“यह कहकर उसने अपना हाथ और अपना पंजर उनको दिखाए। तब चेले प्रभु को देखकर आनन्दित हुए।” यूहन्ना 20:20
पहला ईस्टर एक सामान्य ईस्टर उत्सव जैसा नहीं दिखा।
यीशु के पुनरुत्थान का समाचार आने से पहले वह दिन आँसुओं, तबाही और उलझन से भरा हुआ था—उसमें आनन्द, आशा और स्तुति बिल्कुल नहीं थे। शिष्य डर के मारे एक साथ इकट्ठा थे, एक-दूसरे को बचाने के लिए, यह गाने के लिए नहीं, “मसीह प्रभु आज जी उठा है, हालेलुयाह!”[1] वे दुखी बैठे थे; उनकी कहानी अचानक थम गई थी और अगला पन्ना खाली था।
या यह उनकी अपनी सोच थी।
बाइबल यीशु की क्रूस पर मृत्यु के बाद उसके अनुयायियों द्वारा महसूस किए गए दुख को नकारने या कम करने का प्रयास नहीं करती। वे नहीं समझ पाए थे कि क्या हुआ था और निश्चित रूप से उन्हें यह नहीं पता था कि आगे क्या होने वाला था। उनका दुख मनुष्यजाति की सीमाओं को दर्शाता है कि हम बड़ी तस्वीर को पूरी तरह से नहीं समझ सकते। पुराने नियम की भविष्यवाणियों और यीशु द्वारा अपनी मृत्यु की नबूवत के बावजूद (मरकुस 8:31; 9:31; 10:33-34) यूहन्ना का सुसमाचार हमें बताता है कि “वे तो अब तक पवित्रशास्त्र की वह बात न समझे थे कि उसे मरे हुओं में से जी उठना होगा” (यूहन्ना 20:9)। वे यह नहीं समझे थे कि जब यीशु ने क्रूस से कहा, “पूरा हुआ” (19:30), तो वह पराजय की अभिव्यक्ति नहीं, बल्कि विजय की घोषणा थी।
इस विजय का अर्थ पुनरुत्थान था। और जब मृतकों में से जी उठा उद्धारकर्ता अपने शिष्यों के अंधकार, भय और दुख में आया, तो उनके लिए एक परिवर्तन ले आया। उनका अविश्वास विश्वास में और उनका दुख आनन्द में बदल गया। वह आनन्द इस तथ्य में निहित था कि वे समझ गए थे कि यीशु मृतकों में से जी उठा था। उनका विश्वास और भविष्य लौट आए थे, और इस अद्भुत वास्तविकता में जड़ें जमा ली थीं। उनकी निराशा के अंधकार ने पुनरुत्थान के प्रकाश को और भी महिमामय बना दिया था।
यदि आप किसी ऐसे देवता की तलाश में हैं जो आपको केवल आनन्द दे, तो आपको बाइबल के परमेश्वर की तलाश नहीं करनी चाहिए। वह हमें आनन्दित करता है—किसी भी अन्य व्यक्ति या वस्तु से अधिक—परन्तु वह अक्सर हमें दुख देकर आरम्भ करता है। हम इस टूटे हुए संसार से दुखी होते हैं, अपने पाप से दुखी होते हैं, इस बात से दुखी होते हैं कि यीशु ने हमारे पापों, अवज्ञा और उदासीनता के लिए क्रूस पर अपने प्राण दे दिए। केवल ऐसे सच्चे दुख की भावना से ही हम उस आनन्द को पूरी तरह समझ सकते हैं, जो हमारे हिसाब को चुकता करने, हमारे कर्ज को चुकाने और हमारे अपराधों को माफ करने के साथ आता है।
हम उस प्रेम का आनन्द ले सकते हैं जो हमें उस स्थिति में भी प्रेम करता है, जब हम इसके लायक नहीं होते—जो हमें तब भी प्रेम करता है जब हम सुनना नहीं चाहते। यह कैसा प्रेम है? यही है मनुष्यों के लिए, आपके और मेरे लिए परमेश्वर का प्रेम! आज, अपने आप से आँखें हटाकर उसे देखिए। यही प्रेम है, और जब हम जान जाते हैं कि हमें इस तरह से प्रेम किया गया है, तो हम कष्टों में भी चंगाई देख सकते हैं और यह समझ सकते हैं कि दुख वह भूमि हो सकता है जिसमें अनन्त आनन्द पनपता है। आपके जीवन के किस भाग के बारे में—जो भाग शायद दर्द, पछतावे, या चिन्ता से भरा हुआ है—आपको आज यह सुनने की आवश्यकता है? याद रखें कि आप जिस भी परिस्थिति में से गुजर रहे हैं, यह सत्य कायम रहता है कि मसीह प्रभु जी उठा है। हालेलुयाह!
यूहन्ना 20:19-23