“यहोवा अनन्तकाल के लिए महाराजा है . . . तू कान लगाकर सुनेगा कि अनाथ और पिसे हुए का न्याय करे।”भजन 10:16-18
भजनों के पृष्ठ मानव हृदय की लगभग प्रत्येक भावना को व्यक्त करते हैं। ये दिव्य प्रेरित गीत इस बात को पूरी तरह समझते हैं कि पतन के बाद के इस संसार में जीवन में जहाँ आनन्द और स्तुति है, वहीं पीड़ा, निराशा और उलझन भी है। हम सब भजनकार के साथ अपने आपको जोड़ पाते हैं, जब वह पूछता है, “संकट के समय में क्यों छिपा रहता है?” (भजन 10:1) या “हे परमेश्वर, कब तक! क्या तू सदैव मुझे भूला रहेगा?” (भजन 13:1)। कठिनाइयों का सामना करने वाले हम पहले लोग नहीं हैं!
पवित्रशास्त्र इन वास्तविकताओं का उत्तर न तो निराशा के साथ देते हैं और न ही खोखली आशावादी बातों के साथ। बल्कि आशा स्वयं परमेश्वर के चरित्र और प्रतिज्ञाओं में दी जाती है और वहीं पाई जाती है।
यह आशा अनेक रूपों में आती है। उनमें से एक यह अद्भुत सत्य है कि परमेश्वर अपने लोगों की यातना को देखता है। जैसे मिस्र में इस्राएलियों के समय उसने कहा, “मैंने अपनी प्रजा के लोग जो मिस्र में हैं, उनके दुख को निश्चय देखा है” (निर्गमन 3:7)। यदि आप पीड़ा और संकट में हैं, तो जान लें कि परमेश्वर देखता है, जानता है, और बचाने को समर्थ और इच्छुक है—भले ही बचाव वैसा न हो जैसा आप कल्पना करते हैं।
जो लोग किसी भी प्रकार की अन्यायपूर्ण पीड़ाओं के शिकार हैं, उन्हें यह प्रतिज्ञा दी गई है कि परमेश्वर प्रत्येक खाते का हिसाब करेगा। कभी-कभी न्याय इस जीवन में आता है—पूरी तरह या आंशिक रूप से; परन्तु कुछ मामलों का अन्तिम निपटारा इस जीवन के बाद होगा। हालाँकि यह निश्चय है कि ऐसा अवश्य होगा। परमेश्वर का “एक दिन” ठहराया हुआ है, जब प्रत्येक अन्याय सुधारा जाएगा और प्रत्येक आँसू पोंछा जाएगा (यशायाह 2:12; 25:8)।
एक और दृष्टिकोण से आशा यह है कि “यहोवा अनन्तकाल के लिए महाराजा है।” वही राष्ट्रों को उठाता और गिराता है। वह शासकों को ऊँचा करता और उन्हें दीन भी करता है। जीवन और मृत्यु की शक्ति उसी के हाथ में है।
यह हमारे लिए सान्त्वना क्यों है? क्योंकि हम जानते हैं कि शासन किसके हाथ में है। और किसे आप सृष्टि का राजा चाहेंगे? और कौन है जो सामर्थ्य और पराक्रम में अनन्त है, और प्रेम और ज्ञान में पूर्ण है? और कौन है जो आदि से अन्त तक सब जानता है? केवल हमारा परमेश्वर, और वही अकेला राज्य करता है।
आप इस समय चाहे किसी भी परिस्थिति में हों—भजन-संग्रह आपको आमन्त्रित करता है कि प्रार्थनापूर्वक उसमें डूब जाएँ और अपने हृदय को परमेश्वर के अनुग्रह और महिमा की दृष्टि से भर लें। इससे आपकी कठिनाइयाँ तुरन्त दूर नहीं होंगी—परन्तु यह उन्हें सही परिप्रेक्ष्य में रख देगा। परमेश्वर की महिमा पर अपने मन की आँखें टिकाने से हम यह याद रख पाते हैं कि वही हमारे जीवन की सबसे बड़ी वास्तविकता है—हमारी समस्याओं से भी बड़ी। वह देखता है, वह न्याय करेगा, और वह राज्य करता है। उसकी ओर देखें, और कठिन दिनों तथा उलझी भावनाओं में भजनकार की तरह निश्चय करें: “परमेश्वर पर भरोसा रख; क्योंकि वह मेरे मुख की चमक और मेरा परमेश्वर है, मैं फिर उसका धन्यवाद करूँगा” (भजन 42:11)।
हबक्कूक 3:17-19
पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: गिनती 12–14; प्रकाशितवाक्य 19 ◊