7 अगस्त : महिमा का भार

Alethia4India
Alethia4India
7 अगस्त : महिमा का भार
Loading
/


“ज्योंही उसने परमेश्‍वर के सन्दूक का नाम लिया त्योंही एली फाटक के पास कुर्सी पर से पछाड़ खाकर गिर पड़ा; और बूढ़ा और भारी होने के कारण उसकी गर्दन टूट गई, और वह मर गया। उसने तो इस्राएलियों का न्याय चालीस वर्ष तक किया था।” 1 शमूएल 4:18

बाइबल में बहुत अधिक स्थान ऐसे नहीं हैं जहाँ किसी के भार का उल्लेख किया गया हो! अतः यह वचन हमें उसके महत्त्व पर ठहरकर विचार करने को बाध्य करता है। ऐसा प्रतीत हो सकता है कि एली के भारी होने का उल्लेख केवल उसकी मृत्यु की भौतिक परिस्थिति को समझाने के लिए है; परन्तु यह उससे अधिक गहरा है।

इससे पहले, 1 शमूएल 2:12-17 में, लेखक बताता है कि एली के पुत्रों की एक प्रथा थी कि वे बलिदान के लिए प्रस्तुत माँस में अपना तीन नोक वाला काँटा डालकर, उस माँस में से अपने और अपने परिवार के लिए भाग निकाल लेते थे—उस माँस में से जो केवल परमेश्वर का था। वे उस तम्बू का—जिसे परमेश्वर ने अपनी प्रजा के बीच अपने वास के लिए ठहराया था—तिरस्कार करते थे, और यह ठहराते थे कि उनके अपने सांसारिक आकर्षण और स्वार्थपूर्ण अभिलाषाएँ परमेश्वर की महिमा से बढ़कर हैं। एक प्रकार से कहा जाए, तो परमेश्वर की महिमा को लूटकर एली के पेट के चारों ओर बाँध दिया गया था (पद 29)। उसका मोटापा शीलो में याजकों द्वारा किए जा रहे और बढ़ाए जा रहे उस पाप का बाहरी चित्र था।

यह बात मूल इब्रानी भाषा में और भी स्पष्ट है, जहाँ “भारी” के लिए प्रयुक्त शब्द काबेद है। यही शब्द काबोद का क्रियात्मक रूप है, जिसका अर्थ “महिमा” है। लेखक यहाँ शब्द-खेल का प्रयोग करता है, यह दिखाने के लिए कि जब मनुष्य—अपने आप से और अपने महत्त्व से चिपटे हुए—परमेश्वर की महिमा को हड़पने का प्रयास करते हैं, तब वे व्यवहार में यह मान लेते हैं कि परमेश्वर हल्का है और उसे वे अपनी इच्छा के अनुसार चला सकते हैं। और इस प्रकार स्वयं को भारी समझते हुए वे हर बात में प्रधानता पाना चाहते हैं।

किन्तु अन्ततः एली के जीवन का सूर्य अस्त हुआ—या कहें कि घटनाएँ एली पर टूट पड़ीं—और वह एक दुखदायी मौत मर गया। वह अब बाइबल में उन कई व्यक्तियों में से एक है, विशेषकर याजकीय या पासबानीय कार्यक्षेत्र में, जो पौलुस के इन वचनों में निहित चेतावनी का प्रत्यक्ष उदाहरण हैं: “इसलिए जो समझता है, ‘मैं स्थिर हूँ,’ वह चौकस रहे कि कहीं गिर न पड़े” (1 कुरिन्थियों 10:12)।

यह बुद्धि केवल उन व्यक्तियों के लिए नहीं है जो स्वयं को अजेय समझते हैं—यद्यपि यह उनके लिए निश्चित ही है। यह परमेश्वर की समस्त सभा के लिए भी एक प्रखर चेतावनी है। आइए हम इस विचार से भी घृणा करें कि कहीं हमारी कलीसियाओं में हम परमेश्वर की योग्य महिमा में से कुछ लेकर अपनी सेवा करवाने, अपने को सुख देने, या अपने को बढ़ाने में न लगा दें। इस रविवार जब आप अपनी कलीसिया की ओर जाएँ, तो स्मरण रखें कि आप वहाँ सर्वप्रथम और सर्वोपरि अपने महान, पारलौकिक, महिमामय प्रभु की महिमा करने और उसकी प्रजा को उत्साहित करने के लिए जा रहे हैं—न कि अपने लिए।

1 इतिहास 16:8-34
◊ पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: भजन 72–73; प्रेरितों 26

Leave A Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *