“तो आओ, हम सच्चे मन और पूरे विश्वास के साथ, और विवेक का दोष दूर करने के लिए हृदय पर छिड़काव लेकर, और देह को शुद्ध जल से धुलवाकर परमेश्वर के समीप जाएँ।” इब्रानियों 10:22
पुरानी वाचा के अधीन रहने वाली परमेश्वर की विशाल प्रजा के लिए परमेश्वर तक पहुँच केवल महायाजक के द्वारा ही सम्भव थी। केवल वही किसी भी प्रकार की निकटता के भाव के साथ परमेश्वर के पास शारीरिक रूप से जा सकता था—और वह भी वर्ष में केवल एक बार, प्रायश्चित्त के दिन! इसलिए इब्रानियों के लेखक का अपने पाठकों को प्रार्थना में परमेश्वर के “समीप आने” के लिए प्रेरित करना नाटकीय और क्रान्तिकारी था।
ऐसा क्या हुआ जिसने परमेश्वर के पास आने के तरीके में इतना गहरा परिवर्तन ला दिया? संक्षेप में उत्तर है—कलवरी। जब “यीशु ने फिर बड़े शब्द से चिल्लाकर प्राण छोड़ दिए। और देखो, मन्दिर का परदा ऊपर से नीचे तक फटकर दो टुकड़े हो गया” (मत्ती 27:50-51)। पुरानी वाचा के अधीन यह परदा परमेश्वर की उपस्थिति तक पहुँच को रोकता था—परन्तु अब वह बाधा नष्ट कर दी गई थी। अब मसीह की प्रायश्चितकारी मृत्यु के आधार पर स्त्री और पुरुष सीधे परमेश्वर की उपस्थिति में प्रवेश कर सकते थे। अब वे उस परमेश्वर के निकट आ सकते थे जो अपनी पवित्रता में महान है, और जिसकी उपस्थिति में कोई पापी जीवित नहीं रह सकता था—जब तक कि कलवरी पर यीशु की मृत्यु न हुई।
तो हमें लेखक के इस निमन्त्रण का उत्तर कैसे देना चाहिए? पहला, हमें विश्वास के साथ निकट आना चाहिए। लेखक अपने उपदेश की भूमिका इस वाक्य से करता है: “जब हमें . . . पवित्रस्थान में प्रवेश करने का हियाव हो गया है” (इब्रानियों 10:19)। जहाँ पहले परमेश्वर के पास हमारा आना सदा संकोचपूर्ण और भय से भरा होता था, अब हम “यीशु के लहू” (पद 19) के आधार पर विश्वास और महान आनन्द के साथ निडर होकर आ सकते हैं।
दूसरा, हमें कृतज्ञता के साथ निकट आना चाहिए। हमें इस अद्भुत सत्य को पहचानना चाहिए कि हम सीधे उसकी उपस्थिति में आ सकते हैं। हमें लापरवाही या हल्केपन से निकट नहीं आना है, क्योंकि “नए और जीवते मार्ग” (इब्रानियों 10:19) को खोलने के लिए परमेश्वर के पुत्र की मृत्यु से कीमत चुकाई गई है। इसलिए हमें दीनता और श्रद्धा के साथ धन्यवाद करते हुए उसके पास आना है।
जैसा कि फ्रांज डेलिट्श कहते हैं, पुराने नियम का मार्ग “केवल एक निर्जीव पथ था जिस पर केवल महायाजक चलता था,”[1] परन्तु जिस मार्ग पर हम अब चलते हैं, वह सचमुच नया और जीवित है। परमेश्वर का धन्यवाद हो कि अब हम यीशु के द्वारा इस पूर्ण निश्चय के साथ निकट आते हैं कि हमारे सृष्टिकर्ता ने हमें स्वीकार किया है। क्या आप अपने पाप की जागरूकता के कारण सर्वशक्तिमान पिता से प्रार्थना करने में संकोच कर रहे हैं? निश्चय जानिए कि यीशु के लहू ने उसे ढाँप दिया है। क्या आप यह समझते हैं कि परमेश्वर के स्वीकार किए जाने के लिए आपको पहले अपने काम सुधारने और अपने अच्छे काम प्रस्तुत करने होंगे? स्पष्ट जानिए कि परदा फट चुका है और यीशु ने सब कुछ पूरा कर दिया है। क्या आप उदासीनता या व्यस्तता के कारण परमेश्वर के निकट आना छोड़ देते हैं? स्मरण रखें कि यीशु ने आपको यह विशेषाधिकार देने के लिए मृत्यु सही। कलवरी के कारण हम आज निडर और कृतज्ञ आनन्द के साथ समीप आ सकते हैं और हमें आना भी चाहिए।
इब्रानियों 12:18-24
◊ पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: यहेजकेल 11–13; यूहन्ना 10:22-42
[1] कॉमेण्ट्री ऑन द एपिस्टल टू द हिब्रूज़, अनुवादक थॉमस एल. किंग्सबरी (एडिनब्रा, 1870), 2:171.