27 नवम्बर : विजय यहोवा की है

Alethia4India
Alethia4India
27 नवम्बर : विजय यहोवा की है
Loading
/

“उठ, हे यहोवा! हे मेरे परमेश्‍वर मुझे बचा ले! क्योंकि तू ने मेरे सब शत्रुओं के जबड़ों पर मारा है। और तूने दुष्‍टों के दाँत तोड़ डाले हैं। उद्धार यहोवा ही से होता है; हे यहोवा तेरी आशीष तेरी प्रजा पर हो।” भजन संहिता 3:7-8

क्या संकट आपको परमेश्वर की ओर ले जाता है या परमेश्वर से दूर ले जाता है?

भजन 3 में, राजा दाऊद एक कठोर संकट का सामना कर रहा है: उसके पुत्र अबशालोम का सफल प्रतीत होता विद्रोह। उसे अपने राजमहल और अपनी राजधानी से भागना पड़ा है। जिन लोगों को वह अपना मित्र समझता था, वे उसके विरुद्ध हो गए हैं।

दाऊद क्या करता है? वह अपने संकट को सीधे यहोवा के सामने ले जाता है। वह पहचानता है—और हमें भी उसके साथ नम्र होकर यह पहचानना चाहिए—कि कोई भी जीवन-परिवर्तक बदलाव, कोई भी अन्तिम समाधान, कोई भी स्थाई सफलता अन्ततः और पूर्णतः यहोवा की ही ओर से होती है।

आदतन पाप की दासता से कौन छुड़ा सकता है? बन्दियों को कौन स्वतन्त्र कर सकता है? लोगों के कन्धों से बोझ कौन उतार सकता है? केवल और अन्ततः यहोवा। चाहे हम किसी छोटे कष्ट से परेशान हों या किसी भयानक त्रासदी से आघात खाए हों, उद्धार केवल परमेश्वर ही लाता है।

यहाँ तक कि जब दाऊद के शत्रु उसे चारों ओर से घेर लेते हैं, तब भी वह प्रतिशोध अपने हाथ में लेने का प्रयास नहीं करता। वह पहचानता है कि निर्णायक प्रहार परमेश्वर ही करता है, क्योंकि स्थाई विजय का एकमात्र सच्चा स्रोत वही है। इसलिए दाऊद पुकार उठता है, “उठ, हे यहोवा! हे मेरे परमेश्‍वर मुझे बचा ले!” क्योंकि वह जानता है कि “उद्धार यहोवा ही से होता है।”

यह भी ध्यान दीजिए कि दाऊद केवल अपने लिए उद्धार ही नहीं देख रहा: वह प्रार्थना करता है, “तेरी आशीष तेरी प्रजा पर हो।” संकट हमें अपने भीतर सिमट जाने की प्रवृत्ति देते हुए हमें परमेश्वर से और दूसरों से दूर ले जाते हैं। संघर्ष में केवल अपने लिए प्रार्थना करना कितना सरल है! परन्तु दाऊद हमें स्मरण दिलाता है कि जीवन की घाटियों में भी हम साथ-साथ यात्रा कर रहे हैं और हमें अपने भाइयों और बहनों को स्मरण रखना है और अपनी प्रार्थनाओं में उन्हें शामिल करना है—और केवल उन्हें ही नहीं जो पहले से विश्वास करते हैं, क्योंकि परमेश्वर का उद्धार उन सब के लिए है जो सहायता के लिए यीशु को पुकारेंगे। हमारे पड़ोसी, हमारे सहकर्मी, रास्ते में मिलने वाला अजनबी—उन्हें भी उद्धार की उतनी ही आवश्यकता है, जितनी हमें है।

यदि आप अपने जीवन में विजय की इच्छा रखते हैं, तो आपको पहले दाऊद की भाँति यह पहचानना होगा कि परमेश्वर की सहायता के बिना आपके पास कोई विजय नहीं है। और यदि आप उन लोगों के लिए अनुग्रह का साधन बनना चाहते हो जिन्हें परमेश्वर ने आपके आस-पास रखा है, तो आपको अपनी आवश्यकताओं से आगे देखकर उनके लिए भी आशीष और उद्धार के लिए उसी एक को पुकारना होगा जो इसे देने में समर्थ है। हमारे जीवन की घाटियों में और पहाड़ों की चोटियों पर भी वही हमारी अनन्त आशा, हमारे उद्धार का महान दान, और हमारी प्रत्येक लालसा की तृप्ति का स्रोत है।

  1 इतिहास 29:10-14

◊ पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: 2 इतिहास 17–18; लूका 8:1-25

Leave A Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *