24 नवम्बर : आपका मुख्य बुलावा : विश्वासयोग्यता

Alethia4India
Alethia4India
24 नवम्बर : आपका मुख्य बुलावा : विश्वासयोग्यता
Loading
/

“वे उस नाम के लिए निकले हैं, और अन्यजातियों से कुछ नहीं लेते। इसलिए ऐसों का स्वागत करना चाहिए, जिससे हम भी सत्य के पक्ष में उनके सहकर्मी हों।” 3 यूहन्ना 7-8

फ्राँस के तट से लगभग दस से पन्द्रह मील दूर भूमि-खण्डों का एक समूह है, जिन्हें चैनल द्वीप कहा जाता है। सन् 1940 में जर्मनी ने उन पर आक्रमण किया और उन्हें अपने अधिकार में ले लिया। उनमें से एक द्वीप, जर्सी, पर जर्मनी द्वारा बनाई गई सुरंगों के बीच एक पट्टिका है, जो उस अधिकृत द्वीप की कुछ स्त्रियों के उदार परिश्रम का वर्णन करती है, जिन्होंने यूनाइटेड किंगडम की रॉयल एयर फ़ोर्स को दस्ताने, मोज़े, उड़ान-टोपी, स्वेटर और अन्य बहुत सा सामान साहसपूर्वक भेजा। उनकी उदारता के कारण, जब कुछ साहसी वायुसैनिक नाज़ी जर्मनी के यूरोप पर अधिकार करने के प्रयास का प्रतिरोध करते हुए जर्मन विमानों के विरुद्ध उड़ान भरते थे, तो वे उन स्त्रियों की करुणा से बने वस्त्रों से गरम रखे जाते थे।

आप पूछ सकते हैं, इसमें बड़ी बात क्या है? वे स्त्रियाँ तो बस बुनाई कर रही थीं। परन्तु उस वायुसैनिक से यह कहकर देखें जिसे घमासान युद्ध में हड्डियाँ जमा देने वाली ठण्ड का सामना करना पड़ा! उसके लिए वे मोज़े और दस्ताने अत्यधिक महत्त्व के थे। जर्सी की उन स्त्रियों ने एक गम्भीर आवश्यकता को पूरा करके मित्र राष्ट्रों के युद्ध प्रयास में महत्त्वपूर्ण योगदान दिया। इस अर्थ में, बिना कभी विमान उड़ाए वे रॉयल एयर फ़ोर्स के वायुसैनिकों के साथ “सहकर्मी” थीं।

नया नियम बार-बार विश्वासियों द्वारा एक-दूसरे के साथ “सहकर्मी” होकर परिश्रम करने की बात करता है। फिलिप्पियों 2:25 में पौलुस तो इपफ्रुदीतुस को अपना “संगी योद्धा” भी कहता है। प्रेरित पौलुस सम्भवतः अब तक का सबसे सक्षम मिशनरी और कलीसिया स्थापित करने वाला था—और फिर भी वह यूहन्ना के शब्दों में कहे गए ऐसे “सत्य के सहकर्मियों” के बिना कुछ भी सफलतापूर्वक पूरा नहीं कर सकता था।

मसीह की देह में हममें से प्रत्येक का एक महत्त्वपूर्ण कार्य है। युद्धकालीन भाषा में कहें तो, हममें से कुछ पायलट हैं, कुछ मेकैनिक हैं, कुछ बुनकर हैं—और कुछ भेड़पालक भी हो सकते हैं जो ऊन प्रदान करते हैं! सम्भव है कि समाज इन योगदानों को श्रेणीबद्ध करने के प्रयास में इन्हें छोटे या बड़े कामों का दर्जा दे दे। सम्भव है कि आप यह सोचने के लिए प्रलोभित हों कि आपका योगदान बहुत छोटा है। परन्तु परमेश्वर की व्यवस्था में ऐसा नहीं है। जैसा कि पौलुस ने लिखा, “देह के वे अंग जो दूसरों से निर्बल लगते हैं, बहुत ही आवश्यक हैं; और देह के जिन अंगों को हम आदर के योग्य नहीं समझते उन्हीं को हम अधिक आदर देते हैं” (1 कुरिन्थियों 12:22–23)।

परमेश्वर अपनी देह में प्रत्येक कार्य को पूरा करने के लिए जिसे चाहता है, चुनता है—और उसके लिए सबसे अधिक महत्त्वपूर्ण यह है कि जहाँ उसने हमें रखा है, हम वहीं विश्वासयोग्य बने रहें। विश्वासयोग्य बने रहें, और मसीह की महिमा के लिए प्रभु आपको उस प्रत्येक भूमिका में सामर्थ्य देगा, जिसके लिए वह आपको बुला रहा है—फिर चाहे वह बुनाई हो या उड़ान। जो कुछ आप कर सकते हैं, करें; क्योंकि जो कुछ आप कर सकते हो, उसे वह उपयोग करेगा।

  3 यूहन्ना पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: 2 इतिहास 10–12; लूका 6:27-49 ◊

Leave A Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *