19 सितम्बर : एक दृढ़ प्रतिबद्धता

Alethia4India
Alethia4India
19 सितम्बर : एक दृढ़ प्रतिबद्धता
Loading
/

“यहूदियों ने अपने-अपने लिए और अपनी सन्तान के लिए, और उन सभों के लिए भी जो उनमें मिल गए थे यह अटल प्रण किया, कि उस लेख के अनुसार प्रति वर्ष उसके ठहराए हुए समय में वे ये दो दिन मानें; और पीढ़ी-पीढ़ी, कुल-कुल, प्रान्त-प्रान्त, नगर-नगर में ये दिन स्मरण किए और माने जाएँगे, और पूरीम नाम के दिन यहूदियों में कभी न मिटेंगे और उनका स्मरण उनके वंश से जाता न रहेगा।” एस्तेर 9:27-28

आधुनिक पश्चिमी संस्कृति में “प्रतिबद्धता” एक कम प्रचलित शब्द है।

लोग प्रायः कहते हैं, “मैं नहीं चाहता कि आप किसी प्रकार अपने को प्रतिबद्ध महसूस करें।” परन्तु प्रतिबद्धता अक्सर आवश्यक और अच्छी होती है। मैं चाहता हूँ कि मैं अपनी पत्नी के लिए प्रतिबद्ध रहूँ, और मैं चाहता हूँ कि वह मेरे लिए प्रतिबद्ध रहे। जब मेरे बच्चे छोटे थे, तो मैं चाहता था कि वे माता-पिता के अधिकार के सम्बन्ध में हमारे लिए प्रतिबद्ध रहें। वास्तव में, मनुष्यों के बीच जो भी सम्बन्धों के जो प्रतिबद्धताएँ होती हैं, वे सबसे पहले स्वयं परमेश्वर के लिए प्रतिबद्धताएँ होती हैं।

हामान के हाथों विनाश से बचाए जाने के बाद यहूदियों ने “यह अटल प्रण किया” कि वे इस दिन को एक स्मारक के तौर पर मनाएँगे। वे इस नई परम्परा को मानने के लिए आधे मन से सहमत नहीं हुए, कि जब सुविधा हो तभी ऐसा करेंगे। उन्होंने निश्चय किया कि वे इसे अवश्य पूरा करेंगे। यही कर्तव्य का स्वभाव है।

यहूदियों ने केवल स्वयं के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी सन्तानों और “उन सभों के लिए भी जो उनमें मिल गए थे,” इस दायित्व की प्रतिबद्धता स्थापित की। उन्होंने इसे हर स्थान और हर पीढ़ी के लिए एक व्यापक प्रतिबद्धता बनाया। और 2500 बाद भी पूरीम की यह परम्परा जारी है। संसार भर का यहूदी समाज आज भी इस पर्व को मनाता है, क्योंकि उस समय के लोगों ने यह निश्चय किया था कि एस्तेर के समय में और एस्तेर के साहस के द्वारा परमेश्वर के हस्तक्षेप को आने वाली पीढ़ियाँ कभी न भूलें।

हमारी संस्कृति हमें सिखाती है कि हमें किसी व्यक्ति या किसी बात के लिए प्रतिबद्ध महसूस करने की आवश्यकता नहीं है, कि हम केवल वर्तमान में अपने लिए जी सकते हैं, और यह कि अधिकांश प्रतिबद्धताओं पर भविष्य में फिर से विचार किया जा सकता है यदि वे असुविधाजनक या अस्थिर लगें। परन्तु परमेश्वर के राज्य में प्रतिबद्धता का महत्त्व है। आखिरकार, परमेश्वर ने स्वयं को अपनी प्रजा को बचाने और सम्भालने के लिए प्रतिबद्ध किया है। जिन बातों के प्रति आप प्रतिबद्ध रहते हो और जिन्हें थामे रहते हो, वे यह प्रकट करती हैं कि आपके लिए सबसे अधिक महत्त्वपूर्ण क्या है। इसलिए सुसमाचार के उत्सव के प्रति स्वयं को समर्पित करें, और उन महान अवसरों में भाग लें जिन्हें परमेश्वर ने हमें यह स्मरण करने के लिए दिया है कि उसने हमारे लिए क्या किया है—अर्थात् बपतिस्मा और प्रभु भोज के संस्कार। और जहाँ तक आपके वश में है, यह सुनिश्चित करें कि ये बातें एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक पहुँचें। यदि मसीह हजार वर्ष बाद भी न लौटे, तब भी ऐसे लोग होंगे जो सुसमाचार को जानेंगे और उसके लिए खड़े रहेंगे, क्योंकि हमारी पीढ़ी ने यह प्रतिबद्धता की है।

  एस्तेर 9:20–32

पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: आमोस 7–9; यूहन्ना 8:1-29 ◊

Leave A Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *