8 सितम्बर : आत्मा के लिए पोषण

Alethia4India
Alethia4India
8 सितम्बर : आत्मा के लिए पोषण
Loading
/

“वह तो यहोवा की व्यवस्था से प्रसन्न रहता; और उसकी व्यवस्था पर रात दिन ध्यान करता रहता है।” भजन संहिता 1:2

परमेश्वर का सत्य अपने सब विरोधियों से भारी है और उनसे अधिक स्थाई है। जैसा कि भविष्यद्वक्ता यशायाह घोषणा करता है, “घास तो सूख जाती, और फूल मुर्झा जाता है; परन्तु हमारे परमेश्‍वर का वचन सदैव अटल रहेगा” (यशायाह 40:8)।

जब भजन-संग्रह का आरम्भ होता है, तो हम पाते हैं कि धन्य पुरुष—सचमुच आनन्दित व्यक्ति—परमेश्वर के वचन के स्थाई सत्य में आनन्द लेता है। प्रभु के वचन उसके लिए बहुमूल्य हैं; प्रत्येक वचन मधु से भी अधिक मीठा लगता है (भजन 19:10)। फिर भी ऐसा व्यक्ति केवल यहोवा की व्यवस्था से प्रसन्न ही नहीं होता, वह उस पर ध्यान भी करता है।

ध्यान करना या मनन करना पाचन की प्रक्रिया के समान है। शारीरिक रूप से, भोजन को केवल मुँह में रख लेना और उसके साथ कुछ न करना सम्भव है, परन्तु उससे शरीर को कोई पोषण नहीं मिलता। हम तब भी यही जोखिम उठाते हैं, जब हम रविवार-दर-रविवार और दिन-प्रतिदिन परमेश्वर के वचन के पास आते हैं, परन्तु सोच-समझकर उस पर मनन नहीं करते।

अक्सर हमें ऐसा लगता है कि हमारा जीवन सौ मील प्रति घण्टे की गति से भाग रहा है। परमेश्वर के वचन में प्रतिदिन का समय केवल एक दैनिक कार्य बन जाता है जिसे पूरा करना है, बस यह कहने के लिए कि हमने कर लिया। इसके बजाय, हमें परमेश्वर के वचन को अपने हृदय में संचित करने के मार्ग खोजने चाहिएँ (भजन 119:11)। हमें सचेत रूप से समय निकालना चाहिए कि उसे चबाएँ, और दिन भर यह पूछते रहें, “इस पद का वास्तव में क्या अर्थ है? इस परिस्थिति में यह मेरे विचारों और कार्यों को कैसे आकार देगा? यह मुझे परमेश्वर की महिमा के विषय में क्या दिखा रहा है? परमेश्वर इसे कैसे उपयोग कर सकता है कि मुझे मसीह की समानता में ढाले?”

हमें पवित्रशास्त्र पर केवल नाश्ता करने के लिए नहीं, परन्तु उन्हें भोज की भाँति ग्रहण करने के लिए बुलाया गया है। क्योंकि परमेश्वर की महिमा का कोई अन्त नहीं है, इसलिए उसके वचन की सम्पदा का भी कोई अन्त नहीं है। आपके लिए उसपर मनन करने का क्या अर्थ होगा? प्रार्थना के द्वारा परमेश्वर के आत्मा से सहायता माँगें कि वह आपके हृदय और मन को अपने वचन के साथ बाँध दे। ध्यानपूर्वक विचार करें कि बाइबल क्या कहती है। उस पर मनन करें। उसे परखें। दिन भर उसे चबाते रहें ताकि आत्मा को पोषण देने वाले अधिक से अधिक तत्त्व निकल सकें। और जब आप अपने प्रभु की व्यवस्था पर मनन करते हैं, तो परमेश्वर से यह भी माँगें कि वह न केवल उसके ज्ञान में आपकी वृद्धि करे, परन्तु आपको भीतर से बदल दे कि आप उसके पुत्र के समान बनें। जैसे-जैसे आप उसके वचन को अपने हृदय, मन, और जीवन में कार्य करते हुए देखेंगे, वैसे-वैसे आप उसे पढ़ने और उसके अनुसार जीने में अधिक से अधिक आनन्द पाएँगे।

  यशायाह 40:6-9

◊ पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: न्यायियों 4–6; यूहन्ना 3:1-15

Leave A Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *