22 सितम्बर : प्रेम का नियम

Alethia4India
Alethia4India
22 सितम्बर : प्रेम का नियम
Loading
/

“मैं तुम सुनने वालों से कहता हूँ कि अपने शत्रुओं से प्रेम रखो; जो तुम से बैर करें, उनका भला करो।” लूका 6:27

जब आप बाइबल पढ़ते हैं और उसमें मसीही आस्था का वर्णन पाते हैं, और फिर आप अपने आप को देखते हैं, तो क्या कभी आप यह सोचते हैं कि क्या आप सचमुच एक मसीही हैं या नहीं? मुझे पता है कि मैं ऐसा करता हूँ।

विश्वासियों के रूप में हमारा आश्वासन और परमेश्वर का हमसे प्रेम इस बात पर निर्भर नहीं करता कि हम कुछ मसीही सिद्धान्तों का अपने जीवन में कितने अच्छे तरीके से पालन करते हैं; बल्कि ये दोनों हमारे लिए मसीह द्वारा क्रूस पर किए गए काम पर निर्भर करते हैं। फिर भी, बाइबल हमें वर्तमान में अपनी मुक्ति के प्रमाण देखने के बारे में सिखाती है। यदि हम सचमुच अपने स्वर्गिक पिता के बच्चे हैं, तो हमें दूसरों के प्रति एक ऐसा प्रेम दिखाना होगा जो यीशु के हमारे लिए प्रेम के समान हो।

यीशु हमें लोगों से इस प्रकार प्रेम करने के लिए कहता है, जो उनके आकर्षण, योग्यता या अनुराग्यता से सम्बन्धित न हो। हम जानते हैं कि परमेश्वर हमसे ठीक ऐसा ही प्रेम करता है—उसका प्रेम इस बात पर आधारित नहीं है कि हमने अपना व्यवहार ठीक किया है, हम उसके ध्यान के योग्य हैं या हम उसकी सेवा में सहायक अथवा उपयोगी हैं। इन सभी बातों से परमेश्वर का प्रेम हमारे लिए बढ़ता नहीं है। नहीं—“परन्तु परमेश्वर हम पर अपने प्रेम की भलाई इस रीति से प्रगट करता है कि जब हम पापी ही थे तभी मसीह हमारे लिए मरा” (रोमियों 5:8, अतिरिक्त बल जोड़ा गया)।

इसलिए, हमारी आस्था का सबसे बड़ा मापदण्ड प्रेम है—वह प्रेम जो उस प्रेम को दर्शाता है जो हमें इतनी अधिकता में प्राप्त हुआ है। हम अगापे प्रेम में संलग्न होते हैं—शर्त-रहित, बलिदानी प्रेम—क्योंकि यह परमेश्वर के चरित्र और उसके द्वारा हमारे लिए किए गए कामों का एक प्रकट रूप है। हम अपने शत्रुओं से इस प्रकार का प्रेम इस कारण नहीं करते क्योंकि हम उन्हें उनके असली रूप में नहीं देख पाते, बल्कि इसलिए क्योंकि हमने अपने स्वयं के लिए परमेश्वर के प्रेम को देखा है। यीशु कहता है कि जब हम दूसरों को जैसा वे हैं वैसे देखते हैं—उनकी सारी कुरूपता और नफरत, उनके सारे शाप, उनके सारे द्वेष, और हमसे उधार लिए हुए को न चुकाना—तो हमें इसके बारे में यथार्थवादी होना चाहिए, और फिर उनसे प्रेम करना चाहिए। यीशु कहता है, जब तुम यह सारी शत्रुता देखो, तो मैं चाहता हूँ कि तुम अपने शत्रुओं से प्रेम करो।

स्वभाव से, हम इस प्रकार के प्रेम को दिखाने में असमर्थ हैं। लेकिन ज़रा सोचिए कि यदि हम तैयार हों कि हर अपने दैनिक जीवन में और असाधारण परिस्थितियों में भी मसीह जैसा प्रेम दर्शाएँ—एक ऐसा प्रेम जो उनके लिए भी भलाई चाहता है जिन्होंने हमारे प्रति शत्रुता दिखाई हो—तो हम अपनी संस्कृति में कितना बड़ा बदलाव ला सकते हैं। यह निश्चित रूप से एक क्रान्तिकारी परिवर्तन होगा और इसमें कोई सन्देह नहीं है।

प्रेरितों 9:10-28

◊ पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: यहेजकेल 5–7; यूहन्ना 9:24-41

Leave A Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *