“आपस में एक सा मन रखो।” रोमियों 12:16
शालीनतापूर्वक असहमत होने के लिए कौशल और परमेश्वर-निष्ठा की आवश्यकता होती है। जिन लोगों के साथ हमारी हर बात में सहमति होती है, उनके साथ मेलजोल से रहना आसान होता है, क्योंकि वहाँ किसी प्रकार की असहमति का कोई डर नहीं होता। लेकिन जिन लोगों से हम अलग दिखते हैं और अलग तरीके से जीते हैं—उनके साथ मेलजोल से रहना एक सच्ची मसीही परिपक्वता का चिह्न है। इसलिए प्रेरित पौलुस की अपेक्षा यह है कि मसीहियों के रूप में हम ऐसा ही करने का प्रयास करेंगे।
मेलजोल से रहने के लिए पौलुस का बुलावा एक विशेष प्रकार की समरूपता में रहने का बुलावा नहीं है, जहाँ हम सभी एक जैसा कपड़े पहनें, एक जैसा व्यवहार करें, एक जैसा मतदान करें, और एक जैसा बोलें। वास्तव में, रोम की कलीसिया निश्चित रूप से विविध लोगों का समूह था, जिनकी पृष्ठभूमि और वरदान विविध थे। पौलुस ने इस बात पर जोर दिया कि ये विविधताएँ विभाजन या शर्म का कारण नहीं बननी चाहिएँ।
पौलुस चाहता था कि रोम के कलीसिया के लोग “आपस में एक सा मन रखें।” ठीक वैसे ही जैसे उसने कुरिन्थियों की कलीसिया से यह अपील की थी, “मैं तुमसे हमारे प्रभु यीशु मसीह के नाम से विनती करता हूँ कि तुम सब एक ही बात कहो, और तुम में फूट न हो, परन्तु एक ही मन और एक ही मत होकर मिले रहो” (1 कुरिन्थियों 1:10)।
सुसमाचार हमारी विविधताओं या असहमति को मिटाता नहीं है। बल्कि परमेश्वर के लोगों के बीच एकता—अर्थात मसीह का सुसमाचार और उसके वचन का सत्य—हमें यह स्वीकार करने की स्वतन्त्रता देता है कि हम गौण मुद्दों पर भिन्न और असहमत हो सकते हैं। मसीही एकता अन्ततः हमारी राजनीति, हमारी सामाजिक स्थिति, या हमारे इस विचार से नहीं आती कि कालीन का रंग क्या होना चाहिए, बल्कि उस एक से आती है, जिसे हम “मार्ग, सत्य, और जीवन” मानते हैं (यूहन्ना 14:6)।
दुर्भाग्य से, कलीसिया अपनी असहमतियों से विचलित हो सकती हैं, और मसीही लोग अपनी व्यक्तिगत चिन्ताओं और प्राथमिकताओं को अत्यधिक महत्त्व दे सकते हैं। हममें से कुछ लोग हर मुद्दे को ऐसा मुद्दा बना देते हैं, जिससे विभाजन हो और इस प्रकार हम कर्मकाणडवादी बन जाते हैं, बाल की खाल उतारने में उलझ जाते हैं और तब तक सन्तुष्ट नहीं होते जब तक हम एक सदस्य वाली कलीसिया नहीं रह जाते। हममें से कुछ लोगों को कठिनाई होती है कि हम किसी मुद्दे पर खड़े हों और उस पर समझौता न करें, और इस प्रकार हम धर्मशास्त्र के सम्बन्ध में उदारवादी बन जाते हैं, और सुसमाचार के केन्द्रीय सत्य से समझौता कर बैठते हैं।
पौलुस हमें जिस सामंजस्य के लिए संघर्ष करने का बुलावा देता है, वह सुसमाचार का सामंजस्य है। हमें खुद को इस तरह से जानने की आवश्यकता है कि हम यह पहचान सकें कि क्या हम कर्मकाणडवादी हैं या उदारवादी। हमें परमेश्वर से प्रार्थना करनी चाहिए कि वह हमें अपने भाई-बहनों के प्रति मन की स्पष्टता और हृदय की दया से भरे। और फिर हमें अपने दिलों की जाँच करनी चाहिए कि क्या कोई ऐसा है जिसके साथ हम सहमत नहीं हैं और फिर हमें उस सुसमाचार के सामंजस्य को नष्ट करने के बजाय उसे बढ़ावा देने के लिए कदम उठाने चाहिएँ, जो मसीह हमारे लिए लेकर आया है।
भजन 133
◊ पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: योएल; फिलिप्पियों 4