“परमेश्वर पिता, और पिता के पुत्र यीशु मसीह की ओर से अनुग्रह और दया और शान्ति, सत्य और प्रेम सहित हमारे साथ रहेंगे।” 2 यूहन्ना 3
मसीही विश्वास की सबसे मूलभूत और सबसे अद्भुत सच्चाइयों में से एक यह है कि परमेश्वर हमें वह देता है जिसके हम योग्य नहीं हैं। पापी होने के कारण—अन्तिम पुरुष, स्त्री, और बालक तक—हम मृत्यु के योग्य हैं। और इसके स्थान पर परमेश्वर हमें क्या देता है? “परमेश्वर का वरदान हमारे प्रभु मसीह यीशु में अनन्त जीवन है” (रोमियों 6:23)।
यह उलटफेर—कि परमेश्वर हमें वह देता है जिसके हम योग्य नहीं हैं और उस बात को रोक लेता है जिसके हम योग्य हैं—इतना मूल्यवान है कि इसके लिए हमारे पास एक विशेष शब्द है: अनुग्रह। अपने अनुग्रह के द्वारा परमेश्वर सबसे अयोग्य पात्र को जीवन का सबसे सुन्दर वरदान देता है।
और हमें पाप और दोष से मुक्त करके और यीशु मसीह में हर आशीष देकर वह यह अनुग्रह हम पर कैसे कर सकता है? अपनी दया के कारण। यह परमेश्वर की महान दया ही है जो उसे हमें वह देने को प्रेरित करती है जिसके हम योग्य नहीं हैं—और उसी दया के द्वारा वह हम पर अनुग्रह की वर्षा करता है।
ऐसे अनुग्रह और दया से शान्ति की प्रचुरता बह निकलती है। शान्ति उनका अनुभव है जो परमेश्वर से मेल कर लिए गए हैं, जो अब उससे अलग नहीं रहे, परन्तु उसके साथ संगति में और उसके अनुग्रह के सहभागी लोगों के समुदाय में रहते हैं। यह शान्ति परमेश्वर के अनुग्रह और दया का ऐसा पारलौकिक अनुभव है कि वह “समझ से परे है” (फिलिप्पियों 4:7)।
ऐसे संसार में जो निराशा और खतरे से भरा हुआ प्रतीत होता है, और कभी-कभी अर्थ और उद्देश्य से रिक्त लगता है, ऐसे अलौकिक अनुग्रह, दया, और शान्ति से बढ़कर हम और क्या चाह सकते हैं? वे स्थिर हैं। वे टिकाऊ हैं। वे स्थाई हैं। और परमेश्वर पिता सदा प्रसन्न होता है कि अपने बहुमूल्य पुत्र यीशु मसीह के द्वारा अपने पास आने वालों को इन्हें उदारता से प्रदान करे। यदि आप मसीह पर भरोसा रखते हैं, तो अनुग्रह, दया, और शान्ति आपके साथ रहेंगी। इसलिए आगे बढ़ने से पहले ठहरें और इन तीन शब्दों के अर्थ और महिमा को अपने मन में उतर जाने दें। परमेश्वर का अनुग्रह आपका है, परमेश्वर की दया आपकी है, परमेश्वर की शान्ति आपकी है—सब कुछ यीशु के द्वारा, जो आपका उद्धारकर्ता है।
2 यूहन्ना
पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: न्यायियों 1–3; यूहन्ना 2 ◊