“तब बोअज़ ने वृद्ध लोगों और सब लोगों से कहा, ‘तुम आज इस बात के साक्षी हो कि जो कुछ एलीमेलेक का और जो कुछ किल्योन और महलोन का था, वह सब मैं नाओमी के हाथ से मोल लेता हूँ। फिर महलोन की स्त्री रूत मोआबिन को भी मैं अपनी पत्नी करने के लिए इस विचार से मोल लेता हूँ।’” रूत 4:9-10
हर दिन जब हम विभिन्न परिस्थितियों का सामना करते हैं, तो हमें स्वयं से यह प्रश्न पूछना चाहिए: “क्या करना सही है?”
यही बात बोअज़ ने तब सोची जब उसने नगर के फाटक पर जाने का निश्चय किया। वह रूत से विवाह करना चाहता था और निस्तारक-कुटुम्बी के रूप में उसकी रक्षा और देखभाल करना चाहता था। लेकिन वह जानता था कि रूत का एक अन्य सम्बन्धी उसके स्वयं से अधिक उसका निकट-सम्बन्धी था, जिसे इस भूमिका को स्वीकार करने का पहला अधिकार प्राप्त था। बोअज़ एक ईमानदार व्यक्ति था, जो केवल भावनाओं में बहकर कोई निर्णय नहीं लेना चाहता था, जब रूत ने उसे खलिहान में विवाह का प्रस्ताव दिया था। उसकी दृष्टि पूरी तरह इस बात पर केन्द्रित थी कि वह रूत को उचित रीति से अपनाए। बोअज़ ने अपनी प्रतिष्ठा से अधिक सही कार्य करने को प्राथमिकता दी। वह नगर के सबसे सार्वजनिक स्थान—नगर फाटक—पर गया ताकि वह एक परदेशी से विवाह कर सके, जो उसकी प्रतिष्ठा और विरासत को खतरे में डाल सकता था। अन्य निकट-सम्बन्धी इस जोखिम को उठाने के लिए तैयार नहीं था (रूत 4:6)। पवित्रशास्त्र में इस व्यक्ति का नाम तक नहीं दिया गया। यह हमारे लिए एक शिक्षा है: हमें स्वयं के लिए नाम बनाने और उसे सुरक्षित रखने का प्रयास नहीं करना चाहिए। दूसरों को हमारे बारे में बात करने और हमारी प्रशंसा करने दें। हमें केवल सही काम करने का प्रयास करना चाहिए।
बोअज़ के शब्दों से स्पष्ट होता है कि उसका एक प्रमुख उद्देश्य था: “मरे हुए का नाम उसके निज भाग पर स्थिर करूँ” (रूत 4:10)। अर्थात, उसने नाओमी के दिवंगत पति एलीमेलेक के नाम और परिवार की वंशावली को बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया। यह निस्वार्थता का परिचायक है और प्रशंसनीय है। यदि बोअज़ केवल अपने स्वार्थ और इच्छाओं की चिन्ता करता, तो वह रूत को चुपचाप अपनी पत्नी बना सकता था। लेकिन उसने अपने दायित्व को पूरा किया और सार्वजनिक रूप से इस स्थिति को स्वीकार किया। उन दिनों में निस्तारक-कुटुम्बी की भूमिका को त्यागने और अपनाने वाले व्यक्ति इस काम को मुहरबन्द करने के लिए अपने जूतों का सार्वजनिक रूप से आदान-प्रदान करते थे (पद 7)। यह आदान-प्रदान एक बड़ी सच्चाई का, अर्थात रूत के लिए बोअज़ की प्रतिबद्धता, प्रेम और व्यक्तिगत बलिदान का प्रतीक था। इसी तरह क्रूस भी सार्वजनिक रूप से सबके सामने खड़ा है, जहाँ हम हमारे लिए मसीह की प्रतिबद्धता, प्रेम और बलिदान को देखते हैं। बोअज़ को रूत से विवाह करने के लिए आर्थिक बलिदान देना पड़ा। हमें छुड़ाने और अपनी प्रिय दुल्हन बनाने के लिए मसीह को अपने स्वयं के जीवन का बलिदान देना पड़ा।
बोअज़ और मसीह के बलिदानों ने भविष्य और आशा प्रदान करने वाली महान आशिषों और विरासतों को उत्पन्न किया, जिनमें से एक, एक मोआबिन युवती और उसकी सास के लिए थी और दूसरी सम्पूर्ण मानवता के लिए थी। बोअज़ के सत्यनिष्ठ प्रयासों के परिणामस्वरूप एक ऐसा विवाह हुआ, जिसने इतिहास में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई, क्योंकि इस वंश से हमारे उद्धारकर्ता का जन्म हुआ (मत्ती 1:5)। और मसीह के बलिदान के कारण अब हम उस दिन की प्रतीक्षा करते हैं जब हम महिमा में खड़े होंगे, उसका मुख देखेंगे, और सदा के लिए उसके नाम की स्तुति करेंगे। हमारा दूल्हा आया और हमें बड़ी कीमत चुकाकर उचित रूप से अपना बना लिया।
कल्पना करें कि जब रूत ने सुना कि बोअज़ ने अपने जूते दे दिए हैं और विवाह की पुष्टि कर दी है, तो उसे कितनी प्रसन्नता हुई होगी। हमें भी वैसा ही आनन्द अनुभव करना चाहिए जब हम क्रूस को देखते हैं और जानते हैं कि हम मसीह के हो चुके हैं। और बोअज़ के उदाहरण से हमें अपने दैनिक निर्णयों और संघर्षों में यह पूछना सीखना चाहिए: “क्या करना सही है?”
रूत 4:1-12
पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: 2 शमूएल 21–22; 3 यूहन्ना ◊