ? या क्या मैं हर दिन और हर तरीके से अपने उद्धारक के प्रति खुशी-खुशी समर्पण करने का प्रयास कर रहा हूँ?

यह तभी सम्भव है जब हम यीशु के अधिकार के सामने झुकते हैं, उसके प्रभुत्व को हमारे समय, हमारे कौशल, हमारे पैसे, हमारी हरेक चीज पर स्वीकार करते हैं, केवल तभी हम उसे प्रभु और उद्धारक के रूप में पूरी तरह से अपनाने और उसे एक मित्र और मार्गदर्शक के रूप में जानने का आनन्द ले सकते हैं। क्या आप किसी भी तरह से उसे दूर रखे हुए हैं? यही वह स्थान है जहाँ वह आपको उसे हस्तक्षेप करने की अनुमति देने के लिए कहता है; यही वह स्थान है जहाँ आपके पास उसे उस व्यक्ति के रूप में सच्चे तौर पर स्वीकार करने का अवसर है, जिसके पास सारा अधिकार है। वह निश्चित रूप से आपके जीवन में हस्तक्षेप करेगा—लेकिन इसका अधिकार केवल उसी के पास है, और केवल वही आपको स्वतन्त्र कर सकता है।

दानिय्येल 7:9-14

पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: भजन 49–50; प्रेरितों 20:1-16 ◊

28 जुलाई : चलने वाले बनो

Alethia4India
Alethia4India
28 जुलाई : चलने वाले बनो
Loading
/

“वचन पर चलने वाले बनो, और केवल सुनने वाले ही नहीं जो अपने आप को धोखा देते हैं।” याकूब 1:22

विश्वासियों के रूप में, हमारे जीवन में परमेश्वर के वचन की सच्चाई के प्रति प्रशिक्षित और समर्पित मन होने चाहिए, और हमें अपनी परिस्थितियों को प्रार्थना से भरना चाहिए (फिलिप्पियों 4:6-8)। फिर भी, यदि हम हमारे भीतर काम कर रही परमेश्वर की शक्ति का अनुभव और आनन्द लेना चाहते हैं, तो हमें उसे अभ्यास में लाना होगा, जो हम पवित्र पवित्रशास्त्र में सुनते हैं। हमें हर दिन पवित्रशास्त्र पर ध्यान केन्द्रित करने में तत्पर रहना चाहिए, और जब परमेश्वर का वचन पढ़ा जा रहा हो तब उसमें उपस्थित रहना चाहिए, लेकिन हमें कभी यह नहीं सोचने की गलती करनी चाहिए कि सिर्फ उपस्थित होना, ध्यान देना और ध्यान से सुनना पर्याप्त है। पवित्रशास्त्र कहता है, “वचन पर चलने वाले बनो, और केवल सुनने वाले ही नहीं . . .।” (याकूब 1:22)।

यूहन्ना 13 में, यीशु अपनी मृत्यु से पहले की रात कुछ समय तक अपने शिष्यों को शिक्षा देने के बाद उनसे कहता है, “तुम ये बातें जानते हो, और यदि उन पर चलो तो धन्य हो” (यूहन्ना 13:17)। यदि आप सोचते हैं कि आप परमेश्वर का आशीर्वाद क्यों अनुभव नहीं कर रहे हैं, तो इसका कारण यह हो सकता है कि आप उसके वचन को अपने जीवन में लागू नहीं कर रहे हैं। प्रभु ने हमें समृद्ध निर्देश दिए हैं और उसने हमें हमारे सहायक के रूप में अपना आत्मा दिया है। अब हमारा दायित्व है कि हम अपने मन को परमेश्वर के वचन की सच्चाई में प्रशिक्षित करें और फिर जो हमने सीखा है, प्राप्त किया है, और सुना है, उसे करें।

यह कितने दुख की बात है जब कलीसियाएँ पुराने धूल भरे पुस्तकालयों जैसी बन जाती हैं, जहाँ इतने सारे जीवन होते हैं जो सच्चाई के खण्डों की तरह तो होते हैं, लेकिन बस वहाँ बैठे रहते हैं और कभी उपयोग में नहीं आते। जब हम सत्य के प्रति अधिक जागरूक होते हैं, तो प्रलोभन यह होता है कि हम सिर्फ बैठकर उस पर विचार करें और कभी भी उसके अनुसार कार्य न करें। याकूब इस प्रकार के जीवन को बहुत स्पष्ट शब्दों में बताता है: यह अपने आप को धोखा देना है। नहीं—कलीसिया को तो जीवित अनुभवों का एक भवन होना चाहिए। विश्वासियों के भीतर एक जीवन्तता होनी चाहिए, ताकि जब हम संसार की समस्याओं का सामना करें—जिन समस्याओं से हम खुद भी अछूते नहीं हैं—तो हम उन्हें उनकी वास्तविकता में देख सकें और परमेश्वर के वचन के सत्य को अपने जीवन में जीते हुए इन समस्याओं का सामना कर सकें।

आज ही संकल्प लें कि आप केवल सुनने वाले नहीं होंगे और इस प्रकार खुद को यह धोखा नहीं देंगे कि आप एक प्रगतिशील मसीही हैं, जबकि वास्तव में आप एक सूखते हुए मसीही हैं। वचन पर चलने वाले बनने का संकल्प लें। अब अपने जीवन पर ईमानदारी से विचार करें और उन क्षेत्रों की पहचान करें जहाँ आपने मसीह के लिए जीने के बारे में सुना है, लेकिन कभी सच में आज्ञा नहीं मानी। वही आपके जीवन का वह हिस्सा होगा, जिस बारे में पवित्र आत्मा आपको अभी कह रहा है, केवल सुनने वाले मत बनो। करने वाले बनो—क्योंकि उसी से आशीर्वाद मिलता है।

याकूब 1:19-27

◊ पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: भजन 46–48; प्रेरितों 19:21-41

27 जुलाई : उस पर ध्यान करो

Alethia4India
Alethia4India
27 जुलाई : उस पर ध्यान करो
Loading
/

“इसलिए उस पर ध्यान करो, जिसने अपने विरोध में पापियों का इतना विरोध सह लिया कि तुम निराश होकर साहस न छोड़ दो।” इब्रानियों 12:3

क्या कभी आप अपने विश्वास को त्यागने के प्रलोभन में पड़े हैं? शायद किसी कठिन सप्ताह के दौरान आपने अपनी परिस्थितियों पर विचार किया और सोचा, “इनमें से कोई भी बात मेरे लाभ के लिए काम नहीं कर रही है। अब समय आ गया है कि मैं मसीहत को भूलकर वैसे जीऊँ जैसे दूसरे जीते हैं।” ऐसे समय में, हमारे लिए यह देखना आसान होता है कि हमारे अविश्वासी दोस्त, परिवार और सहकर्मी अलग तरह से और अधिक आसान जीवन जी रहे होते हैं, और ऐसा लगता है कि उनका जीवन शानदार चल रहा है। जलन से भरी नज़रें सन्देह और भ्रम पैदा करती हैं और हमारी दृढ़ता को चुराकर हमें सीधा और सकरा रास्ता छोड़ देने के लिए उकसाती हैं।

भजनकार आसाफ का भी यही अनुभव रहा था। उसके “डग तो उखड़” ही गए थे, क्योंकि जब वह “दुष्‍टों का कुशल देखता था, तब उन घमण्डियों के विषय डाह करता था” जो “सदा आराम से” रह रहे थे (भजन 73:2-3, 12)। ऐसा लगता है कि यही अनुभव उन मसीहियों का भी रहा था, जिन्हें इब्रानियों की पुस्तक के लेखक ने स्वयं सम्बोधित किया। उन्होंने अभी तक विश्वास में दृढ़ रहने के लिए अपना लहू नहीं बहाया था (इब्रानियों 12:4), लेकिन यह स्पष्ट था कि उनके भीतर के पाप से संघर्ष और बाहर से आ रहे विरोध का सामना करने के लिए संघर्ष उनके ऊपर भारी पड़ रहा था।

अब उन्हें क्या करना चाहिए था? यीशु पर ध्यान करें। हिम्मत हारने और थकावट का बाइबल के अनुसार इलाज यह है कि हम अपनी दृष्टि उस पर रखें जिसने विरोध सहा—जो क्रूस पर मर गया—ताकि उस आनन्द को प्राप्त कर सके जो उसके सामने रखा था (इब्रानियों 12:2)।

हमारे जीवन में एक समय ऐसा आएगा जब हमें शब्दों, कामों या परिस्थितियों में अन्यायपूर्ण रीति से दुखों का सामना करना पड़ेगा—और हम यह स्वीकार कर सकते हैं कि हम अपनी पसलियों में भाला चुभाना और हाथों-पैरों में कीलें ठुकवाना नहीं चाहते। हम सभी को इस वास्तविकता का सामना करना पड़ेगा कि हमने उन पापों को अभी तक नहीं हराया है, जिनके साथ हम वर्षों से संघर्ष कर रहे हैं।

हम सभी के सामने ऐसे दिन आएँगे जब हम दौड़ में नहीं रहना चाहते, जब दौड़ को छोड़ देने और उसमें से बाहर हो जाने का प्रलोभन हम पर आएगा। उन दिनों में आपको क्या करना चाहिए? परमेश्वर के वचन को सुनें जो कहता है, उस पर ध्यान करो। मसीह के जीवन पर ध्यान करो: वह कैसा था और उसका परिणाम क्या निकला। उसने महिमा का दरवाजा खोला; अब हम उसके पीछे उस रास्ते पर चल रहे हैं। यीशु पर ध्यान करो, जिसने अपनी दौड़ पूरी की और “परमेश्वर के सिंहासन की दाहिनी ओर जा बैठा” (इब्रानियों 12:2)। चाहे रास्ता कठिन चढ़ाई का हो या हवा हमारे खिलाफ हो, दिन-प्रतिदिन हम उसी पर ध्यान करते रहें और “वह दौड़ जिसमें हमें दौड़ना है धीरज से दौड़ें” (पद 1)।

फिलिप्पियों  3:3ब-16

पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: भजन 43–45; प्रेरितों 19:1-20 ◊

26 जुलाई : परमेश्वर-केन्द्रित एकाग्रता

Alethia4India
Alethia4India
26 जुलाई : परमेश्वर-केन्द्रित एकाग्रता
Loading
/

“मैं दाखलता हूँ : तुम डालियाँ हो। जो मुझ में बना रहता है और मैं उसमें, वह बहुत फल फलता है, क्योंकि मुझ से अलग होकर तुम कुछ भी नहीं कर सकते।” यूहन्ना 15:5

शौकिया फोटोग्राफर्स अक्सर यह नहीं जानते कि वे किस पर ध्यान केन्द्रित कर रहे हैं। उन्हें लगता है कि वे जानते हैं कि वे किस पर ध्यान केन्द्रित कर रहे हैं, लेकिन फिर तस्वीरों में धुंधले चेहरे और टेढ़ी-मेढ़ी इमारतें दिखाई देती हैं। फिर वे अपनी तस्वीरों को देखते हैं और प्रतिक्रिया देते हैं, “यह वह नहीं है जिस पर मैं ध्यान केन्द्रित कर रहा था!” लेकिन हकीकत यह है कि तस्वीरें बिल्कुल वही दिखाती हैं जिस पर उनके कैमरे का लेंस केन्द्रित था।

जिन्दगी के उतार-चढ़ाव में और हर एक पल में हम जिस तरह से हालातों पर प्रतिक्रिया करते हैं, वह हमारे दिल और दिमाग के ध्यान के केन्द्र को प्रकट कर देता है। इसलिए विश्वासियों के लिए चुनौती यह है कि वे परमेश्वर पर अपना ध्यान केन्द्रित करके जीएँ।

यीशु ने यह स्पष्ट कर दिया कि यदि हमें परमेश्वर पर अपना ध्यान केन्द्रित करना है, तो सबसे पहले हमें यह समझना होगा कि हम उसके बिना कौन हैं। वास्तव में, यीशु ने अपने शिष्यों से कह दिया था कि उसके बिना वे कुछ भी नहीं कर सकते; आखिरकार, “सब वस्तुएँ उसी में स्थिर रहती हैं” (कुलुस्सियों 1:17)। हमें यीशु की ज़रूरत केवल आंशिक तौर पर नहीं है, बल्कि पूरी तरह से है। हम परमेश्वर की मदद के बिना तो एक सांस भी नहीं ले सकते। जो भी कार्य वह हमारे द्वारा कर रहा है, उसका कोई भी श्रेय हम कैसे ले सकते हैं? दिव्य सहायता के बिना हम पूरी तरह से अभाव में हैं।

यह सिद्धान्त पूरी बाइबल में पाया जाता है। मूसा ने, जिसे परमेश्वर ने इस्राएली लोगों को बन्धन और गुलामी से मुक्त करने के लिए चुना था, दृढ़ता से कहा कि वह यह कार्य तब तक नहीं कर सकता जब तक परमेश्वर उसके साथ नहीं होता—और वह सही था (निर्गमन 3:11-12)। आमोस अंजीर के पेड़ों का किसान और भेड़ों का चरवाहा था; जब परमेश्वर ने उसे भविष्यवक्ता के रूप में नियुक्त किया, तो उसके पास सेवाकार्य में योगदान देने के लिए कुछ नहीं था (आमोस 7:14-15)।

इसी प्रकार दानिय्येल, जिसने अद्‌भुत तरीके से सपनों का अर्थ बताया, सारा श्रेय परमेश्वर को देने में तत्पर था (दानिय्येल 2:26-28)। इन सभी पुरुषों ने परमेश्वर पर अपनी पूरी निर्भरता को पहचाना। वास्तव में, बाइबल में परमेश्वर के लिए महान कार्य करने वाला कोई भी व्यक्ति पूरी तरह से परमेश्वर पर निर्भर हुए बिना ऐसा कर ही नहीं सकता था। जिस कार्य को करने के लिए उन्हें बुलाया गया था, उसे पूरा करने की क्षमता के लिए उन्होंने अपने भीतर देखने के बजाय ऊपर परमेश्वर की ओर देखा।

एक मसीही के रूप में, हमें परमेश्वर पर ध्यान केन्द्रित करके जीने के लिए अपने आप पर या अपनी क्षमताओं पर ज्यादा ध्यान नहीं देना चाहिए, क्योंकि ऐसा करने से हम अपने जीवन में परमेश्वर के अनुग्रह और शक्ति को छिपा सकते हैं। मसीह में, हमें अपनी क्षमताओं पर घमण्ड नहीं करना है या अपने आप को आकर्षित करने का कोई अवसर नहीं ढूँढना है। बल्कि हमें केवल जीवित परमेश्वर के सेवक के रूप में पहचाने जाने की इच्छा रखनी है और उसकी सेवा में उपयोगी बनना है, जब वह हमारे अन्दर अपने अच्छे उद्देश्य के अनुसार कार्य करता है, और जो भी हम करते हैं या कहते हैं, उसमें हम ध्यान अपने ऊपर न लाकर उसके ऊपर लेकर आएँ।

आज आपका ध्यान कहाँ होगा? और जब सफलता या प्रशंसा आपकी ओर आएँगे, तो इसका श्रेय आप किसे देंगे?

लूका 17:7-19

◊ पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: भजन 40–42; प्रेरितों 18

25 जुलाई : अनुग्रह, दया, और शान्ति

Alethia4India
Alethia4India
25 जुलाई : अनुग्रह, दया, और शान्ति
Loading
/

“प्रिय पुत्र तीमुथियुस के नाम : परमेश्‍वर पिता और हमारे प्रभु मसीह यीशु की ओर से तुझे अनुग्रह और दया और शान्ति मिलती रहे।” 2 तीमुथियुस 1:2

पौलुस अपने पत्रों में जिस तरह से तीमुथियुस को सम्बोधित करता है, वह बहुत ही प्रभावशाली है। वह इस युवक से किसी प्रकार की दूरी बनाकर नहीं रखता, बल्कि पौलुस उसे अपने “प्रिय पुत्र,” “प्रिय बालक,” और सुसमाचार की घोषणा में एक “सहकर्मी” के रूप में सम्बोधित करता है (2 तीमुथियुस 1:2; 1 कुरिन्थियों 4:17; रोमियों 16:21)।

आरम्भ में, हमें यह शायद नहीं लगेगा कि तीमुथियुस पौलुस के शब्दों या पत्रों को प्राप्त करने के लिए एक स्पष्ट विकल्प था, कम से कम मानवीय दृष्टिकोण से तो बिल्कुल भी नहीं। वह एक मजबूत या परिपक्व व्यक्ति नहीं था, बल्कि अपेक्षाकृत युवा, शारीरिक रूप से कमजोर और स्वभाव से संकोची था—एक ऐसा व्यक्ति जो शायद अपने कार्य के लिए अपर्याप्त अनुभव वाला लगता था। जब वह चिन्तित होता, तो यह उसके पेट को प्रभावित करता था (1 तीमुथियुस 5:23)। वह एक उच्च गुणवत्ता वाला उम्मीदवार नहीं था। वास्तव में, यह कोई असामान्य बात नहीं है। अधिकांश विश्वासियों का हाल यही है। आप और मैं भी ऐसे ही हैं।

फिर भी, तीमुथियुस परमेश्वर का जन था।

वह परमेश्वर का जन था क्योंकि परमेश्वर ने उसे चुना था। परमेश्वर उन पुरुषों और महिलाओं को चुनने में आनन्दित होता है, जो अपेक्षाकृत युवा, स्वाभाविक रूप से कमजोर, शारीरिक रूप से कमजोर या स्वाभाविक रूप से संकोची होते हैं, और कहता है, मैंने तुम लोगों को इस काम के लिए चुना है। तुम मेरे चुने हुए सेवक हो और मैंने तुम्हें इस कार्य के लिए चुना है।

18वीं सदी के प्रचारक जॉर्ज व्हाइटफील्ड को परमेश्वर ने हजारों लोगों को उद्धार की ओर लाने के लिए उपयोग किया। फिर भी, वह अक्सर अपने सेवाकार्य के विचार से अभिभूत हो जाता था। एक बार, टॉवर ऑफ लंदन के चैपल में प्रचार के लिए जाते समय व्हाइटफील्ड ने लिखा, “जब मैं सीढ़ियों पर चढ़ रहा था, तो लगभग सभी लोगों ने मेरी युवावस्था के कारण मुझे ताना मारा; लेकिन वे जल्दी ही गम्भीर हो गए और बहुत ध्यान से सुनने लगे।”[1] उनके श्रोताओं की प्रतिक्रिया क्यों बदल गई? इसका उत्तर सरल है— तीमुथियुस के समान व्हाइटफील्ड भी परमेश्वर का चुना हुआ जन था।

तीमुथियुस को पौलुस का अभिवादन कितना सुकून देता होगा, जो उसे उसके संसाधनों की याद दिलाता था! परमेश्वर ने तीमुथियुस को उद्धार दिया थी और नियुक्त किया था, और परमेश्वर परीक्षणों के लिए अनुग्रह, विफलताओं के लिए दया, और खतरों तथा शंकाओं के सामने शान्ति प्रदान करने वाला था।

आज आपको और मुझे किसकी आवश्यकता है? ठीक वही जिसकी आवश्यकता तीमुथियुस को थी: अनुग्रह, दया, और शान्ति। जो कुछ भी तीमुथियुस के लिए उपलब्ध था, वही हमारे लिए भी उपलब्ध है। इसलिए आप परमेश्वर पर भरोसा कर सकते हैं और जो प्रावधान उसने आपके लिए मसीह में तैयार किए हैं, उन पर निर्भर हो सकते हैं। उनके संसाधन आपकी हर एक आवश्यकता को पूरा करने के लिए और उस हर एक कार्य को सम्पूर्ण करने के लिए पर्याप्त हैं, जिसे करने के लिए उसने आपको बुलाया है।

  2 तीमुथियुस 1:1-14

पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: भजन 37–39; प्रेरितों 17:16-34 ◊


[1] जॉर्ज व्हाइटफील्डज़ जरनल्स (1737-1741), सम्पादक विलियम वी. डेविस (स्कॉलर्स फैक्सिमलीज़ ऐण्ड रिप्रिण्ट्स, 1969), पृ. 57.

24 जुलाई : अधर्मी क्रोध

Alethia4India
Alethia4India
24 जुलाई : अधर्मी क्रोध
Loading
/

“अपनी पत्नी की ये बातें सुनकर कि तेरे दास ने मुझसे ऐसा-ऐसा काम किया, यूसुफ के स्वामी का कोप भड़का। और यूसुफ के स्वामी ने उसको पकड़कर बन्दीगृह में, जहाँ राजा के कैदी बन्द थे, डलवा दिया; अतः वह उस बन्दीगृह में रहा।” उत्पत्ति 39:19-20

पोतीपर लोगों को परखने में माहिर था। फिरौन के अधिकारी और गार्ड के कप्तान के रूप में उसके जीवन के अधिकांश समय में कई लोग उसकी अधीनता में रहे होंगे। उसके अनुभव ने उसे यह देखने में सक्षम बनाया कि यूसुफ में कुछ खास बात थी।

यूसुफ अन्य नौकरों जैसा नहीं था; वह सबसे अच्छा नौकर था। पोतीपर के सभी कार्य यूसुफ की देखरेख में समृद्ध हुए थे, और पोतीपर ने सब कुछ उसकी देखरेख में सौंप दिया था—सिर्फ अपनी पत्नी को छोड़कर बाकी सब कुछ।

इसलिए यह कोई आश्चर्य की बात नहीं है कि जब पोतीपर की पत्नी ने यूसुफ पर बलात्कार के प्रयास का आरोप लगाया, तो पोतीपर ने गुस्से और क्रोध में प्रतिक्रिया की। कोई भी सम्मानजनक पति इसी तरीके से प्रतिक्रिया करेगा। इस तरह की सुरक्षा बिल्कुल सही है और हमें पोतीपर से इसी प्रकार की प्रतिक्रिया की अपेक्षा करनी चाहिए।

पोतीपर की गलती उसकी प्रारम्भिक प्रतिक्रिया में नहीं थी, बल्कि यह थी कि उसने यूसुफ के खिलाफ निर्णय सुनाने में बहुत जल्दबाजी की थी। इस बारे में कोई उल्लेख नहीं है कि पोतीपर ने दी गई जानकारी की सही से जाँच की, और न ही उसने अपनी पत्नी के आरोप पर यूसुफ की ईमानदारी के सन्दर्भ में विचार किया। इसके बजाय, पोतीपर ने अपने क्रोध को अपने निर्णय से अधिक प्रभावी होने दिया। क्रोध ने पोतीपर को सत्य और तर्क के प्रति अंधा कर दिया।

साथ ही, पोतीपर अपनी पत्नी के अत्यधिक प्रभाव में भी था। बेशक, हम सभी अपने करीबी साथियों से प्रभावित होते हैं और कई बार यह सहायक भी होता है। लेकिन हमें परमेश्वर के अतिरिक्त अन्य किसी से भी अत्यधिक प्रभावित नहीं होना चाहिए। जब हम निर्णय लेने के समय इस प्रकार के प्रभाव को स्वीकार करते हैं, तो हम न केवल अपने आप को, बल्कि अपने आस-पास के सभी लोगों को भी खतरे में डाल देते हैं। इसके बजाय, हमें “सम्मति देने वालों की बहुतायत” में सुरक्षा और विजय प्राप्त करनी चाहिए (नीतिवचन 11:14; 24:6), जो हमें हर परिस्थिति में परमेश्वर के वचन की बुद्धि की ओर ले चलेंगे। निर्णय और उसके परिणाम जितने बड़े होंगे, हमें उतनी ही अधिक सलाह की और उतनी ही अधिक प्रार्थना की आवश्यकता पड़ेगी।

पोतीपर ने अपने गुस्से में एक निर्णय लिया—और वह निर्णय अन्यायपूर्ण था। अनियन्त्रित क्रोध मन को अंधा कर देता है। एक बार भड़क जाने पर इसे शान्त करना आसान नहीं होता है। लेकिन यहाँ तक कि उन परिस्थितियों में भी जहाँ अन्याय या पाप के प्रति सही प्रतिक्रिया क्रोध हो (और हम उस प्रभु का अनुसरण करते हैं जिसने उचित समय पर क्रोध किया—मरकुस 11:15-18 देखें), तौभी हमें गुस्से को अपनी भावनाओं प्रभावित करने और अपने निर्णयों को निर्देशित करने की अनुमति नहीं देनी चाहिए। जल्दी से परमेश्वर से पूछें कि क्या आपके जीवन में मौजूदा क्रोध का कोई स्रोत है, ताकि आप आवश्यकतानुसार पश्चाताप कर सकें, जब बुलाया जाए तो क्षमा कर सकें और बुद्धि और विश्वास के साथ आगे बढ़ सकें।

गलातियों  5:16-24

◊ पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: भजन 35–36; प्रेरितों 17:1-15

23 जुलाई : परमेश्वर हमारी जरूरतें पूरी करेगा

Alethia4India
Alethia4India
23 जुलाई : परमेश्वर हमारी जरूरतें पूरी करेगा
Loading
/

“हम तुम्हारे बीच में अनुचित चाल न चले, और किसी की रोटी मुफ़्त में न खाई; पर परिश्रम और कष्ट से रात दिन काम धन्धा करते थे कि तुम में से किसी पर भार न हो।” 2 थिस्सलुनीकियों 3:7-8

परमेश्वर पर निर्भर रहना हमारे दैनिक के जीवन के लिए काम करने के संघर्ष से टकराता नहीं है। वास्तव में, काम और उसे करने की क्षमता परमेश्वर की ओर से दिए गए प्रावधान का हिस्सा हैं। यदि हमें इस पर सन्देह हो, तो हमें यह विचार करना चाहिए कि यीशु स्वयं भी काम करता था। भले ही वह स्वर्ग से आया था और सब कुछ उसका ही था, फिर भी उसने वर्षों तक बढ़ई का काम किया और इस तरह उसने उस पद्धति की पुष्टि की जिसे उत्पत्ति की पुस्तक में मनुष्यजाति के लिए स्थापित किया गया था (उत्पत्ति 2:15)।

इसी तरह, प्रेरितों ने विश्वास के अनुसार जीते हुए और कलीसिया के विस्तार के लिए पूरी तरह से समर्पित होकर “रात दिन” परिश्रम किया। उन्होंने आलस्य को अस्वीकार किया और किसी का भोजन बिना कीमत चुकाए नहीं खाया। सुसमाचार के प्रचारक के रूप में उनके पास प्रावधान के लिए सहायता माँगने का अधिकार था (1 तीमुथियुस 5:17-18); लेकिन फिर भी, उन्होंने अपनी जिम्मेदारी स्वयं उठाई और जो व्यवसाय वे जानते थे, उसे पूरा किया और सबके लिए “आदर्श” बने (2 थिस्सलुनीकियों 3:9)।

हमारे अपने श्रम के बीच हमें यह पहचानने की आवश्यकता है कि हम काम की आशीष को कम से कम दो तरीकों से हानि पहुँचा सकते हैं: आलस्य से या आवश्यकता से अधिक काम करके। नीतिवचन की चेतावनी हम सभी पर लागू होती है: “आलसी मनुष्य शीत के कारण हल नहीं जोतता; इसलिए कटनी के समय वह भीख माँगता, और कुछ नहीं पाता।” (नीतिवचन 20:4)। या फिर जैसा पौलुस ने कहा, हमें आलसी नहीं होना चाहिए। लेकिन हमें भजनकार के इन शब्दों पर भी उतनी ही सतर्कता से ध्यान देना चाहिए, “तुम जो सबेरे उठते और देर करके विश्राम करते और दुख भरी रोटी खाते हो, यह सब तुम्हारे लिये व्यर्थ ही है” (भजन 127:2)। हाँ, हमें अपने हाथों से काम करना है। लेकिन यदि हम परमेश्वर की महिमा के लिए काम नहीं कर रहे हैं, तो फिर हम बेमन होकर काम कर रहे हैं, और वह भी व्यर्थ ही होता है।

इसका सबसे स्पष्ट उदाहरण हमें तब मिलता है, जब हम सब्त के सिद्धान्त की अवहेलना करते हैं। जब हम छः दिन काम करने और एक दिन विश्राम करने के परमेश्वर के आदेश का सही रीति से पालन नहीं करते, तो हम दर्शाते हैं कि हम परमेश्वर के वचनों पर विश्वास नहीं करना चाहते और अपने दैनिक प्रावधान के लिए उस पर भरोसा नहीं करना चाहते (व्यवस्थाविवरण 5:12-15)। हम क्यों सोचते हैं कि हमें हर दिन, पूरा दिन काम करना चाहिए? इसका उत्तर यह है कि हम यह विश्वास करने में संघर्ष करते हैं कि परमेश्वर हमारी जरूरतों को पूरा करेगा। हमें अपनी सुरक्षा अपने काम में नहीं, बल्कि उस परमेश्वर में प्राप्त करनी चाहिए, जो हमें काम देता है और उसे करने के लिए संसाधन प्रदान करता है।

हमारी भौतिकवादी संस्कृति में यह आसान नहीं है कि हम विश्वासयोग्यता के साथ काम करें और परमेश्वर की ओर से हमें जो मिला है उससे सन्तुष्ट होना सीखें। एक पल के लिए अपने काम पर विचार करें, चाहे वह घर में हो, खेत में, कारखाने में, या दफ्तर में। आप किस तरीके से आलस्य की ओर प्रवृत्त होते हैं? और किस तरीके से आवश्यकता से अधिक काम करने की ओर प्रवृत्त होते हैं? आपके लिए कड़ी मेहनत करने और परमेश्वर पर विश्वास करने का क्या रूप होगा? भौतिकवाद से जकड़े संसार में, आपके काम में और परमेश्वर के प्रावधान में आपका सन्तोष परमेश्वर के दिव्य प्रेम का एक प्रभावशाली गवाह बनेगा, जो सच्ची सन्तुष्टि प्रदान करता है।

व्यवस्थाविवरण 5:1-3, 12-15

पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: भजन 33–34; प्रेरितों 16:22-40 ◊