“तुम्हें इसलिए नहीं मिलता कि माँगते नहीं। तुम माँगते हो और पाते नहीं, इसलिए कि बुरी इच्छा से माँगते हो, ताकि अपने भोग–विलास में उड़ा दो।” याकूब 4:2-3
तुम एक राजा के पास आ रहे हो,
बड़ी याचिकाएँ अपने साथ लाओ;
क्योंकि उसका अनुग्रह और सामर्थ्य ऐसे हैं
कि कोई भी कभी भी उससे इतना नहीं माँग सकता,
जो परमेश्वर के लिए बहुत ज्यादा हो।[1]
जॉन न्यूटन द्वारा लिखा गया यह गीत हमें यीशु के शब्दों की याद दिलाता है: “जो कुछ तुम प्रार्थना करके माँगो, तो प्रतीति कर लो कि तुम्हें मिल गया, और तुम्हारे लिए हो जाएगा” (मरकुस 11:24)। एक अन्य स्थान पर यीशु ने अपने शिष्यों से कहा, “जब तुम बुरे होकर, अपने बच्चों को अच्छी वस्तुएँ देना जानते हो, तो तुम्हारा स्वर्गीय पिता अपने माँगने वालों को अच्छी वस्तुएँ क्यों न देगा!” (मत्ती 7:11)। हम परमेश्वर के पास जा सकते हैं और उससे अच्छे उपहार माँग सकते हैं। हम परमेश्वर से कभी भी इतना नहीं माँग सकते, जो परमेश्वर के लिए बहुत ज्यादा हो। फिर भी, जैसा कि याकूब कहता है, हममें से कई लोग इन उपहारों को इसलिए प्राप्त नहीं करते क्योंकि हम यीशु की शिक्षा पर कार्य करने की हिम्मत नहीं रखते और बस माँगते नहीं। या हम माँगते तो हैं, लेकिन हम ऐसी वस्तुएँ माँगते हैं जो उसकी इच्छा के अनुरूप नहीं हैं, बल्कि हम उससे इसलिए प्राप्त करना चाहते हैं ताकि हम “अपने भोग–विलास में उड़ा” दें—ताकि अपनी प्राथमिकताओं को पूरा करें, न कि उसकी सेवा करने के लिए।
जब हम ध्यान देते हैं कि परमेश्वर का वचन प्रार्थना के बारे में क्या सिखाता है, तो हम पाते हैं कि हमें उससे माँगना है—और विनम्रता, ईमानदारी, और प्रेम के साथ माँगना है, और इस समझ के साथ कि परमेश्वर सम्प्रभु है और उसकी इच्छा ही है, जिसे हम सबसे अधिक पूरा करना चाहते हैं। जब यीशु गतसमनी के बाग में था, तो उसने प्रार्थना की, “हे अब्बा, हे पिता, तुझसे सब कुछ हो सकता है; इस कटोरे को मेरे पास से हटा ले : तौभी जैसा मैं चाहता हूँ वैसा नहीं, पर जो तू चाहता है वही हो” (मरकुस 14:36)। यहाँ सन्तुलन को देखें। यीशु को परमेश्वर की शक्ति पर पूरा विश्वास था, उसके पास परमेश्वर से ऐसा कुछ करने के लिए कहने का साहस था, जो मानवता के लिए असम्भव था और फिर भी उसने पिता की इच्छा के प्रति पूरा समर्पण दिखाया। यह केवल परमेश्वर का सम्प्रभु उद्देश्य ही था, जिसने उस प्याले को हटने से रोका, जैसा कि मसीह ने प्रार्थना की थी। ऐसा नहीं था कि मसीह के पास ऐसा होता देखने के लिए “पर्याप्त विश्वास” नहीं था। उसी तरह, जब हम परमेश्वर से असम्भव कार्य करने को कहते हैं, तो हमारा साहस, बच्चों जैसा भरोसा और उत्साह उसकी सम्प्रभुता से कमजोर नहीं पड़ जाते; बल्कि ये दयालु रूप से इसके द्वारा नियन्त्रित किए जाते हैं।
परमेश्वर की सन्तान के रूप में आप साहसपूर्वक अपने पिता के पास आ सकते हैं, यह विश्वास रखते हुए कि वह आपकी आवश्यकता और आपकी माँगों को पूरा करेगा जो उसकी इच्छा के अनुरूप हैं। यीशु के उदाहरण का पालन करते हुए, आप अपनी इच्छाओं को अपने पिता की प्रेमपूर्ण सम्प्रभुता के प्रति समर्पित कर सकते हैं। जब आप परमेश्वर से सही तरीके से सही वस्तु पाने के लिए विश्वास करते हैं, तो आप आश्वस्त हो सकते हैं कि वह हमेशा सही प्रतिक्रिया देगा। आप कभी भी ऐसा कुछ नहीं माँग सकते जो परमेश्वर के लिए बहुत अधिक हो। तो बस माँगो!
लूका 18:1-8