21 अगस्त : मसीह में मित्र

Alethia4India
Alethia4India
21 अगस्त : मसीह में मित्र
Loading
/

“मुझे प्रभु यीशु में आशा है कि मैं तीमुथियुस को तुम्हारे पास तुरन्त भेजूँगा, ताकि तुम्हारी दशा सुनकर मुझे शान्ति मिले। क्योंकि मेरे पास ऐसे स्वभाव का कोई नहीं जो शुद्ध मन से तुम्हारी चिन्ता करे . . . पर मैंने इपफ्रुदीतुस को जो मेरा भाई और सहकर्मी और संगी योद्धा और तुम्हारा दूत, और आवश्यक बातों में मेरी सेवा टहल करने वाला है, तुम्हारे पास भेजना आवश्यक समझा।” फिलिप्पियों 2:19-20, 25

क्या आपके जीवन में कोई ऐसा है जिसे आप संकट की घड़ी में तुरन्त बुलाएँगे? कौन से गुण किसी व्यक्ति को ऐसी ज़िम्मेदारी के योग्य बनाते हैं? सम्भवतः वह व्यक्ति जिसे आप बुलाने का निर्णय लेंगे, वही होगा जिस पर आप भरोसा करते हैं, और जिसे आप जानते हैं कि वह जो कुछ भी कर रहा होगा उसे छोड़कर आपकी सहायता के लिए आ जाएगा। ऐसे स्त्री-पुरुष सच्चे मित्र होते हैं।

जब पौलुस को सहायता की आवश्यकता पड़ी, और वह रोमी कारागार में बन्द था, तब वह जानता था कि वह किन मित्रों को बुला सकता है: तीमुथियुस और इपफ्रुदीतुस को। वह फिलिप्पियों 2 में उनका नाम लेकर उल्लेख करता है और उन्हें मसीह में प्रिय सहकर्मी बताता है। फिर भी हमारे लिए सबसे उपयोगी बात यह देखना नहीं है कि पौलुस के पास ऐसे विश्वासयोग्य साथी थे, बल्कि यह है कि वे ऐसे क्यों थे।

पहले, ये कार्य करने वाले पुरुष थे। पौलुस कहता है कि उसके पास तीमुथियुस के समान “स्वभाव का कोई नहीं” था, और उसका “परखा” हुआ चरित्र सबको ज्ञात था, क्योंकि “उसने सुसमाचार के फैलाने में मेरे साथ परिश्रम किया” था (फिलिप्पियों 2:22)। इसी प्रकार, इपफ्रुदीतुस “सहकर्मी और संगी योद्धा” था—जो “मसीह के काम के लिए अपने प्राणों पर जोखिम उठाकर मृत्यु के निकट आ गया था” (पद 30)। ये पुरुष मसीही कार्य का जीवित उदाहरण थे। वे केवल सदस्यता सूची के नाम या किसी चार्ट के अंक नहीं थे। वे अपने विश्वास को काम में लगा रहे थे और अपने विश्वास के योग्य ठहर रहे थे। जब पौलुस को किसी को फिलिप्पी भेजने की आवश्यकता पड़ी, तो वह जानता था कि वे यह कार्य करेंगे।

वे उपलब्ध भी थे—इस अर्थ में नहीं कि वे केवल अपनी दिनचर्या खाली रखते थे, बल्कि इस अर्थ में कि जब और जैसा आवश्यक होता था, वे वही करने के लिए तैयार रहते थे। पौलुस उनसे जो अपेक्षा कर रहा था, वे छोटे दायित्व नहीं थे! परन्तु वह जानता था कि मसीह के प्रति उनकी भक्ति ऐसी है कि जब वह बुलाएगा, वे उपलब्ध होंगे।

क्या आपका भी ऐसा वर्णन किया जा सकता है? जब आपके आस-पास सेवाकार्य की आवश्यकताएँ होती हैं, तो क्या आपको कार्य करने और उपलब्ध रहने के लिए जाना जाता है? यह आवश्यक नहीं—और अक्सर ऐसा नहीं होता—कि यह पौलुस द्वारा अपने मित्रों को सौंपी गई किसी नाटकीय सेवा के समान दिखाई दे। मुद्दा महान कार्य करने का नहीं है। प्रभु को आपके परिश्रम की आवश्यकता नहीं है। परन्तु जब आप उसके नाम में कार्य करने और उसके उद्देश्य के लिए उपलब्ध होने का निश्चय करते हैं, तो वह अपनी प्रजा के भले के लिए आपको उपयोग करने का चयन प्रसन्नता से कर सकता है।

सरल और छोटे कार्य भी महत्त्वपूर्ण हो सकते हैं। क्या होगा यदि आप यह निश्चय करें कि आप सप्ताह में दो बार कलीसिया के किसी सदस्य को फोन करके उसे प्रोत्साहित करेंगे? क्या होगा यदि आप नियमित रूप से किसी के पास जाकर उसके साथ प्रार्थना करेंगे? उस मित्र से बढ़कर कोई मित्र नहीं जो दूसरों को यीशु की ओर इंगित करे। ऐसे मित्रों से अपने आप को घेर लें, और स्वयं भी ऐसा मित्र बनने का प्रयास करें।

  नीतिवचन 27:5-9

◊ पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: भजन 107–109; गलातियों 6

Leave A Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *