26 सितम्बर : जीवन का मुकुट

Alethia4India
Alethia4India
26 सितम्बर : जीवन का मुकुट
Loading
/

“धन्य है वह मनुष्य जो परीक्षा में स्थिर रहता है, क्योंकि वह खरा निकलकर जीवन का वह मुकुट पाएगा जिसकी प्रतिज्ञा प्रभु ने अपने प्रेम करने वालों से की है।” याकूब 1:12

आवश्यक कक्षाएँ लिए बिना स्नातक होने की चाहत रखना आसान है। परन्तु कक्षाएँ लिए बिना परीक्षा के लिए तैयार होना सम्भव नहीं, और परीक्षा के बिना स्नातक होना सम्भव नहीं। जो बात शिक्षा के क्षेत्र में सत्य है, वह हमारे विश्वास के विषय में भी सत्य है: यह सोचना मूर्खता होगी कि हम मसीही जीवन में आवश्यक पाठ्यक्रम लिए बिना और परीक्षाओं से गुज़रे बिना परिपक्वता और पूर्णता तक पहुँच सकते हैं।

जब याकूब उस विश्वासी के विषय में लिखता है जिसने “खरा निकलकर” स्थिरता दिखाई है, तो वह dokimos शब्द का प्रयोग करता है, जिसका अर्थ है—परखा हुआ, ताया हुआ और स्वीकृत। ऐसे व्यक्ति के जीवन पर परमेश्वर की स्वीकृति की मुहर होती है, और यह उसकी स्थिरता के द्वारा और अधिक स्पष्ट होती जाती है।

“जीवन का वह मुकुट” या अधिक सटीक रूप से वह मुकुट जो जीवन से बना है, “अनन्त जीवन का चित्र”[1] है, जिसे देने की प्रतिज्ञा परमेश्वर ने अपने लोगों से की है। यह इस विचार को दर्शाता है कि समापन रेखा पर परमेश्वर हमारा स्वागत करेगा और हमें सम्मान, आशीष और अनन्त जीवन का मुकुट पहनाएगा। इसलिए परीक्षा की अवधि हमारे सारे जीवन की अवधि है। हमारी परीक्षा तब तक चलती है जब तक मसीह लौट नहीं आता या हमें अपने पास नहीं बुला लेता—और इसलिए यह अन्त तक स्थिर रहने का बुलावा है।

यही दृष्टिकोण और यह प्रतिज्ञा हमारे जीवन की सबसे कठिन घड़ियों का सामना करने के ढंग को बदल देती है। हम अक्सर व्यक्तिगत परीक्षाओं को घुसपैठिए मानते हैं और उन्हें “आनन्द की बात” नहीं समझते (याकूब 1:2)। परन्तु जब हम समझ जाते हैं कि हमारा पूरा जीवन ही परीक्षाओं की एक शृंखला है, तो यह हमें आश्वस्त करता है और हमें यथार्थवादी दृष्टि से अपने अनुभवों पर विचार करने का अवसर देता है। हम निश्चय के साथ जान सकते हैं कि भविष्य में हमारे लिए यीशु के साथ अनन्त जीवन का मुकुट धरा है, और हमारी परीक्षाएँ धीरज सीखने और मसीह के समान बनने के अवसर हैं, जो संसार को यह घोषित करता है कि जिसकी ओर हम बढ़ रहे हैं, वह न केवल जीवन के लिए, बल्कि आनन्द के लिए भी पर्याप्त है।

मसीही जीवन में वास्तविकता से पहले कोई अभ्यास-चरण नहीं है; यह हर समय, हर दिन, वास्तविक अनुभव है। हमें यह जानने का अवसर नहीं मिलता कि हम अपने बच्चों का पालन-पोषण कैसे करेंगे, किसी प्रियजन की अचानक मृत्यु से कैसे निपटेंगे, या जो कुछ भी हमारे सामने आएगा उस पर कैसे प्रतिक्रिया देंगे—जब तक कि वे बातें वास्तव में हमारे सामने न आ जाएँ। यही वे वास्तविक जीवन की कक्षाएँ हैं जिन्हें हमें आत्मिक परिपक्वता की उपाधि पाने के लिए लेना होता है। आज आप किन परीक्षाओं से गुजर रहे हैं? ये वही कक्षाएँ हैं—भले ही आपने इन्हें चुना न हो—जिनके द्वारा प्रभु जानता है कि आप स्थिर रहना सीखेंगे और अपने मुकुट के लिए तैयार होंगे। आज तूफानों में उसकी कृपा से स्थिर रहते हुए स्मरण रखें कि आप “धन्य” हैं—अभी एक आसान जीवन की झूठी आशीष से नहीं, बल्कि आने वाले “जीवन के मुकुट” की अनन्त आशीष से।

  याकूब 1:2-4

◊ पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: यहेजकेल 16–17; यूहन्ना 11:28-57


[1] डेरेक प्राइम, फ्रॉम ट्रायल्स टू ट्रायम्फ्स (रीगल, 1982), पृ. 28.

Leave A Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *