22 जून : उदासीनता के लिए कोई स्थान नहीं है

Alethia4India
Alethia4India
22 जून : उदासीनता के लिए कोई स्थान नहीं है
Loading
/

“बुराई से घृणा करो; भलाई में लगे रहो।” रोमियों 12:9

जिस मरीज ने हड्डियों के गुदे का ट्राँसप्लाण्ट कराया है, वह जानता है कि संक्रमण के किसी भी सम्भावित खतरे से खुद को अलग रखना कितना महत्त्वपूर्ण है। चूंकि उनका प्रतिरक्षा तन्त्र इतना कमजोर हो जाता है, इसलिए वे औसत व्यक्ति से कहीं अधिक बीमारियों के प्रति संवेदनशील हो जाते हैं। यदि कोई आगंतुक खाँसते हुए आए और कहे कि यह “कोई बड़ी बात नहीं” है, तो वह मरीज के लिए और उसके डॉक्टर के लिए घृणास्पद होगा। किसी भी बीमारी की रोकथाम ऐसे की जानी चाहिए मानो यह कोई महामारी हो, क्योंकि इसके परिणाम सम्भावित रूप से जानलेवा हो सकते हैं।

मसीह प्रेम को बुराई के खिलाफ इसी प्रकार की कट्टर मानसिकता को दर्शाना चाहिए। हम यह नहीं कह सकते कि हम दूसरों से सच्चा प्रेम करते हैं, यदि हम अपने दिल में बुराई को संजोते हैं, या उसे सहन करते हैं, और अच्छाई से खुद को दूर रखते हैं। हम दुष्टता के साथ नहीं खेल सकते, और खासतौर पर कुछ पापों के प्रति लापरवाही वाला रवैया नहीं अपना सकते। “घृणा” वह शब्द है जिसे पौलुस सबसे सख्ती से इस्तेमाल करता है। शुद्धता के मामले में वह कोई समझौता नहीं करता।

इस वाक्य के आरम्भ में ही पौलुस ने अपने पाठकों को निर्देश दे दिया है कि उनका “प्रेम निष्कपट हो।” फिर, क्या यह दिलचस्प नहीं है कि पौलुस “प्रेम” के तुरन्त बाद “घृणा” जैसा कठोर शब्द इस्तेमाल करता है? हमें अक्सर लगता है कि यदि हम प्रेम करते हैं, तो हमें किसी व्यक्ति या वस्तु से घृणा नहीं करनी चाहिए—लेकिन यह सिर्फ भावुकता है। पौलुस यह स्पष्ट करता है कि प्रेम “कुकर्म से आनन्दित नहीं होता” (1 कुरिन्थियों 13:6)। यदि आप अपने जीवनसाथी से एक प्रचण्ड पवित्रता के साथ प्रेम करते हैं, तो आप उस सम्बन्ध को नुकसान पहुँचाने वाली हरेक बात से नफरत करते हैं; अन्यथा आपका प्रेम सच्चा प्रेम नहीं है। यही सिद्धान्त परमेश्वर की बातों के प्रति हमारे प्रेम पर भी लागू होता है। हम अपवित्रता से घृणा किए बिना पवित्रता से प्रेम नहीं कर सकते।

आगे बढ़ते हुए पौलुस नकारात्मक से सकारात्मक की ओर मुड़ता है, और उन्हीं शब्दों, अर्थात “लगे रहो,” का उपयोग करता है, जिनका उपयोग यीशु ने विवाह के रिश्ते को समझाने के लिए किया था (देखें मत्ती 19:5)। पौलुस इन शब्दों का उपयोग बिना उद्देश्य के नहीं करता। मानसिक, बौद्धिक और आध्यात्मिक दृष्टिकोण से विवाह सम्भवतः सबसे करीबी मानव संघ है। इसलिए पौलुस यहाँ कह रहा है कि मसीह प्रेम में अच्छाई के प्रति “मजबूत गोंद” जैसे प्रतिबद्धता होनी चाहिए।

हमें सावधान रहना चाहिए कि हम संसार के उस जाल में न फँसे, जिसमें “बुराई को अच्छाई और अच्छाई को बुराई” कहा जाता है, या ऐसे लोग न बनें, “जो अँधियारे को उजियाला और उजियाले को अँधियारा ठहराते” हैं (यशायाह 5:20)। परमेश्वर के लोग यह समझते हैं कि प्रेम का एक समय होता है और घृणा का एक समय होता है (सभोपदेशक 3:8)।

तो फिर आप बुराई के प्रति अपने दृष्टिकोण को कैसे वर्णित करेंगे—विशेषकर उन पापों के बारे में जो आपके लिए सबसे आकर्षक हैं या आपके आस-पास रहने वाले लोग जिनमें खुशी मनाते हैं? यदि आप उनसे घृणा करने लगेंगे, तो क्या बदलाव आएगा? आज आप परमेश्वर के आत्मा पर निर्भर रहें, ताकि आप सही ढंग से प्रेम कर सकें और उन बातों से नफरत कर सकें जिनसे परमेश्वर नफरत करता है, और जॉन बेली की प्रार्थना को अपनी प्रार्थना बना लें: “हे परमेश्वर, मुझे अच्छाई के पीछे जाने की शक्ति दे। अब जब मैं प्रार्थना करता हूँ, तो हमारे मनों में कोई गुप्त बुरी भावना न हो, जो पूरी होने के अवसर का इंतजार कर रही हो।”[1]

  मरकुस 9:42-50

◊ पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: यिर्मयाह 46–47; मत्ती 28


[1] ए डायरी ऑफ प्राइवेट प्रेयर  में “सिक्स्थ डे, इवनिंग,” (फायरसाईड, 1996), पृ. 31.

Leave A Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *