“इस कारण परमेश्वर ने उसको अति महान भी किया।” फिलिप्पियों 2:9
फिलिप्पियों 2:5-8 मसीह की मानवता, दिव्यता, सेवा, और दीनता के बारे में एक सुन्दर वक्तव्य है। परमेश्वर के देहधारी पुत्र की विनम्रता को क्रूस पर उसकी मृत्यु तक देखने के बाद आपके मन में अगली क्या बात आती है? स्वाभाविक रूप से हम पुनरुत्थान के बारे में सोचते हैं। लेकिन पौलुस ऐसा नहीं करता। वह हमें मसीह को ऊँचा उठाए जाने की ओर ले जाता है।
पौलुस कहता है कि यीशु की विनम्रता और उसे ऊँचा उठाए जाने के बीच एक तार्किक सम्बन्ध है: “इस कारण परमेश्वर ने उसको अति महान भी किया।” (पद 8, बल दिया गया)। महिमा में ऊँचा उठाए जाने का क्या अर्थ है? वह यह है कि पिता ने अपने पुत्र को सिंहासन दिया है और इस संसार को इस प्रकार व्यवस्थित किया है कि एक दिन “जो स्वर्ग में और पृथ्वी पर और पृथ्वी के नीचे हैं, वे सब यीशु के नाम पर घुटना टेकें; और परमेश्वर पिता की महिमा के लिए हर एक जीभ अंगीकार कर ले कि यीशु मसीह ही प्रभु है” (पद 10-11)।
लेकिन उसे ऊँचा उठाया जाना उपयुक्त क्यों है? पवित्रशास्त्र हमें कई उत्तर देता है। पहला, मसीह को ऊँचा उठाया जाना उपयुक्त है क्योंकि यह पुराने नियम की भविष्यवाणी को पूरा करता है और दिखाता है कि परमेश्वर अपने वचन को निभाता है। सारा संसार यीशु को प्रभु स्वीकारेगा क्योंकि परमेश्वर ने ऐसा करने की प्रतिज्ञा की थी। यीशु के मानव इतिहास के मंच पर आने से छः सौ साल पहले यशायाह ने परमेश्वर के ये शब्द दर्ज किए: “देखो, मेरा दास बुद्धि से काम करेगा, वह ऊँचा, महान और अति महान हो जाएगा” (यशायाह 52:13)। अतः मसीह इस संसार के दर्द और पाप को अपने ऊपर उठाने आया, दुखी सेवक के रूप में कार्य किया, क्रूस पर मरा और फिर महिमा में अपने सिंहासन पर विराजमान होने के लिए ऊँचा उठाया गया। जैसा अन्य स्थान पर पौलुस ने लिखा, “परमेश्वर की जितनी प्रतिज्ञाएँ हैं, वे सब उसी में ‘हाँ’ के साथ हैं” (2 कुरिन्थियों 1:20)।
दूसरा, मसीह को ऊँचा उठाया जाना उपयुक्त है, क्योंकि वह परमेश्वर है। बाइबल हमें सिखाती है कि पुत्र और पिता एक हैं। उसकी दिव्यता के कारण उसे ऊँचा उठाया जाना अनिवार्य है; परमेश्वर के बैठने के लिए कोई अन्य स्थान उपयुक्त नहीं है! पुत्र के बैठने के लिए अपने पिता के दाहिने हाथ के अतिरिक्त कोई अन्य स्थान उपयुक्त नहीं है।
अन्त में, मसीह को ऊँचा उठाया जाना उपयुक्त है, क्योंकि वह अपने पिता का प्रिय पुत्र है। परमेश्वर पिता ने अपने पुत्र को छुटकारे की वाचा को पूरा करने के लिए क्रूस पर जाते हुए देखा और उसे दर्द में यह पुकारते हुए सुना, “हे मेरे परमेश्वर, हे मेरे परमेश्वर, तू ने मुझे क्यों छोड़ दिया?” (मत्ती 27:46)। पिता जानता था कि पुत्र ने वह पीड़ा अपने पिता के प्रति प्रेम और अपनी प्रजा के प्रति प्रेम के कारण सहन की। पिता ने अपने सिद्ध पुत्र को उस भयानक स्थिति में नहीं छोड़ा। पिता का प्रेम कैसे कुछ और कर सकता था सिवाय इसके कि वह पुत्र को उसकी निम्न स्थिति से ऊँचा करे?
हमारे लिए मसीह की दीनता और हमारे ऊपर उसे ऊँचा उठाया जाना निस्सन्देह हमें उस बिन्दु तक लाते हैं, जहाँ हम उनके प्रति हर्षित समर्पण में सिर झुकाते हैं। ये हमें दिखाते हैं कि एक ऐसा है जिसके पास हमारी अधीनता की माँग करने का दर्जा है और हमारी आराधना का पात्र होने का चरित्र है। ये हमें याद दिलाते हैं कि स्वर्ग का सबसे अच्छा हिस्सा स्वर्ग में सबसे महिमामय व्यक्ति होगा:
मैं महिमा को नहीं देखूँगा, बल्कि अपने अनुग्रह के राजा को निहारूँगा;
उस मुकुट को नहीं जो वह हमें देता है, बल्कि उसके छिद्रित हाथों को देखूँगा;
मेमना ही इम्मानुएल की भूमि की सारी महिमा है।[1]
प्रेरितों 13:16-43