25 मार्च : मसीही तरीके से सोचना

Alethia4India
Alethia4India
25 मार्च : मसीही तरीके से सोचना
Loading
/

“इसलिए हे भाइयो, जो जो बातें सत्य हैं, और जो जो बातें आदरणीय हैं, और जो जो बातें उचित हैं, और जो जो बातें पवित्र हैं, और जो जो बातें सुहावनी हैं, और जो जो बातें मनभावनी हैं, अर्थात् जो भी सद्‌गुण और प्रशंसा की बातें हैं उन पर ध्यान लगाया करो।”  फिलिप्पियों 4:8

कई मायनों में, हम वही होते हैं जो हम सोचते हैं। हमारे मन हमारे कार्यों के पीछे का कारण होते है, और हमारे मन के माध्यम से ही हमारे भाव जागृत होते हैं। इसलिए यह अत्यन्त आवश्यक है कि हम उचित बातों के बारे में सोचें और उचित तरीके से सोचना सीखें। दूसरे शब्दों में, हमें मसीही तरीके से सोचना सीखना चाहिए।

कुछ लोग कहेंगे कि मसीही तरीके से सोचने का अर्थ है एक ऐसा मन होना जो केवल मसीही विषयों पर ही विचार करता है और प्रत्येक दूसरी धारणा के लिए अपने को बन्द कर लेता है। किन्तु यह मसीही सोच के उस वर्णन के अनुरूप नहीं है, जो हमें पवित्रशास्त्र में मिलता है। बाइबल सिखाती है कि हमें वास्तव में प्रत्येक बात  के बारे में सोचना चाहिए, परन्तु हमें बाइबल के दृष्टिकोण से ऐसा करना सीखना चाहिए (2 कुरिन्थियों 10:5)। हमें संगीत, इंजीनियरिंग, चिकित्सा, कला, न्याय, स्वतन्त्रता और प्रेम, अर्थात् मानव अस्तित्व के पूरे विस्तार पर परमेश्वर के वचन की प्रकट सच्चाइयों के चश्मे के माध्यम से विचार करना चाहिए।

प्रेरित पौलुस ने इसे समझा इसलिए उसने हमें उन गुणों की एक सूची दी जिसके साथ हम अपनी सोच का ढांचा तैयार कर सकते हैं। पौलुस ने कहा कि मसीह के अनुयायी होने के कारण हमारे विचारों को सत्य, आदर, न्याय और पवित्रता जैसे गुणों द्वारा निर्देशित और नियन्त्रित होना चाहिए।

वह कहता है कि हमें उन बातों के बारे में सोचना चाहिए जिनमें “कोई भी सद्‌गुण” है। “सद्‌गुण” के लिए वह जिस शब्द का उपयोग करता है वह यूनानी भाषा का शब्द areté है, जो यूनानी भाषा में “सद्‌गुण” के लिए सबसे व्यापक शब्द है। दूसरे शब्दों में, पौलुस हमें वह मानक प्रदान करता है जिसके आधार पर हम नियमित रीति से अपने सोचने के तरीकों को परख सकते हैं। हम परमेश्वर के वचन को देखकर यह पूछ सकते हैं, “जिस बारे में सोचने का चयन कर रहा हूँ और जिस तरह से मैं इसके बारे में सोचने का चयन कर रहा हूँ, क्या वह नैतिक सद्‌गुण के अनुरूप है? क्या वह परमेश्वर की स्वीकृति के अनुसार है?”

यह कितनी बड़ी चुनौती है! इस तरह की सोच शून्यता में या बहुत प्रयास करे बिना नहीं आएगी। यदि हम इसे विकसित करना चाहते हैं, तो हमें दिन-रात परमेश्वर के वचन पर ध्यान देना होगा (यहोशू 1:8)। जब हमारे मन के नए हो जाने से हम अपने चाल–चलन को बदलने का निरन्तर प्रयास करते हैं (रोमियों 12:2), तो हम न केवल परमेश्वर को महिमा देंगे, बल्कि अपनी बातचीत में सुसमाचार को दृढ़तापूर्वक कहने की अपनी क्षमता में भी सुदृढ़ होते जाएँगे।

तो जब आप अपने विचारों के बारे में सोचें, तब इस पद को अपने जीवन में लागू करने के लिए आपको तीन प्रश्न पूछने चाहिएँ:

क्या ऐसी कोई बात है जिसके बारे में मुझे और अधिक सोचना चाहिए?

क्या ऐसी कोई बात है जिसके बारे में मुझे कम सोचना चाहिए, या बिल्कुल नहीं सोचना चाहिए?

क्या ऐसी कोई बात है जिसके बारे में मुझे अलग तरीके से सोचना चाहिए?       

भजन संहिता 1

Leave A Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *