“पर तू सब बातों में सावधान रह, दुख उठा, सुसमाचार प्रचार का काम कर, और अपनी सेवा को पूरा कर।” 2 तीमुथियुस 4:5
हममें से प्रत्येक व्यक्ति एक विरासत छोड़ रहा है। हर दिन, हम अपने जीवन के चित्र में कुछ नया जोड़ रहे हैं, और अन्ततः जो कुछ हम पीछे छोड़ेंगे—हमारे निर्णय, हमारे योगदान, हमारी प्राथमिकताएँ—वे कुछ समय तक दूसरों के विचारों और चिन्तन में रहेंगे।
पौलुस द्वारा तीमुथियुस को लिखी दूसरी पत्री के अन्त में हमें एक वृद्ध व्यक्ति के शब्द मिलते हैं, जिसका जीवन समाप्ति की ओर बढ़ रहा था: वह कहता है, “अब मैं अर्घ के समान उण्डेला जाता हूँ, और मेरे कूच का समय आ पहुँचा है।” (2 तीमुथियुस 4:6)। इस सन्दर्भ में, वह तीमुथियुस को अपने उत्तरदायित्व को गम्भीरता से लेने, अपनी विरासत पर विचार करने, और उन अनेक लोगों द्वारा छोड़ी गई अच्छी और बुरी विरासतों पर ध्यान देने के लिए प्रेरित करता है, जिनसे पौलुस का सामना हुआ था।
पत्र के पहले अध्याय में, पौलुस तीमुथियुस को यह याद दिलाता है कि “आसिया वाले सब मुझ से फिर गए हैं, जिनमें फूगिलुस और हिरमुगिनेस हैं” (2 तीमुथियुस 1:15)। इन व्यक्तियों का बाइबल में केवल एक बार उल्लेख हुआ है और वह भी इस तथ्य को दर्ज करने के लिए कि उन्होंने जरूरत के समय पौलुस को छोड़ दिया। पौलुस तीमुथियुस को हुमिनयुस और फिलेतुस जैसे लोगों से भी सावधान रहने के लिए कहता है, जिनका “वचन सड़े घाव की तरह फैलता जाएगा।” और जिन्होंने “सत्य से भटक” कर गलत शिक्षा दी, और वह सिकन्दर ठठेरे का भी उल्लेख करता है, जिसने पौलुस के साथ “बहुत बुराइयाँ की” (2:17-18; 4:14)। जब हम इन व्यक्तियों द्वारा छोड़ी गई विरासत को देखते हैं, तो हमें त्याग, झूठी शिक्षा, और सुसमाचार के विरोध की विरासत दिखाई देती है।
लेकिन पौलुस का यह पत्र उन लोगों का भी उल्लेख करता है, जिन्होंने एक प्रेरणादायक और उपयोगी विरासत छोड़ी। उदाहरण के लिए, लोइस और यूनीके ने एक सच्चे विश्वास का प्रदर्शन किया, और पौलुस को पूरा भरोसा था कि वही विश्वास अब युवा पास्टर तीमुथियुस में भी है (2 तीमुथियुस 1:5)। इसी तरह, वह तीमुथियुस को उनेसिफुरुस को याद रखने के लिए कहता है, जिसने “बहुत बार मेरे जी को ठंडा किया और मेरी जंजीरों से लज्जित न हुआ। पर जब वह रोम में आया, तो बड़े यत्न से ढूँढ़कर मुझ से भेंट की” (पद 16-17)। उनेसिफुरुस ने विश्वास, साहस और दृढ़ निश्चय की विरासत छोड़ी। यदि उसने किसी स्थान पर रहने का वादा किया, तो वह वहाँ अवश्य होता था। वह ऐसा व्यक्ति था जिस पर पौलुस पूरी तरह भरोसा कर सकता था।
हम सभी एक विरासत छोड़ रहे हैं। जब हम किसी कमरे से बाहर निकलते हैं, तो या तो हम मसीह की सुगन्ध छोड़ते हैं, जो हर जगह उसकी पहचान फैलाती है (2 कुरिन्थियों 2:15-16), या हम आत्म-प्रचार की अप्रिय गन्ध या अर्थहीन उपस्थिति की शून्यता छोड़ जाते हैं। विश्वासयोग्यता, भक्ति, दयालुता, कोमलता, ईमानदारी, सत्यनिष्ठा, प्रेम, और शान्ति की विरासत वह विरासत है, जिसे स्नेह के साथ याद किया जाएगा। लेकिन सबसे महत्त्वपूर्ण बात यह है कि यह विरासत लोगों का ध्यान उस व्यक्ति की ओर ले जाएगी, जिसका जीवन सबसे अधिक मायने रखता है—अर्थात प्रभु यीशु की ओर।
एक विरासत, प्रतिदिन लिए गए उन छोटे-छोटे निर्णयों से बनती है, जो मसीह के लिए फर्क पैदा करने के लिए किए जाते हैं: उससे प्रेम करने, अपने पड़ोसी से प्रेम करने, शान्ति की खोज करने और उसके बारे में बात करने के निर्णय। आज, आप अपनी विरासत का एक छोटा—या शायद बहुत महत्त्वपूर्ण—हिस्से का निर्माण करेंगे। इसलिए वह कार्य करें जो परमेश्वर ने आपके लिए तैयार किया है, और उसके लिए एक फर्क पैदा करें। आखिरकार, क्या पता कि हम अपनी विरासत में आखिरी योगदान देकर कूच कर जाएँ।
तीतुस 2:2-14
पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: होशे 9–11; मत्ती 19 ◊