“तब उनकी आँखें खुल गईं; और उन्होंने उसे पहचान लिया, और वह उनकी आँखों से छिप गया . . . वे उसी घड़ी उठकर यरूशलेम को लौट गए, और उन ग्यारहों और उनके साथियों को इकट्ठे पाया।” लूका 24:31, 33
शुभ समाचार को बाँटा जाना चाहिए।
कभी-कभी, जब हमारे घर में ऐसे अतिथि होते हैं जिन्हें हम भली-भाँति जानते हैं, और विशेषकर यदि वे विश्वास के परिवार में हमारे भाई या बहन हों, तो हम भोजन करने से पहले उनसे प्रार्थना करने का आग्रह करते हैं। यह निवेदन हमारे मेज़ पर आए अतिथि का आदर करने के लिए होता है। लूका का सुसमाचार हमें एक ऐसा ही दृश्य देता है, यद्यपि यहाँ ऐसा प्रतीत होता है कि अतिथि ने स्वयं प्रार्थना करने का निर्णय लिया। यरूशलेम से इम्माऊस जाने वाले मार्ग पर दो चेलों से भेंट करने के बाद यीशु “उनके साथ रहने के लिए भीतर गया” (लूका 24:29), और “जब वह उनके साथ भोजन करने बैठा, तो उसने रोटी लेकर धन्यवाद किया और उसे तोड़कर उनको देने लगा” (पद 30)।
इससे पहले, यरूशलेम से उनकी लम्बी यात्रा के दौरान, जब इन दोनों की भेंट यीशु से हुई थी, तब “उनकी आँखें ऐसी बन्द कर दी गई थीं कि उसे पहिचान न सके” (लूका 24:16)। परन्तु अब, जब यीशु ने भोजन पर धन्यवाद किया, तब उन्हें देखने की सामर्थ दी गई। परमेश्वर ने इसी क्षण यह प्रकट करना चुना कि वे जी उठे हुए प्रभु यीशु मसीह की उपस्थिति में हैं।
जैसे परमेश्वर ने अपने आत्मा के द्वारा इन चेलों की आँखें खोल दीं कि वे जी उठे हुए मसीह के सत्य को देखें, वैसे ही उसने अपने वचन के द्वारा उनके हृदयों में यह जानने के लिए और अधिक तीव्र लालसा जगा दी कि यीशु कौन था और कौन है। जैसे ही उन्होंने यीशु को पहचाना, और उसके ओझल हो जाने के बाद भी, “उन्होंने आपस में कहा, ‘जब वह मार्ग में हम से बातें करता था और पवित्रशास्त्र का अर्थ हमें समझाता था, तो क्या हमारे मन में उत्तेजना न उत्पन्न हुई?’” (लूका 24:32)।
समय बहुत हो चुका था, वे लम्बी यात्रा करके आए थे, और वे अभी-अभी भोजन करने बैठे थे; तौभी वे तुरन्त उठे और यरूशलेम लौटे, ताकि ग्यारह चेलों के साथ इस अद्भुत समाचार को बाँटें। वह कैसी रात रही होगी!
उनका उत्साह हमें स्मरण दिलाता है कि यीशु के जीवित होने का समाचार केवल उनका ही समाचार नहीं था—और न ही केवल ग्यारहों का समाचार था। यह ऐसा समाचार है जिसे बाँटा जाना चाहिए और जिसे उन लोगों की संगति में सबसे अधिक आनन्द के साथ अनुभव किया जाता है जो इसके महिमामय अर्थ को समझते हैं। यह उन सब का है जो प्रभु के हैं। और चाहे हम कोई भी भाषा बोलें, किसी भी देश में जाएँ, या कोई भी यात्रा करें, हम उन अन्य विश्वासियों से दूर नहीं होते जिनके साथ हम यीशु मसीह के मृतकों में से पुनरुत्थान के द्वारा हमें दी गई जीवित आशा में एक साथ आनन्दित हो सकते हैं (1 पतरस 1:3-5)। फिर भी, जहाँ आप हैं वहीं, जिनके साथ आप रहते हैं और जिनके साथ आराधना करते हैं, उनसे आँख मिलाकर और मुस्कराकर यह कहकर इस आनन्द को बाँट सकते हैं, “यीशु जी उठा है।”
यह समाचार बाँटा जाना चाहिए। क्या आप मसीह को उसके वास्तविक स्वरूप में देखने और दूसरों को भी वही दिखाने की लालसा रखते हैं? क्या आप जीवन के साधारण कार्यों में यीशु को देखने और दूसरों को भी देखने में सहायता करने की इच्छा रखते हैं? यदि ऐसा है, तो परमेश्वर से प्रार्थना करें कि वह आपके लिए वही करे जो उसने इन चेलों के लिए किया, ताकि आप नए सिरे से यह खोज सकें और बाँट सकें कि यीशु कौन है और उसने आपके लिए क्या है।
यूहन्ना 1:35-51
◊ पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: भजन 103–104; गलातियों 4