“भाईचारे के प्रेम से एक दूसरे से स्नेह रखो; परस्पर आदर करने में एक दूसरे से बढ़ चलो।” रोमियों 12:10
युवा भाई-बहन अक्सर एक-दूसरे को धक्का देते हैं और एक-दूसरे की शिकायत करते हैं। यदि हम ईमानदार हों, तो कभी-कभी कलीसिया में हमारा “भाईचारे का स्नेह” इस तरह की सोच और व्यवहार से अधिक प्रभावित होता है, बजाय इसके कि यह प्रेम और आभार से भरपूर हो। जब हम एक-दूसरे की ओर देखते हैं, तो हम यह गाने के बजाय कि “हमें खुशी है कि हम परमेश्वर के परिवार का हिस्सा हैं,”[1] हम अक्सर गहरी सोच में डूबकर यह गाते हैं, “मुझे हैरानी है कि तुम परमेश्वर के परिवार का हिस्सा हो।”
पौलुस हमें एक बेहतर मार्ग की ओर बुलाता है।
इस वाक्य में प्रेम को पारिवारिक शब्दों के माध्यम से वर्णित किया गया है। फिलोस्टोर्गोई, जिसका अनुवाद यहाँ “प्रेम” किया गया है, यूनानी शब्द स्टोर्गे से आया है, जो माता-पिता के लिए अपने बच्चों के प्रति समर्पित प्रेम को दर्शाता है। फिलाडेल्फिया, जिसका अनुवाद यहाँ “भाईचारे का प्रेम” किया गया है, वह शब्द है जो भाई-बहनों के बीच के प्रेम के लिए प्रयोग होता है (जैसे फिलाडेल्फिया शहर का नाम, “भाईचारे के प्रेम का शहर”)। रोमियों 8 में पौलुस अपने पाठकों को यह याद दिला चुका है कि वे परमेश्वर के अनुग्रह से एक ही परिवार का हिस्सा हैं (रोमियों 8:12-17)। अब चूंकि वे सभी एक ही आधार पर—अर्थात यीशु में—परमेश्वर के परिवार में लाए गए हैं, इसलिए अनिवार्य है कि वे एक-दूसरे के प्रति समर्पित रहें।
इस प्रकार के प्रेम के लिए केवल वास्तविक स्नेह ही नहीं बल्कि विनम्रता भी आवश्यक है। हिन्दी की बाइबल में इस पद के दूसरे वाक्य का अनुवाद इस प्रकार किया गया है, “परस्पर आदर करने में एक दूसरे से बढ़ चलो।” यह हमें फिलिप्पियों 2 की याद दिलाता है, जहाँ पौलुस लिखता है, “दीनता से एक दूसरे को अपने से अच्छा समझो” (फिलिप्पियों 2:3)। पवित्रशास्त्र हमें दूसरों को पहले स्थान पर रखने का बुलावा देता है। हमें दूसरे स्थान पर खड़ा होना सीखना होगा, और वह भी बिना शिकायत किए या इस तरह से प्रशंसा पाने की उलटी कोशिश किए। कलीसिया के परिवार में केवल एक ही प्रतिस्पर्धात्मक तत्व होना चाहिए, और वह यह कि कौन सबसे अधिक दूसरों की मदद कर सकता है।
इस प्रकार के भाईचारे के प्रेम के बारे में सोचना हमें वापिस यीशु की ओर ले आता है, जो हमें अपने भाई-बहन कहकर पुकारना पसन्द करता है (इब्रानियों 2:11-15)। क्योंकि यीशु, “जिसने परमेश्वर के स्वरूप में होकर भी परमेश्वर के तुल्य होने को अपने वश में रखने की वस्तु न समझा, वरन् अपने आप को ऐसा शून्य कर दिया, और दास का स्वरूप धारण किया, और मनुष्य की समानता में हो गया” (फिलिप्पियों 2:6-7)। यीशु ही दिखा सकता है कि सच्चे भाईचारे का प्रेम क्या होता है; यीशु ही अपने परिवार से इस प्रकार का प्रेम करता है, जो सम्मान दिखाने में सबसे आगे है; यीशु ही है जिसके जैसे बनने का बुलावा हमें दिया गया है, और जब भी हम मसीह के जैसा भाईचारे का प्रेम दिखाने का चुनाव करते हैं, तो हम उसके जैसा ही जी रहे होते हैं। इसलिए आज उसके जैसा प्रेम करें।
1 शमूएल 20
पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: यिर्मयाह 48–49; फिलिप्पियों 1 ◊
[1] ग्लोरिया गेदर ऐण्ड विलियम जे. गेदर, “द फैमिली ऑफ गॉड” (1970).