25 अगस्त : जब आपके विचार अन्धकारमय हो जाएँ, तब क्या करें

Alethia4India
Alethia4India
25 अगस्त : जब आपके विचार अन्धकारमय हो जाएँ, तब क्या करें
Loading
/

“तब दाऊद सोचने लगा, ‘अब मैं किसी न किसी दिन शाऊल के हाथ से नष्ट हो जाऊँगा; अब मेरे लिए उत्तम यह है कि मैं पलिश्तियों के देश में भाग जाऊँ; तब शाऊल मेरे विषय निराश होगा, और मुझे इस्राएल के देश के किसी भाग में फिर न ढूँढ़ेगा, यों मैं उसके हाथ से बच निकलूँगा।’” 1 शमूएल 27:1

कभी-कभी हमारे विचार ही हमारे सबसे बड़े शत्रु बन जाते हैं।

दाऊद के हालात चाहे जितने भी कठिन रहे हों, वह अपना भरोसा सदा परमेश्वर पर रखता आया था। वास्तव में, राजा शाऊल और दाऊद के बीच हुई अन्तिम बातचीत में दाऊद ने शाऊल से कहा कि यद्यपि वह नहीं जानता कि आगे क्या होगा, फिर भी वह यह जानता है कि परमेश्वर उसे उसकी कठिनाइयों से छुड़ाएगा (1 शमूएल 26:23-24)। दाऊद के पास इस विश्वास के लिए ठोस कारण थे: उसके जीवन में छुटकारा एक निरन्तर विषय रहा था। चाहे वह सिंह से हो, भालू से, या पलिश्ती दानव से (1 शमूएल 17:37), या बाद में शाऊल की प्राणघातक खोज से, दाऊद परमेश्वर की उद्धारक सहायता का साक्ष्य देने में तत्पर रहता था।

इसलिए यह आश्चर्य की बात है कि परमेश्वर के छुड़ाने वाले हाथ के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रकट करने के तुरन्त बाद, दाऊद ने अपने मन में यह स्वीकार कर लिया कि शाऊल अन्ततः उसे मार डालेगा। परमेश्वर की भलाई और विश्वासयोग्यता पर मनन करने के बजाय, उसने अपने विचारों को अन्धकारमय स्थानों की ओर जाने दिया। उसका विश्वास निराशा में बदल गया और उसकी आस्था भय में, और इसलिए वह शत्रु की संगति में सुरक्षा खोजने चला गया (1 शमूएल 27:2)—एक ऐसा निर्णय जो उसे छल और कठिनाइयों की उलझन में ले गया (पद 8-11)।

हमारे विचार वास्तव में बहुत महत्त्व रखते हैं; वे हमारे कार्यों को जन्म देते हैं। एक पुरानी कहावत हमें इस सिद्धान्त की याद दिलाती है: एक विचार बोओ, एक कार्य काटोगे। एक कार्य बोओ, एक आदत काटोगे। एक आदत बोओ, एक चरित्र काटोगे। एक चरित्र बोओ, एक भाग्य काटोगे।

आप अपने जीवन के उन अध्यायों की ओर पीछे मुड़कर देख सकते हैं जब, दाऊद की तरह, आपने अपने आप से निरर्थक बातें करनी आरम्भ कीं, मूर्खतापूर्ण निर्णय लिए, और अपने आप को फँसा हुआ पाया। हो सकता है आप अभी उसी स्थान पर हैं, अपने विचारों को फिसलन भरी ढलान पर रोकने के लिए संघर्ष कर रहे हैं, जो आपको ऐसे मार्ग पर ले जा रहे हैं जिसे आप भीतर ही भीतर जानते हैं कि वह अविवेकपूर्ण या गलत है। दाऊद को केवल अपने जीवन पर आए खतरों से ही उद्धार की आवश्यकता नहीं थी; उसे स्वयं से भी बचाए जाने की आवश्यकता थी—और आपको और मुझे भी है। परन्तु शुभ समाचार यह है कि हमारे लिए परमेश्वर की भलाई और दया कभी समाप्त नहीं हो सकती, चाहे हमारे विचार गलत दिशा में चले गए हों और चाहे हमारे कार्य हमें मार्ग से भटका ले गए हों। जैसे परमेश्वर ने दाऊद को छुड़ाया, वैसे ही उसने मसीह के क्रूस के द्वारा हमें छुड़ाया है। इसलिए जब आपके विचार अन्धकार की ओर मुड़ने लगें, तब परमेश्वर की भलाई, उसके उद्धार, और उसकी विश्वासयोग्यता को स्मरण करें, और उन्हें अपने हृदय की प्रतिक्रिया को आकार देने दें, और उन कठिनाइयों के बीच चलते समय अपने मार्ग को भी दिशा देने दें जिनका आप सामना कर रहे हैं।

  गलातियों 6:7-10

◊ पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: भजन 119:1- 88; 2 कुरिन्थियों 4

Leave A Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *