27 सितम्बर : रहस्यमय प्रावधान

Alethia4India
Alethia4India
27 सितम्बर : रहस्यमय प्रावधान
Loading
/

“दूसरे दिन हम ने सैदा में लंगर डाला, और यूलियुस ने पौलुस पर कृपा करके उसे मित्रों के यहाँ जाने दिया कि उसका सत्कार किया जाए।” प्रेरितों 27:3

प्रेरितों 7:58 में लिखा है कि तरसुस का शाऊल उन लोगों के वस्त्रों की रखवाली कर रहा था जो सर्वप्रथम शहीद स्तिफनुस का पथराव कर रहे थे। इसके तुरन्त बाद, शाऊल (जो बाद में पौलुस कहलाया) उस उत्पीड़न का अगुवा बना जिसके कारण मसीही लोग यरूशलेम से तितर-बितर होकर आस-पास के प्रदेशों में भाग गए और उनके साथ सुसमाचार भी फैलता गया (प्रेरितों 8:3-4)! और फिर शाऊल का मन-परिवर्तन हुआ: जब वह “प्रभु के चेलों को धमकाने और घात करने की धुन में था” (प्रेरितों 9:1), तभी मसीह उसे विश्वास में ले आया और उसे प्रेरित नियुक्त किया।

इस प्रकार प्रेरितों 27:3 तक, शाऊल के—जो अब केवल पौलुस कहलाता था—सैदा में मसीही मित्र थे, जो सम्भवतः उस समुदाय के सदस्य थे जो स्तिफनुस की मृत्यु के बाद हुए उत्पीड़न और बिखराव के समय उस नगर में स्थापित थे। सैदा में पौलुस के लिए उपलब्ध मित्र वहाँ इसलिए थे क्योंकि तरसुस का शाऊल इतना भयानक उत्पीड़क रहा था। सचमुच, परमेश्वर “अपने आश्चर्यकर्म करने के लिए रहस्यमय रीति से कार्य करता है।”[1]

यदि हम उन लोगों में होते जिन्हें शाऊल ने सताया था, तो सम्भव है कि हम उनके विलाप में शामिल होते और कहते, हे प्रभु, हम सब तितर-बितर हो रहे हैं। हमारे परिवार बिखर रहे हैं। हमारे समुदाय टूट रहे हैं। क्या यह भयानक और दुखद बात नहीं है? उनके दृष्टिकोण से यह निश्चय ही ऐसा प्रतीत होता। फिर भी, इतनी बड़ी त्रासदी के बीच हम परमेश्वर के रहस्यमय प्रावधान को देखते हैं: पौलुस स्वयं—जो अब मसीही था—उसी नगर की कलीसिया से मसीही कृपा प्राप्त कर रहा था, जो आंशिक रूप से इसलिए अस्तित्व में आई थी क्योंकि वह स्वयं इतना दृढ़ उत्पीड़क रहा था।

समय आने पर, हमारे वर्तमान जीवन की उलझी हुई गड़बड़ियाँ, हमारी कठिनाइयाँ और निराशाएँ, सब अपने उचित परिप्रेक्ष्य में रखी जाएँगी। हमें यह स्मरण रखना चाहिए कि…

जो वह आशीष देता है वही हमारा भला है,

और जो आशीष-रहित भला है वह बुरा है;

और जो सबसे गलत प्रतीत होता है वह भी सही है,

यदि वह उसकी मधुर इच्छा हो! [2]

पौलुस के जीवन की यह छोटी-सी घटना उस सत्य को दोहराती है जिसे यूसुफ ने अपने भाइयों से उस समय कहा था जब उन्होंने उसे मिस्र में बेचने के लिए उससे क्षमा माँगी थी: “यद्यपि तुम लोगों ने मेरे लिए बुराई का विचार किया था; परन्तु परमेश्‍वर ने उसी बात में भलाई का विचार किया” (उत्पत्ति 50:20)। परमेश्वर मनुष्यों की बुरी मनशाओं को भी अपनी सन्तान के लिए अपनी योजनाओं की पूर्ति में सम्मिलित कर सकता है। वह विश्वासयोग्य और अपरिवर्तनशील है। उसके रहस्यमय प्रावधान में शान्ति पाएँ, यह जानते हुए कि वह आप पर ऐसा कुछ भी नहीं आने देगा जिसे अन्ततः आपके भले और उसकी महिमा के लिए उपयोग न किया जाए।

  उत्पत्ति 45:4-15

पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: यहेजकेल 18–19; यूहन्ना 12:1-26 ◊


[1] विलियम कूपर, “गॉड मूव्स इन अ मिस्टीरियस वे” (1774).

[2] फ़्रेडरिक डब्ल्यू. फ़ैबर, “आई वर्शिप दी, स्वीट विल ऑफ़ गॉड” (1849).

Leave A Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *