“नगर के चारों ओर का घेरा अठारह हज़ार बाँस का हो, और उस दिन से आगे को नगर का नाम ‘यहोवा शाम्मा’ रहेगा।” यहेजकेल 48:35
सर्वश्रेष्ठ अभी आना बाकी है।
इस्राएलियों को निर्वासन में रहते हुए छः दशक बीत चुके थे, जब छठवीं शताब्दी ईसा पूर्व में फारस के कुस्रू ने सत्ता सम्भाली। जल्द ही, राजा ने कुछ इस्राएली बन्दियों को उनके स्वदेश लौटने की अनुमति दे दी। बड़ी आशा और प्रत्याशा के साथ एज्रा और नहेम्याह ने वापसी की यात्रा करते हुए लोगों का मार्गदर्शन किया और यरूशलेम के मन्दिर और दीवारों के पुनर्निर्माण में उनका नेतृत्व किया।
वापस लौटने वाले निर्वासितों की संख्या कम थी और उन्हें कड़े विरोध का सामना करना पड़ा। वे अपनी कोशिशों में सफल रहे, लेकिन वे बिल्कुल भी विजयी नहीं थे। वास्तव में, जो वृद्ध और सयाने लोग थे, वे मन्दिर की नींव रखते समय रोने लगे, क्योंकि वे जानते थे कि यह भविष्यद्वक्ताओं की बड़ी अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतरेगा (एज्रा 3:10-12)।
जो लोग रो रहे थे, उनकी लालसाएँ यहेजकेल की अन्तिम भविष्यवाणी को प्रतिबिम्बित करती थीं, जिसमें यह बड़ी आशा थी: एक दिन एक बड़े यरूशलेम में एक नया मन्दिर बनाया जाएगा। वह पहले मन्दिर से कहीं अधिक भव्य होगा, और विशाल संरचना में परमेश्वर विराजमान होगा, जहाँ से एक नदी बहेगी, जो सारे संसार को अनन्त जीवन देगी (यहेजकेल 40–48 देखें)।
इस्राएलियों को यह पता था कि जो वे बना रहे थे, वह उस मन्दिर जैसा बिल्कुल भी नहीं था, जिसकी यहेजकेल ने भविष्यवाणी की थी। वह उससे बिल्कुल भी मेल नहीं खाता था। और न ही बेबीलोन से घर वापसी वह महान कूच था जिसके बारे में भविष्यवक्ताओं ने बात की थी। वे तो अपने स्वयं के नगर और पुनर्निर्मित मन्दिर से परे देख रहे थे। अन्ततः, यहेजकेल परमेश्वर के आने वाले राज्य के बारे में भविष्यवाणी कर रहा था, जो उसकी अपनी समझ से परे था।
प्रकाशितवाक्य की पुस्तक में यूहन्ना ने स्वर्ग का एक ऐसा दर्शन वर्णित किया है, जो एक अलग ही दृश्य को प्रस्तुत करता है: परमेश्वर के राज्य में कलीसिया। परमेश्वर की योजना कभी भी केवल इस्राएलियों तक ही सीमित नहीं थी; इसमें और भी बहुत कुछ अधिक शामिल है। वह पाप के प्रभावों को पूरी तरह से नष्ट करने और सम्पूर्ण संसार का नवीनीकरण करने के लिए दृढ़ संकल्पित है। एक बार फिर, मनुष्यजाति यह जान पाएगी कि परमेश्वर की उपस्थिति में लगातार जीने का क्या अर्थ है, उस नगर में जिसे “प्रभु वहाँ है” कहा जाएगा। परमेश्वर हमारे बीच होगा, और उससे जीवन सभी तक पहुँचेगा: “मैंने पवित्र नगर नए यरूशलेम को स्वर्ग से परमेश्वर के पास से उतरते देखा . . . मैंने उसमें कोई मन्दिर न देखा, क्योंकि सर्वशक्तिमान प्रभु परमेश्वर और मेमना उसका मन्दिर है। उस नगर में सूर्य और चाँद के उजियाले की आवश्यकता नहीं, क्योंकि परमेश्वर के तेज से उस में उजियाला हो रहा है, और मेमना उसका दीपक है” (प्रकाशितवाक्य 21:2, 22-23)।
हमसे पहले के इस्राएलियों की तरह हम भी भविष्य की ओर देख कर जीते हैं। हम राजा के आगमन और उसकी मुक्ति की पूर्णता की अपेक्षा में भविष्य की ओर झुके रहते हैं। हम यीशु के राज्य में उसके साथ रहेंगे और उस आनन्द का अनुभव करेंगे, जो उसके साथ होने से आता है। इस जीवन में जो कुछ भी है, उससे सन्तुष्ट न हो जाएँ, और यहाँ तथा अब की निराशाओं के कारण हताश न हो जाएँ। हमारे सर्वश्रेष्ठ दिन हमारे सामने हैं, परमेश्वर के नगर में।
यहेजकेल 47:1-12