25 नवम्बर : मेरा परखने वाला प्रभु है

Alethia4India
Alethia4India
25 नवम्बर : मेरा परखने वाला प्रभु है
Loading
/

“फिर यहाँ भण्डारी में यह बात देखी जाती है कि वह विश्वासयोग्य हो। परन्तु मेरी दृष्‍टि में यह बहुत छोटी बात है कि तुम या मनुष्यों का कोई न्यायी मुझे परखे, वरन् मैं स्वयं अपने आप को नहीं परखता। क्योंकि मेरा मन मुझे किसी बात में दोषी नहीं ठहराता, परन्तु इससे मैं निर्दोष नहीं ठहरता, क्योंकि मेरा परखने वाला प्रभु है।” 1 कुरिन्थियों 4:2-4

जो कोई भी कभी अगुवा रहा है, वह उस भेद्यता को जानता है जो उस पद के साथ आती है। चाहे वह शिक्षक हो, राजनेता, वैज्ञानिक, टीम कप्तान या मुख्य कार्यकारी अधिकारी—जो कोई भी दूसरों का नेतृत्व करने का प्रयास करता है, वह शीघ्र ही जान लेता है कि उसके पद के कारण वह सबकी नज़रों में आ जाता है और उस पर गलतफहमियों तथा झूठे आरोपों के खतरे बढ़ जाते हैं।

जब पौलुस ने कुरिन्थियों की कलीसिया को अच्छे भण्डारियों—अगुवों—का वर्णन किया, तो उसने उनकी लोकप्रियता, प्रतिभा, प्रभाव या यहाँ तक कि सफलता का भी उल्लेख नहीं किया। नहीं, इस प्रकार के बाइबल-आधारित नेतृत्व की वास्तविक कसौटी यह थी कि “वह विश्वासयोग्य हो।” विश्वासयोग्यता ही उसका मापदण्ड थी और विश्वासयोग्यता ही उसका लंगर था। पौलुस मूलतः यह कह रहा था, मैं अपने जीवन को अनुचित प्रशंसा की भावनात्मक ऊँचाइयों और अनुचित आलोचना की गहराइयों के झूले पर नहीं झूलने दूँगा। केवल एक ही राय, एक ही परख, महत्त्वपूर्ण है।

पौलुस ने यह भी पहचाना कि वह अपने स्वयं के उद्देश्यों की शुद्धता का भी पर्याप्त मूल्यांकन नहीं कर सकता। उसने अपने आप का न्याय नहीं किया, इस अर्थ में कि वह अपने आत्म-मूल्यांकन को सही नहीं मानता था। यह वह जानता था, “मेरा परखने वाला प्रभु है।” वह जानता था कि परमेश्वर उसके अस्तित्व की गहराई में देख रहा है और उसकी अपेक्षा विश्वासयोग्यता है। इस बोध ने उसे कुछ लोगों की प्रशंसा या दूसरों की ईर्ष्या और विरोध से विचलित हुए बिना आगे बढ़ते रहने के लिए प्रेरित किया।

जब आप किसी संगठन में अयोग्य अगुवे को देखते हैं, तो प्रायः आप इस अक्षमता का मूल ऐसे अगुवे में पाते हैं जो लोगों का नेतृत्व करने की चिन्ता कम और उनके द्वारा पसन्द किए जाने की चिन्ता अधिक करने लगा, या जो दूसरों को पहल देने की अपेक्षा अपने ही मान-सम्मान की अधिक चिन्ता करने लगा। परिणामस्वरूप, सबके द्वारा पसन्द या सम्मानित किए जाने की तीव्र इच्छा में उस अगुवे ने किसी का भी अर्थपूर्ण नेतृत्व करने की क्षमता खो दी—वह न तो वह कह सका जो कहना आवश्यक था और न ही वह सुन सका जो सुनना आवश्यक था।

यदि आप जीवन भर सदैव अपने आप को दूसरों द्वारा दिए गए अनुमोदन के स्तर से मापते रहेंगे, तो आप कार्य नहीं कर पाएँगे। क्योंकि मानवीय ज्ञान सदा अपूर्ण होता है, इसलिए प्रशंसा और आलोचना दोनों ही सदा अपूर्ण होते हैं। इसलिए स्वयं को लोगों द्वारा जल्दबाजी और अपूर्णता से किए गए न्याय से—यहाँ तक कि अपने स्वयं के न्याय से भी—अस्थिर न होने दें! अपने आप की जाँच करना अच्छा और उचित है—परन्तु ऐसा कर लेने के बाद यह स्मरण रखें कि अन्ततः केवल एक ही न्याय मायने रखता है। परमेश्वर अपने वचन और अपने लोगों के प्रति विश्वासयोग्यता खोज रहा है। वही वह मुक्तिदायक मापदण्ड हो जिसके द्वारा आप अपने आप को एक अगुवा, माता-पिता, जीवनसाथी, मित्र—एक मसीही—के रूप में संचालित करते हैं।

  1 कुरिन्थियों 4:1-7

◊ पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: 2 इतिहास 13–14; लूका 7:1-23

Leave A Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *