“हे यहोवा, मैं तेरी कीर्ति सुनकर डर गया। हे यहोवा, वर्तमान युग में अपने काम को पूरा कर; इसी युग में तू उसको प्रगट कर . . . क्योंकि चाहे अंजीर के वृक्षों में फूल न लगें, और न दाखलताओं में फल लगें, जलपाई के वृक्ष से केवल धोखा पाया जाए और खेतों में अन्न न उपजे, भेड़शालाओं में भेड़-बकरियाँ न रहें, और न थानों में गाय बैल हों, तौभी मैं यहोवा के कारण आनन्दित और मगन रहूँगा, और अपने उद्धारकर्ता परमेश्वर के द्वारा अति प्रसन्न रहूँगा।” हबक्कूक 3:2, 17-18
चाहे हम स्वयं को परमेश्वर के प्रति कितना ही समर्पित क्यों न समझें, इन पदों में हबक्कूक की प्रार्थना सम्भवतः वह नहीं है जो उसके समान भयानक परिस्थितियों का सामना करते समय हमारे मन में तुरन्त आती है। परन्तु उसकी प्रार्थना केवल उसके लिए ही नहीं थी! वास्तव में, उसे गायक-मण्डली और वाद्ययन्त्रों के साथ परमेश्वर के लोगों द्वारा प्रार्थना किया जाना था (हबक्कूक 3:19)।
हबक्कूक ऐसी स्थिति की कल्पना कर रहा था जो एक कृषि-प्रधान समाज के लिए महान विनाश के समान होती। न फल, न उपज, न पैदावार, न पशुधन—इसका अर्थ था पूर्ण रूप से टूटी हुई अर्थव्यवस्था और भोजन की निरन्तर कमी। फिर भी हबक्कूक कहता है कि यदि ऐसी परिस्थिति का भी सामना करना पड़े, तो हमारी सबसे बड़ी चिन्ता न तो महामारी होनी चाहिए और न विपत्ति, बल्कि यह कि परमेश्वर के कार्य का नवीनीकरण किया जाए। अन्ततः, हबक्कूक कहता है कि वह यहोवा के सम्प्रभु कार्य पर भरोसा करते हुए स्तुति गाता हुआ पाया जाएगा। उद्धारकर्ता परमेश्वर उसके लिए आनन्द के लिए पर्याप्त था (हबक्कूक 3:18)।
हबक्कूक यह सब कैसे कह और प्रार्थना कर सकता है? अपनी प्रार्थना के दौरान भविष्यद्वक्ता इतिहास में परमेश्वर के महान कार्यों का भी वर्णन करता है (हबक्कूक 3:3-16)। ये उसे स्मरण दिलाते हैं कि परमेश्वर सम्प्रभु है, परमेश्वर भला है, और परमेश्वर सदा भरोसे के योग्य है। परमेश्वर के सम्प्रभु उद्देश्यों में सबसे अन्धकारमय दिन भी भोर को स्थान देते हैं; और यद्यपि भोर कभी-कभी विलम्ब करती है, वह आने में चूकती नहीं। हबक्कूक जानता है कि परमेश्वर अपने लोगों का उद्धार करता है, और यही आनन्द का पर्याप्त कारण है। और हमारे लिए भी यही सत्य है। पुराने नियम में परमेश्वर के अपने लोगों के साथ व्यवहार और उनके उद्धार की घटनाएँ यीशु में उसके अन्तिम उद्धार की छाया हैं। यीशु के जीवन, मृत्यु और पुनरुत्थान में परमेश्वर क्रोध में भी दया को स्मरण करता है, और विश्वासी को सुरक्षित रूप से मृत्यु से जीवन में पहुँचा दिया जाता है। हम विपत्ति से मुक्त नहीं हैं—परन्तु परमेश्वर के महान कार्य के कारण हम विपत्ति में भी आनन्दित हो सकते हैं। उद्धार की भोर आएगी, चाहे वह क्षण कितना ही अन्धकारमय क्यों न हो।
जब हम हबक्कूक के प्रार्थनापूर्ण गीत पर विचार करते हैं, तो हमें अपने आप से दो प्रश्न पूछने चाहिएँ: क्या मैं भी इस भविष्यद्वक्ता की भाँति परमेश्वर के कार्य के नवीनीकरण और पूर्णता के विषय में चिन्तित हूँ? और क्या मेरे लिए केवल परमेश्वर ही पर्याप्त है? भविष्यद्वक्ता की यह प्रार्थना आपकी भी प्रार्थना बन जाए, जब आप इस समय उसके लोगों के बीच परमेश्वर के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने का प्रयत्न करते हैं। और जब संसार आपके चारों ओर बिखरता हुआ प्रतीत हो, तब भी आप अपने उद्धारकर्ता परमेश्वर में आनन्द पा सकते हैं। विश्वास के द्वारा आप गा सकते हैं:
तेरे ही ज्ञान से, हे मेरे प्रभु और परमेश्वर,
मेरी आत्मा को शान्ति, और मेरे ओठों को गीत मिलता है;
तू ही मेरा स्वास्थ्य, मेरा आनन्द, मेरी लाठी और सहारा है;
तेरे सहारे झुककर, निर्बलता में भी मैं सामर्थी हूँ। [1]
हबक्कूक 3:3-16 पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: 2 इतिहास 15–16; लूका 7:24-50
[1] होरेशियस बोनार, “नॉट व्हाट आई एम, ओ लॉर्ड” (1861).