“खोजे ने फिलिप्पुस से पूछा, ‘मैं तुझ से विनती करता हूँ, यह बता कि भविष्यद्वक्ता यह किसके विषय में कहता है, अपने या किसी दूसरे के विषय में?’ तब फिलिप्पुस ने अपना मुँह खोला, और इसी शास्त्र से आरम्भ करके उसे यीशु का सुसमाचार सुनाया।” प्रेरितों के काम 8:34-35
बाइबल का गम्भीरता से अध्ययन करते समय हम जान जाते हैं कि यीशु किसी अप्रत्याशित रूप से अस्तित्व में नहीं आ गया। आरम्भ से लेकर अन्त तक बाइबल की पुस्तक उसी के बारे में बताती है। निस्सन्देह, पुराने नियम के भविष्यद्वक्ताओं ने भी आत्मा की प्रेरणा से यीशु के बारे में लिखा। चाहे हम पवित्रशास्त्र को कितनी भी अच्छी तरह से जानते हों, फिर भी यदि हम मसीह से अपनी आँखें हटा लेते हैं तो हम इसके केन्द्र, इसकी कुंजी और इसके नायक को देखने से चूक जाएँगे।
सुसमाचारों में यीशु लोगों का ध्यान पुराने नियम की ओर लाता है, जिससे उन्हें यह समझने में सहायता मिल सके कि वह कौन था। अपने सेवाकार्य के आरम्भ में वह एक बार आराधनालय में यशायाह की पुस्तक से पढ़ रहा था। लूका हमें बताता है कि जब उसने समाप्त किया, तो वह अपने सुनने वालों से “कहने लगा, आज ही यह लेख तुम्हारे सामने पूरा हुआ है” (लूका 4:21)। आगे, पुराने नियम में विशेष रूप से रुचि रखने वाले और उसे अच्छी रीति से जानने वाले लोगों से बात करते हुए यीशु ने उन्हें चेतावनी दी, “तुम पवित्रशास्त्र में ढूँढ़ते हो, क्योंकि समझते हो कि उसमें अनन्त जीवन तुम्हें मिलता है; और यह वही है जो मेरी गवाही देता है” (यूहन्ना 5:39)। अपनी मृत्यु और पुनरुत्थान के बाद जब इम्माऊस के मार्ग में यीशु का सामना अपने कुछ निराश अनुयायियों से हुआ, तो उसने “मूसा से और सब भविष्यद्वक्ताओं से आरम्भ करके सारे पवित्रशास्त्र में से अपने विषय में लिखी बातों का अर्थ, उन्हें समझा दिया।” (लूका 24:27)।
दूसरे शब्दों में, यीशु ने स्पष्ट रूप से यह शिक्षा दी कि पुराने नियम का प्रत्येक भाग उसी में अपना केन्द्र और पूर्णता पाता है।
जब आप पवित्रशास्त्र पढ़ते हैं तो आपकी मुलाकात यीशु से होती है, क्योंकि यह पुस्तक उसी की गवाही देती है। भले ही पुराने नियम के खण्डों का हमारा अध्ययन और समझ हमें जीवन के बारे में अच्छे और महत्त्वपूर्ण नैतिक सत्य प्रदान करते हैं, फिर भी एक बहुत बड़ा संकट यह है कि हम उस परम सत्य, अर्थात् यीशु को उसमें न देख पाएँ। आपकी बाइबल के प्रत्येक पृष्ठ का उद्देश्य यह है कि आप यीशु से भेंट कर सकें, उसे जान सकें, और उसके महान नाम की उद्घोषणा कर सकें और यह सब उसकी महिमा के लिए हो।
उस प्रत्येक प्रवचन में जिसे आप सुनते हैं, उस प्रत्येक पाठ में जिसका आप अध्ययन करते हैं, और परमेश्वर के वचन के उस प्रत्येक खण्ड में जिसे आप पढ़ते हैं, आप अपने आप से पूछें कि “क्या यह मुझे मसीह तक लेकर आया? क्या मैंने इसमें यीशु को पाया?” और जब तक आप “हाँ” में उत्तर न दे सकें तब तक सुनना, अध्ययन करना और पढ़ना बन्द न करें क्योंकि उद्धार, सत्य, बुद्धि और आश्वासन के खजाने उसी में पाए जाते हैं।
भजन संहिता 119:17-32