19 नवम्बर : जागो!

Alethia4India
Alethia4India
19 नवम्बर : जागो!
Loading
/

“सरदीस की कलीसिया के दूत को यह लिख : ‘जिसके पास परमेश्‍वर की सात आत्माएँ और सात तारे हैं, वह यह कहता है कि मैं तेरे कामों को जानता हूँ : तू जीवित तो कहलाता है, पर है मरा हुआ। जागृत हो, और उन वस्तुओं को जो बाकी रह गई हैं और जो मिटने को हैं, उन्हें दृढ़ कर; क्योंकि मैंने तेरे किसी काम को अपने परमेश्‍वर के निकट पूरा नहीं पाया . . . यदि तू जागृत न रहेगा तो मैं चोर के समान आ जाऊँगा, और तू कदापि न जान सकेगा कि मैं किस घड़ी तुझ पर आ पड़ूँगा।’” प्रकाशितवाक्य 3:1-3

सरदीस नगर को अपने निर्माण के कारण अभेद्य समझा जाता था। वास्तव में, नगर के फाटकों और दीवारों पर सीधे आक्रमण से वह कभी नहीं जीता गया—परन्तु दो बार वह चुपके से, अन्धकार की आड़ में, जीत लिया गया। उसकी यही सुरक्षा-भावना उसके विरुद्ध काम कर गई।

प्रतीत होता है कि यही दृष्टिकोण सरदीस की कलीसिया में मसीही जीवन के विषय में भी प्रवेश कर गया था। स्पष्ट रूप से उसमें एक जीवन्त सेवाकार्य की प्रतिष्ठा थी। सम्भव है कि वह अपने आकार और प्रभाव के लिए, या अपने कार्यक्रमों और रणनीतियों के लिए जानी जाती हो। परन्तु वास्तविकता इससे भिन्न थी। नैतिक ढिलाई और आत्मिक उदासीनता मण्डली में प्रवेश कर चुकी थी।

पुनरुत्थित मसीह ने देखा कि यह सब दिखावा था, क्योंकि कलीसिया में सही आत्मिक दिशा का अभाव था। इसलिए उसने चेतावनी दी: तुम्हें जागना होगा! तुम्हारे नगर को चुपके से जीत लिया गया था; तुम्हारी कलीसिया भी उसी प्रकार जीत ली जा सकती है। फिर उसने सरदीस की कलीसिया को उन थोड़े से लोगों की ओर देखने के लिए प्रोत्साहित किया जो अभी भी जाग रहे थे—वे विश्वासयोग्य जन जो अब भी शुद्ध जीवन जी रहे थे (प्रकाशितवाक्य 3:4–5)।

नैतिक ढिलाई आज की मसीहियत में, यहाँ तक कि हमारे अपने जीवनों में भी, हमारी सोच से कहीं अधिक पाई जाती है। यह मान लेना सरल है कि सब कुछ ठीक चल रहा है, और इसलिए हम अपने आत्मिक स्वास्थ्य की सच्ची जाँच नहीं करते। यहाँ एक छोटा समझौता और वहाँ एक आदतन पाप को अनदेखा करना आसान है—विशेषकर जब दूसरे भी ऐसा ही कर रहे हों।

अपने गीतों की जीवन्तता, अपने प्रचार की तीव्रता, या अपनी उपस्थिति की नियमितता को कभी भी आत्मिक जीवन की कमी को ढकने न दें। यदि आप पाते हैं कि मसीह की हर आज्ञा मानने के प्रति आपका संकल्प शिथिल या ढीला पड़ गया है, तो आपके लिए उसका निर्देश स्पष्ट है: अपनी नींद से जागो! जो कुछ शेष है, उसे दृढ़ करो! जो तुमने पाया और सुना है, उसे स्मरण रखो! मन फिराओ और आज्ञा मानो!

यदि आप इस कारण हतोत्साहित हैं कि आप यीशु के लिए सम्पूर्ण समर्पण से जीना तो चाहते हैं, परन्तु दूसरों के जीवन में दिखने वाले समझौते और अधूरे मन से आपको पीड़ा होती है, तो आपको क्या करना चाहिए? यीशु ने आपको यह प्रतिज्ञा दी है: “जो जय पाए उसे इसी प्रकार श्वेत वस्त्र पहिनाया जाएगा, और मैं उसका नाम जीवन की पुस्तक में से किसी रीति से न काटूँगा” (प्रकाशितवाक्य 3:5)। यह प्रतिज्ञा निश्चय ही जीने और उस पर भरोसा करने के योग्य है।

  प्रकाशितवाक्य 3:1-6

◊ पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: 1 इतिहास 25–27; लूका 4:1-30

Leave A Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *