3 अगस्त : मसीह जैसा स्वभाव

Alethia4India
Alethia4India
3 अगस्त : मसीह जैसा स्वभाव
Loading
/


“विरोध या झूठी बड़ाई के लिए कुछ न करो, पर दीनता से एक दूसरे को अपने से अच्छा समझो। हर एक अपने ही हित की नहीं, वरन् दूसरों के हित की भी चिन्ता करे। जैसा मसीह यीशु का स्वभाव था वैसा ही तुम्हारा भी स्वभाव हो।” फिलिप्पियों 2:3-5

किसी अनुचित शब्द या एक कठोर दृष्टि में भी विभाजन उत्पन्न करने का बड़ा सामर्थ्य होता है। हम सब जानते हैं कि कितनी सरलता से मित्रता जैसी मूल्यवान वस्तु सिर्फ एक छोटे-से अपराध से भी टूट सकती है। और यदि हम ऐसे टूटेपन की जड़ तक जाएँ, तो हमें प्रत्येक स्थान पर एक ही कारण दिखाई देगा: अहंकार और स्वयं को ऊपर उठाने की प्रवृत्ति। हम कितनी सहजता से कह देते हैं, “यदि वह सोचती है कि मैं क्षमा माँगने जा रहा हूँ, तो यह उसकी गलतफहमी है!” या “यदि वह चाहता है कि पहले मैं माफी माँगूँ, तो वह पहले कुछ करे! झगड़ा मैंने शुरू नहीं किया था, इसलिए मुझे उसे खत्म करने की जरूरत भी नहीं।”

जब प्रेरित पौलुस ने फिलिप्पी की कलीसिया को लिखा, तो उसका सबसे गहरा चिन्तन उनके स्वभाव पर था। वह चाहता था कि विश्वासियों के मध्य कोमलता, सामंजस्य और एकता बनी रहे। एक कलीसियाई परिवार के रूप में उनमें हृदय, मन, और उद्देश्य की एकता अत्यन्त महत्त्वपूर्ण थी, विशेषकर तब जब बाहर की संस्कृति का दबाव उन्हें मसीह का इनकार करने या उसकी आज्ञाओं से समझौता करने की ओर धकेल रहा था।
एकता का भाव उत्पन्न करने के लिए पौलुस ने उन्हें किसी “सात सिद्धान्तों की सूची” नहीं दी। बल्कि उसने उन्हें उस आधार की ओर संकेत किया जिस पर हर सच्चा सामंजस्य टिका है: दीनता। और दीनता को दिखाने का सर्वोत्तम तरीका क्या है?—उनकी दृष्टि मसीह पर ले जाना! पौलुस जानता था कि यदि वे केवल यीशु को देखते, तो उन्हें उस दीनता का प्रतिरूप दिखाई देता जो उनके सोचने, बोलने और चलने की रीति को परिवर्तित कर सकता था।

कलीसिया में हमारी भी यही प्रार्थना होनी चाहिए कि लोग हमारे सम्बन्धों को देखकर कहें: “ये लोग कितने एक मन हैं! इनमें कितनी मसीही कोमलता है। ये सब एक-दूसरे के लिए, और सबसे बढ़कर मसीह के लिए जीते प्रतीत होते हैं। उनका स्वभाव एकदम मसीह जैसा है। मुझे हैरानी है कि ये लोग ऐसे कैसे बन पाए हैं?”

हम अपने ही सामर्थ्य से दीनता उत्पन्न नहीं करते; बल्कि हम पवित्र आत्मा पर निर्भर रहते हैं कि वह हमें दीन बनने में समर्थ करे, क्योंकि वही हमें मसीह के स्वरूप के अनुसार रूपान्तरित करता है। पौलुस के फिलिप्पियों को लिखे हुए वचनों को पढ़ें और उन्हें अपने हृदय में बसा लें, और अपनी दृष्टि अपने उद्धारकर्ता पर स्थिर करें। प्रभु यीशु मसीह के निःस्वार्थ देहधारण और आज्ञाकारी मृत्यु पर मनन करें, और तब आपका सारा स्वार्थ और घमण्ड अत्यन्त ही घिनौना प्रतीत होने लगेगा। आप यीशु के विषय में विचार करते हुए एक साथ अपने आत्म-केन्द्रित स्वभाव को सही नहीं ठहरा सकते। इसलिए, मसीह की ओर दृष्टि करें! वहीं आपकी सारी स्वार्थी अभिलाषाएँ मर जाती हैं।

फिलिप्पियों 2:1-6

Leave A Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *