“तब उसने रस्सियों का कोड़ा बनाकर, सब भेड़ों और बैलों को मन्दिर से निकाल दिया, और सर्राफों के पैसे बिखेर दिये और पीढ़ों को उलट दिया . . . तब उसके चेलों को स्मरण आया कि लिखा है, ‘तेरे घर की धुन मुझे खा जाएगी।’” यूहन्ना 2:15, 17
कोई भी पिता स्वाभाविक रूप से गुस्से से जल उठेगा यदि वह देखेगा कि नशा उसके बच्चे के जीवन को नष्ट कर रहा है। हम यह उम्मीद नहीं करेंगे कि वह इसे हल्के में लेगा। नहीं, बल्कि हम यह अपेक्षा करेंगे कि वह उस बुराई को मिटाने और अपने बच्चे को बचाने के लिए हर सम्भव प्रयास करेगा।
जब परमेश्वर-पुत्र यीशु पृथ्वी पर अपने पिता के घर में—यरूशलेम के मन्दिर—में आया और चारों ओर देखा, तो सारा दृश्य उसके लिए पीड़ादायक था। जो स्थान परमेश्वर की उपासना के लिए बनाया गया था, वह धन की पूजा का केन्द्र बन गया था। जो स्थान संसार को जीवित परमेश्वर से मिलने का बुलावा देने के लिए बनाया गया था, वह ऐसा स्थान बन गया था जो अन्यजातियों को दूर रखता था। उसे यह असहनीय लगा कि परमेश्वर के नाम और उसकी महिमा को अपमानित और कलंकित किया जा रहा था। हमें यीशु के कार्य के औचित्य पर प्रश्न उठाने की कोई आवश्यकता नहीं है। मसीह का पवित्र क्रोध लगन और पवित्रता से जल उठा। यह शिष्ट वार्ता का समय नहीं था।
यीशु को पता था कि मन्दिर का उद्देश्य क्या था। यह परमेश्वर से मिलने का स्थान था। यह पूरी पृथ्वी के लिए आनन्द का स्रोत था। लेकिन उसने वहाँ जो देखा, वह पूरी तरह इसके उद्देश्य के विपरीत था—और उसने अपने शब्दों और कार्यों से इसे पूरी तरह से स्पष्ट कर दिया।
जब बाद में फरीसियों ने यीशु का सामना किया, तो उन्होंने उसके कामों को गलत नहीं ठहराया; बल्कि उन्होंने उसके अधिकार पर सवाल उठाया। जवाब में यीशु ने उलझन में डालने वाला यह कथन कहा, “इस मन्दिर को ढा दो, और मैं इसे तीन दिन में खड़ा कर दूँगा” (यूहन्ना 2:19)। यूहन्ना बताता है कि यीशु जिस मन्दिर की बात कर रहा था, वह उसका अपना शरीर था (पद 21)। एक दिन यीशु यरूशलेम में आने पर था, लेकिन इस बार उसका उद्देश्य मन्दिर में जाना नहीं था, बल्कि अपने शरीर और लहू को बलिदान के रूप में अर्पित करना और फिर मृतकों में जी उठना तथा सदा के लिए शासन करना था। इसी अधिकार के साथ उसने यह अन्तर स्पष्ट कर दिया कि परमेश्वर ने मन्दिर को क्या बनने के लिए निर्धारित किया था और लोगों ने उसे क्या बना दिया था।
यहाँ हमें एक ऐसा यीशु दिखता है जो समझौता नहीं करता—जो परमेश्वर की महिमा की रक्षा के लिए पूरी लगन के साथ प्रतिबद्ध है। यह यीशु कोई नम्र और दीन व्यक्ति या हर किसी को खुश करने वाला और चुनौती न देने वाला व्यक्ति नहीं है। यह महायाजक है, जो केवल मन्दिर को साफ करने नहीं, बल्कि हमारे दिलों को शुद्ध करने और उन्हें परमेश्वर से जोड़ने भी आया था। उसी के द्वारा परमेश्वर ने एक सच्चा मन्दिर, “सब देशों के लोगों के लिए प्रार्थना का घर” (यशायाह 56:7) स्थापित किया।
इसलिए यीशु को सही दृष्टि से देखें—जिसने परमेश्वर की महिमा के लिए कोई समझौता नहीं किया और सभी लोगों को सही रीति से उसकी आराधना करने में सक्षम बनाया। यीशु को सही दृष्टि से देखें—जिसने अपनी सिद्धता और अधिकार का उपयोग हमारे स्थान पर हमारे पापों की सजा सहने के लिए किया, ताकि हम बच सकें। यीशु को सही दृष्टि से देखें—जिसका अद्भुत अनुग्रह आपको प्राप्त हुआ है। और जैसे उसने परमेश्वर की महिमा के लिए जोश दिखाया, वैसे ही आपका दिल भी उसके लिए जोश से भरा रहे।
मत्ती 27:35-56