“हमारा स्वदेश स्वर्ग पर है; और हम एक उद्धारकर्ता प्रभु यीशु मसीह के वहाँ से आने की बाट जोह रहे हैं। वह अपनी शक्ति के उस प्रभाव के अनुसार जिसके द्वारा वह सब वस्तुओं को अपने वश में कर सकता है, हमारी दीन–हीन देह का रूप बदलकर, अपनी महिमा की देह के अनुकूल बना देगा।” फिलिप्पियों 3:20-21
जीवन प्रतीक्षा से भरा है। चाहे वह सप्ताहान्त की प्रतीक्षा हो, आने वाली छुट्टी की, या किसी बच्चे या पोते के जन्म की, हम सदा किसी न किसी बात की प्रतीक्षा करते रहते हैं। और मसीही जीवन स्वयं भी एक प्रतीक्षा-काल है; पौलुस कहता है कि स्वर्ग के नागरिक होने के कारण हम अब “उद्धारकर्ता प्रभु यीशु मसीह के वहाँ से आने की बाट जोह रहे हैं।”
मसीहियों के लिए, यह प्रतीक्षा हमारे जीवन की परिभाषित विशेषताओं में से एक होनी चाहिए। हमारे अस्तित्व में एक पारलोकिक आयाम है—और वह महत्त्वपूर्ण है। हमें “पृथ्वी की वस्तुओं” (फिलिप्पियों 3:19) में न तो डूब जाना है, न उनके द्वारा नियन्त्रित होना है, न उनसे बँध जाना है, और न ही उन पर जकड़े रहना है, परन्तु हमें “स्वर्गीय वस्तुओं की खोज में” रहना है (कुलुस्सियों 3:1), जब हम उत्सुकता से अपने उद्धारकर्ता और उन सम्पूर्ण आशिषों की प्रतीक्षा करते हैं जिन्हें वह हम पर उण्डेल देगा। हमें प्रतीक्षा करने वाली प्रजा होना है, बस जाने वाली नहीं।
यदि आप कभी किसी प्रिय जन से लम्बे समय के लिए अलग हुए हैं, तो शायद आपने उससे मिलने की तीव्र लालसा की पीड़ा को अनुभव किया होगा। कुछ दिनों या कुछ सप्ताहों तक तो सब ठीक रहता है, परन्तु शीघ्र ही ऐसा लगने लगता है मानो आपका कोई भाग खो गया हो। आप उत्सुकता से पुनर्मिलन की प्रतीक्षा करते हैं—और जब वह दिन निकट आता है, तो आप और प्रतीक्षा सह नहीं पाते!
पौलुस चाहता है कि हम अपने प्रभु यीशु मसीह की उसी प्रकार की लालसा के साथ प्रतीक्षा करें। हम ऐसा तब करेंगे जब हम यह स्मरण रखेंगे कि “समय कम किया गया है” (1 कुरिन्थियों 7:29) और यह कि “जिस समय हमने विश्वास किया था, उस समय के विचार से अब हमारा उद्धार निकट है” (रोमियों 13:11)। हमारी दृष्टि से प्रतीक्षा चाहे जितनी भी लम्बी या छोटी हो, यीशु उचित समय पर लौटेगा—और जब वह आएगा, तो वह हमें अपने समान सदा के लिए रूपान्तरित कर देगा।
वह पुनर्मिलन आपके विचार से भी शीघ्र हो सकता है—और निश्चित ही वह उस अनन्तता की विशालता की तुलना में “शीघ्र” होगा जो हमारी प्रतीक्षा कर रही है! परन्तु अभी के लिए, आपको और मुझे अपने राजा की वापसी की ओर देखते हुए उसकी प्रतीक्षा करनी है। इसलिए, उस दिन तक जब आप अपने उद्धारकर्ता की उपस्थिति में सदा के लिए पहुँचा दिए जाएँगे, इस संसार की पेशकशों पर सन्तुष्ट न हो जाएँ, और “अभी” को “अभी नहीं” से अधिक प्रिय न बना लें। इसके बजाय, भजनकार के साथ मिलकर कहें, “मैं यहोवा की बाट जोहता हूँ, मैं जी से उसकी बाट जोहता हूँ, और मेरी आशा उसके वचन पर है; पहरुए जितना भोर को चाहते हैं, हाँ, पहरुए जितना भोर को चाहते हैं, उससे भी अधिक मैं यहोवा को अपने प्राणों से चाहता हूँ” (भजन 130:5-6)। आज का दिन जैसा भी बीते, उसे आने वाले की प्रतीक्षा का दिन बना दें।
रोमियों 13:11-14
पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: भजन 116–118; 2 कुरिन्थियों 3 ◊