29 नवम्बर : ईमानदारी के साथ शिक्षा देना

Alethia4India
Alethia4India
29 नवम्बर : ईमानदारी के साथ शिक्षा देना
Loading
/

“और जो–जो बातें तुम्हारे लाभ की थीं, उनको बताने और लोगों के सामने और घर-घर सिखाने से कभी न झिझका।” प्रेरितों के काम 20:20

पौलुस कभी इस प्रलोभन के आगे नहीं झुका कि अपने सुनने वालों की रुचियों के अनुसार अपने सन्देश को ढाल ले, और न ही हमें ऐसा करना चाहिए।

यह प्रलोभन सदा बना रहता है कि चाहे हम किसी मंच पर हों या खाने की मेज पर, हम जो कहते हैं उसे नरम कर दें, ताकि जिनसे हम बात कर रहे हैं उनके पूर्वाग्रहों से बच सकें या उनकी कल्पनाओं को प्रसन्न कर सकें। परन्तु यदि हमें बाइबल में दिए गए सन्देश के ईमानदार भण्डारी बनना है, तो उसके विषय में हमारी शिक्षा और हमारी वाणी सत्यनिष्ठा से चिह्नित होनी चाहिए।

पवित्रशास्त्र की समस्त शिक्षा के प्रति विश्वासयोग्यता अत्यन्त आवश्यक है। पवित्रशास्त्र स्वयं हमें चेतावनी देता है कि झूठे शिक्षक उठ खड़े होंगे और लोगों से वही कहेंगे जो उनके खुजली करते कान सुनना चाहते हैं (2 तीमुथियुस 4:3)। ऐसे समय आएँगे जब लोग स्वस्थ शिक्षा से मुँह मोड़ लेंगे और ऐसे स्वरों को ढूँढ़ेंगे जो उन्हें बाइबल-आधारित सत्य से चुनौती न दें, बल्कि केवल उनके अपने विचारों की पुष्टि करें।

पौलुस ने इफिसियों के बीच दो वर्ष से भी अधिक समय तक सार्वजनिक और निजी रूप से शिक्षा दी, और उसका सन्देश सदा शुद्ध, खुला और सीधा था। उसे इससे कोई अन्तर नहीं पड़ता था कि वह कहाँ है या उसके श्रोता कौन हैं; जिसे वह लाभदायक जानता था वही वह प्रस्तुत करता था, अर्थात परमेश्वर के वचन की घोषणा और उसकी प्रयुक्ति।

यदि पौलुस के किसी उपदेश को सुनकर लौटे किसी व्यक्ति से पूछा जाता, “आज पौलुस ने क्या कहा?” तो उत्तर में सदैव ऐसे वाक्य शामिल होते: “उसने कहा कि हमें मन फिराकर परमेश्वर की ओर मुड़ना चाहिए। हमें अपने पापों को छोड़ देना चाहिए। हमें यीशु पर अपने एकमात्र उद्धारकर्ता के रूप में भरोसा रखना चाहिए। उसने मुझे सचमुच चुनौती दी, परन्तु उसने मुझे सचमुच उत्साहित भी किया।” जहाँ कहीं आप उससे मिलते और जब कभी उसे सुनते, पौलुस सदा सुसमाचार के केन्द्र तक पहुँचता था। उसका जीवन और उसका सेवाकार्य सुसमाचार पर केन्द्रित था। वह जानबूझकर अपमानजनक या कटु नहीं होता था, परन्तु साथ ही वह कठिन किन्तु आवश्यक बातें कहने से भी नहीं झिझकता था।

वह दिन आएगा—यदि वह पहले ही न आ गया हो—जब आपको परमेश्वर के वचन के सन्देश को नरम करने का प्रलोभन होगा; जब आपको अपनी दृढ़ मान्यताओं को ढीला करने का लोभ होगा, ताकि पवित्रशास्त्र की चेतावनियाँ, प्रतिज्ञाएँ और आज्ञाएँ सुनने वालों को अधिक ग्रहणयोग्य लगें। जब वह दिन आएगा, तब आप क्या करेंगे? क्या आप भी परमेश्वर के सन्देश को घोषित करने से पीछे हट जाएँगे, जैसे पौलुस के समय में बहुतों ने किया था? या आप प्रेरित पौलुस के उदाहरण का अनुसरण करते हुए सत्य को स्पष्ट रूप से घोषित करेंगे, यह भरोसा रखते हुए कि इससे प्रभु की महिमा और आदर होगा, और यह स्मरण रखते हुए कि लोग जो सुनना चाहते हैं वह सदा या प्रायः वही नहीं होता जिसकी उन्हें आवश्यकता होती है—जो उनके लिए वास्तव में लाभदायक है?

  2 तीमुथियुस 4:1–5

◊ पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: 2 इतिहास 21–22; लूका 9:1-17

Leave A Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *