28 अगस्त : आनन्द की ओर जाने वाला मार्ग

Alethia4India
Alethia4India
28 अगस्त : आनन्द की ओर जाने वाला मार्ग
Loading
/

“प्रभु में सदा आनन्दित रहो; मैं फिर कहता हूँ, आनन्दित रहो।” फिलिप्पियों 4:4

खुशी को नल की तरह घुमाकर चालू नहीं किया जा सकता। आनन्द किसी स्विच को पलटने से नहीं आ जाता। हम मसीही लोगों को जीवन में भी अन्य लोगों की तरह ही उतार-चढ़ाव आते हैं। कभी हम बहुत अच्छा अनुभव करते हैं; कभी-कभी हम फँसे हुए से महसूस करते हैं। तो फिर हम उस आज्ञा का क्या करें जो हमें निरन्तर आनन्दित रहने के लिए कहती है—या, जैसा कि पाठ कहता है, “सदा आनन्दित रहो”?

कुछ लोग आनन्द को ऐसी वस्तु समझते हैं जो हमारी परिस्थितियों के अनुसार घटता-बढ़ता रहता है। यदि ऐसा होता, तो आनन्द का मार्ग यह होता कि हम यह सुनिश्चित करें कि हमारी परिस्थितियों में जितनी सम्भव हो उतनी अच्छी बातें हों, और जो कुछ भी—या जो कोई भी—हमें नीचे गिराता है, उसे हटा दें। परन्तु प्रेरित पौलुस हमें एक भिन्न दृष्टिकोण देता है। जिस मसीही आनन्द का वह वर्णन करता है, वह स्थिर और अडिग होने के लिए अभिप्रेत है। पौलुस यहाँ हमें इस आनन्द के स्रोत की ओर संकेत करता है: “प्रभु में सदा आनन्दित रहो; मैं फिर कहता हूँ, आनन्दित रहो।” इसकी कुंजी “सदा आनन्दित रहो” से पहले दिया गया वाक्यांश “प्रभु में” है। ये दो छोटे शब्द संसार में सारा अन्तर उत्पन्न कर देते हैं! यदि हम अपने आनन्द को अपनी परिस्थितियों के साथ घटने-बढ़ने दें, तो अवश्य ही हम संकट में पड़ेंगे। देर-सबेर कठिन समय अवश्य आएँगे। परन्तु यदि हम उस प्रभु में आनन्दित हों, जो “कल और आज और युगानुयुग एक–सा है” (इब्रानियों 13:8), तो हमारा आनन्द किसी अचल पर टिक जाता है, और इसीलिए वह मुरझाएगा नहीं।

मसीही आनन्द ऐसा आनन्द है जो गहरे दुख के साथ भी सह-अस्तित्व रख सकता है। आपकी परिस्थितियाँ आपको शोक तो दे सकती हैं, परन्तु यदि आप अपना आनन्द “प्रभु में”—अर्थात वह कौन है, वह आपसे कैसे प्रेम करता है, और उसने आपके लिए क्या प्रतिज्ञा की है—पाते हैं, तो वे आपके आनन्द को बुझा नहीं सकतीं। अपनी आशा उसी में रखें और उसके अचल स्वभाव को स्मरण करते रहें, और आप सदा आनन्दित रहने के मार्ग पर होंगे, यहाँ तक कि कठिनाइयों में भी। आज, आपकी परिस्थितियाँ चाहे जैसी भी हों, आप इस महिमामय सत्य में शान्ति, विश्राम, और—हाँ—यहाँ तक कि आनन्द भी पा सकते हैं कि परमेश्वर सब बातों में आपके साथ है और एक दिन सब कुछ ठीक कर देगा।

  भजन संहिता 147

पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: भजन 123–125; 2 कुरिन्थियों 7 ◊

Leave A Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *