“छोटी सी नींद, एक और झपकी, थोड़ी देर हाथ पर हाथ रख के और लेटे रहना, तब तेरा कंगालपन डाकू के समान, और तेरी घटी हथियारबन्द मनुष्य के समान आ पड़ेगी।” नीतिवचन 24:33-34
हम सभी ने इसे देखा है। खेल, व्यापार, और अकादमिक संसार में, कम सक्षम व्यक्ति अक्सर उन लोगों से आगे बढ़ जाते हैं जिनके पास अधिक क्षमता होती है, केवल एक गुण के कारण: कर्मठता। ऐसे लोग आलस्य की चुनौती को गम्भीरता से लेते हैं और इसके आकर्षण से बचने के लिए जो भी करना चाहिए, करते हैं। आप शायद ऐसे ही एक व्यक्ति हैं या एक ऐसा व्यक्ति बनने की आकांक्षा रखते हैं और इसके लिए परिश्रम करते हैं।
लेकिन यदि हम ईमानदारी से कहें, तो इस कर्मठता की कमी अक्सर हमारे आत्मिक जीवन में भी पाई जाती है।
यदि आप और मैं आत्मिक आलस्य का मुकाबला करना चाहते हैं, तो हमें एक तरह का मूल्यांकन करने की आवश्यकता है: क्या हमें कोई संकेत मिलता है कि हमारा आत्मिक जीवन कैसा चल रहा है? जब हम पिछले साल पर विचार करते हैं, तो क्या हमने कोई प्रगति की है? क्या हमने हाल ही में कोई बाइबल पद याद किए हैं? क्या हमने “खाली समय” का उपयोग बाइबल पढ़ने या मनन करने या अपने प्रभु से प्रार्थना करने में किया है? या आलस्य के कारण हम सर्वोत्तम को छोड़कर आसान को करने के लिए मजबूर हुए हैं और इसने हमें परमेश्वर के वचन को अपने दिल में संजोने से रोक दिया है?
जब हमें मसीही सेवा में भाग लेने के लिए कहा जाता है, तो हम कैसे प्रतिक्रिया करते हैं? शायद यह सीधे तौर पर इनकार नहीं होता, लेकिन यहाँ तक कि थोड़ी सी झिझक भी एक खतरनाक संकेत है। जब परमेश्वर के वचन का प्रचार किया जाता है, और जब यह शक्ति और प्रभाव के साथ हमारे दिलों में आता है और हमें पता होता है कि यह लागू करने और परिवर्तन की माँग करता है, तो हम क्या करते हैं? क्या हम वचन के केवल सुनने वालों की तरह नहीं, बल्कि उसे करने वालों की तरह प्रतिक्रिया करते हैं (याकूब 1:22)?
ऐसे प्रश्नों के उत्तर हमें आगे बढ़ने में मदद कर सकते हैं और आलस्य की धीमी प्रक्रिया (सुबह प्रार्थना करने के बजाय लेटे रहना, प्रार्थना सभा में जाने के बजाय टी.वी. देखना, या यीशु के बारे में बातचीत करने के बजाय खेल का मैच देखना) से बचने में मदद कर सकते हैं, जो आत्मिक दरिद्रता की ओर ले जाती है। अधूरी आत्मिक योजनाओं और अधूरे अच्छे इरादों के मालिक न बनें। अक्सर, शुरू की गई योजनाएँ, दयालु शब्दों में लिखे गए नोट्स, और पछतावे और मदद की प्रार्थनाएँ हमारे दिमाग में मर जाती हैं, जब हम अपने बिस्तर पर ऐसे करवटें लेते रहते हैं, “जैसे किवाड़ अपनी चूल पर घूमता है” (नीतिवचन 26:14)। इस व्यवहार से दूर भागें और इसके बजाय दौड़कर मसीह के पास आएँ, उससे प्रार्थना करें कि वह आपके दिल को उत्तेजित करे और आपको एक सक्रिय व्यक्ति बनाए।
क्या आप परमेश्वर के लिए उपयोगी होना चाहते हैं? क्या आप कोई अन्तर लाने की इच्छा रखते हैं: कि आप लोगों तक पहुँचें, उनके जीवन के समुद्र में उनके सारे दुखों और खालीपन में शामिल हों और परमेश्वर की कलीसिया के निर्माण का एक साधन बनें? आलस्य को स्थान देकर अपनी आत्मा को अनदेखा न करें। परमेश्वर के साथ आपके सम्बन्ध में कर्मठता के बिना, आप अपने जीवन में कोई वास्तविक फल नहीं उत्पन्न कर पाएँगे। “आने वाला कल” शैतान के प्रिय शब्द हैं। “देखो, अभी वह प्रसन्नता का समय है; देखो, अभी वह उद्धार का दिन है” (2 कुरिन्थियों 6:2, बल दिया गया है)। अभी परमेश्वर के लिए उपयोगी बनें।
नीतिवचन 24:27-34
◊ पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: 2 राजाओं 15–16; मत्ती 14:22-36