“अतः अब जो मसीह यीशु में हैं, उन पर दण्ड की आज्ञा नहीं।” रोमियों 8:1
क्या आप कभी अपने आप से निराश होते हैं? शायद आपको लगता है कि पवित्रता की ओर आपकी यात्रा अत्यन्त धीमी और कष्टदायक है। सम्भव है कि न्यूटन के तीसरे नियम का कोई रूप आपके मसीही जीवन पर लागू होता हुआ प्रतीत हो: हर एक विजय के बदले एक समान और विपरीत विफलता।
आप अकेले नहीं हैं। महान प्रेरित पौलुस ने भी पाप के साथ अपने निरन्तर संघर्ष में गहरी निराशा प्रकट की: “मैं कैसा अभागा मनुष्य हूँ! मुझे इस मृत्यु की देह से कौन छुड़ाएगा?” (रोमियों 7:24)। पौलुस की हताशा की गहराई को पढ़ते हुए यह विचार करना उचित है कि शायद हम पर्याप्त रूप से निराश ही नहीं होते। आखिरकार, अपनी कलीसिया में बाइबल-अध्ययन के दौरान अपनी ही दुष्टता पर विलाप करते हुए चिल्ला उठना तो सामान्य व्यवहार नहीं है!
फिर भी, अपनी निराशा की अवस्था में भी पौलुस जानता था कि पाप, चाहे कितना ही गम्भीर क्यों न हो, अन्तिम निर्णय नहीं देगा—और न दे सकता है। अगले ही पद में आशा प्रकट होती है: “हमारे प्रभु यीशु मसीह के द्वारा परमेश्वर का धन्यवाद हो!” (रोमियों 7:25)। फिर, अगले वाक्य में समस्या दोहराई जाती है, और हम सम्पूर्ण पवित्रशास्त्र की सबसे ऊँची चोटियों में से एक पर पहुँचते हैं: रोमियों 8, जो आज के शीर्षक पद की महिमामय प्रतिज्ञा से आरम्भ होता है।
पौलुस अपनी असफलताओं के उत्तर में क्यों कहता है, “परमेश्वर का धन्यवाद हो”? क्योंकि “अब जो मसीह यीशु में हैं, उन पर दण्ड की आज्ञा नहीं।” अब भी नहीं, और कभी भी नहीं! यहाँ हमारे सामने सुसमाचार का एक अत्यन्त अद्भुत विरोधाभास है: मैं निर्बल हूँ, असफल हूँ, और दोषी हूँ; परन्तु उसी समय, मसीह में मैं सुरक्षित हूँ, दृढ़ हूँ, और प्रेम किया गया हूँ।
यह कैसे हो सकता है? इसका उत्तर पाने के लिए हम रोमियों की पुस्तक में एक और महान “अतः” की ओर देख सकते हैं: “अतः जब हम विश्वास से धर्मी ठहरे, तो अपने प्रभु यीशु मसीह के द्वारा परमेश्वर के साथ मेल रखें” (रोमियों 5:1)। हम ऐसे अनुग्रह के योग्य नहीं हैं। परमेश्वर न्यायपूर्वक हमें हमारे अभागेपन में डूबने दे सकता था। परन्तु इसके स्थान पर, यीशु के द्वारा वह हमें मेल प्रदान करता है और हमें आशा देता है। हम धर्मी ठहराए गए हैं; यीशु ने हमारा दण्ड अपने ऊपर ले लिया है, ताकि अब, जब उसका पिता हमें देखता है, तो वह यीशु और उसकी सम्पूर्ण सिद्धता को देखता है।
आप और मैं पापी हैं—हाँ, अत्यन्त पापी हैं, और हम अब भी वैसे ही हैं। परन्तु हम सर्वोच्च रीति से प्रेम किए गए हैं, पूर्ण रूप से क्षमा किए गए हैं, और दण्ड के किसी भी खतरे में कभी नहीं हैं। अपनी निरन्तर कमियों और असफलताओं पर होने वाली निराशा को न तो कभी दबाएँ और न ही अनदेखा करें। बल्कि यह आपको कृतज्ञता और विश्राम के साथ यीशु की ओर लौट आने के लिए प्रेरित करे। जितना अधिक हम अपने पाप के प्रति सचेत होंगे, उतना ही अधिक हमें यह सत्य अद्भुत प्रतीत होगा कि मसीह यीशु में रहने वालों के लिए दिव्य दण्ड का कोई अंश नहीं है—और न कभी होगा।
भजन संहिता 103
◊ पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: भजन 137–139; 2 कुरिन्थियों 11:16-33