“‘मेरे हाथ और मेरे पाँव को देखो कि मैं वही हूँ। मुझे छूकर देखो, क्योंकि आत्मा के हड्डी माँस नहीं होता जैसा मुझ में देखते हो।’ यह कहकर उसने उन्हें अपने हाथ पाँव दिखाए। जब आनन्द के मारे उनको प्रतीति न हुई, और वे आश्चर्य करते थे, तो उसने उनसे पूछा, ‘क्या यहाँ तुम्हारे पास कुछ भोजन है?’” लूका 24:39-41
चेले वास्तविक लोग थे—और उनके लिए पुनरुत्थान पर विश्वास करना कठिन था। यीशु के पुनरुत्थान का समाचार उनके भीतर भावनाओं का उतार-चढ़ाव ले आया। एक क्षण वे शिखर पर प्रतीत होते थे, और अगले ही क्षण भूमि की ओर गिरते हुए दिखते थे। खाली कब्र की खबर को विस्मय और अविश्वास की मिली-जुली भावनाओं से ग्रहण किया गया। वास्तव में, जिन स्त्रियों को यह सबसे पहले पता चला था, उनके शब्द उन्हें “कहानी सी जान पड़ीं, और उन्होंने उनकी प्रतीति न की” (लूका 24:11)।
यहाँ तक कि जब यीशु अचानक प्रकट होकर उनके बीच खड़ा हुआ, तब भी उनके शोक शान्त न हुए और उनके भय दूर न हुए। इसके विपरीत, हम पाते हैं कि वे अब भी घबराए हुए थे। पुनरुत्थित मसीह का सामना करके “वे घबरा गए और डर गए, और समझे कि हम किसी भूत को देख रहे हैं” (लूका 24:37)। यीशु द्वारा अपने हाथ और पाँव दिखाने के बाद भी वे उस अविश्वास से जूझते रहे जो उभरते हुए आनन्द से टकरा रहा था।
यह कितना ईमानदार चित्र है, है न? यहाँ हम उन लोगों के समूह को देखते हैं जो कलीसिया के स्तम्भ बनने वाले थे, और जो मूलतः सामान के पीछे छिपे हुए और अलमारियों से बाहर झाँकते हुए कह रहे थे, हमें लगा कि हमने भूत देखा है!
भय और अविश्वास के विरुद्ध चेलों का संघर्ष उन लोगों के लिए बड़ा उत्साह है जो आशा और निराशा के बीच झूलते रहते हैं। यह एक बात है कि हम किसी सुहावने रविवार की सुबह मसीहियों की भीड़ के बीच पुनरुत्थान में अपने विश्वास की घोषणा करें। परन्तु यह बिलकुल दूसरी बात है कि किसी कठिन मंगलवार की दोपहर को हम इसे दृढ़ता के साथ उन लोगों के बीच ऐलान करें जो इसे व्यर्थ कथा मानते हों, या जब हम डॉक्टर के कक्ष में जाँच के परिणामों की प्रतीक्षा कर रहे हों, या अकेलेपन से जूझ रहे हों।
एक सच्चा मसीही वह नहीं है जिसे कभी सन्देह न हो; बल्कि सच्चा मसीही वह है जो अपने सन्देहों को खाली कब्र के तथ्य के सामने लाता है और स्वयं को स्मरण दिलाता है कि हमारा विश्वास ऐतिहासिक घटनाओं पर आधारित है, और वे घटनाएँ हमें आनन्दित होने और परमेश्वर पर आश्चर्य करने के लिए प्रेरित करती हैं। यदि आज आप भय और अविश्वास के संघर्ष में हैं, तो परमेश्वर को पुकारें, और मरकुस 9 के उस मनुष्य की प्रार्थना करें: “मैं विश्वास करता हूँ, मेरे अविश्वास का उपाय कर!” (मरकुस 9:24)। चेलों के सन्देह और भय ने उन्हें परमेश्वर के राज्य से बाहर नहीं कर दिया; न ही उन्होंने उन्हें परमेश्वर के राज्य के काम से वंचित कर दिया। इसलिए आज परमेश्वर से विनती करें कि वह आपके विश्वास की रक्षा करे, और आगे बढ़ते हुए चलें, यह स्मरण रखते हुए कि यीशु सचमुच जी उठा है और उसके पास आपके लिए सचमुच काम है।
1 कुरिन्थियों 15:50–58
पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: यहेजकेल 22–23; यूहन्ना 13:1-20 ◊