17 जून : नया मन

Alethia4India
Alethia4India
17 जून : नया मन
Loading
/

“इस संसार के सदृश न बनो; परन्तु तुम्हारे मन के नए हो जाने से तुम्हारा चाल–चलन भी बदलता जाए, जिससे तुम परमेश्‍वर की भली, और भावती, और सिद्ध इच्छा अनुभव से मालूम करते रहो।” रोमियों 12:2

एयरपोर्ट कण्ट्रोल टावर एक आकर्षक जगह होती हैं। इतनी छोटी सी जगह में इतनी बड़ी क्षमता और शक्ति समाहित होती है। इन टावरों से दिए गए निर्देशों से गड़बड़ी रोकी जाती है और सुरक्षा सुनिश्चित की जाती है। यदि इन टावरों में कुछ गलत होता है, तो इसका असर उनकी दीवारों के बाहर महसूस होता है और यह अक्सर बड़ी मुश्किल का कारण बनता है।

इसी तरह, हम यह कह सकते हैं कि हमारे मन हमारे शरीरों के कण्ट्रोल टावर होते हैं। हम जो कुछ भी अपने शरीर के साथ करते हैं, वह सीधे तौर पर हमारे मन में हो रही गतिविधियों से जुड़ा होता है। हमारे मन में हम सम्भावनाओं पर विचार करने, निर्णय लेने, अपनी भावनाओं का मूल्यांकन करने, और अपनी रुचियों को आकार देने की क्षमता रखते हैं। इसलिए यह कोई अचम्भे की बात नहीं है जब पौलुस कहता है कि परमेश्वर की दया के प्रत्युत्तर में “अपने शरीरों को जीवित, और पवित्र, और परमेश्‍वर को भावता हुआ बलिदान करके” (रोमियों 12:1) अर्पित करने में हमारा मन महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

एक मसीही होने का अर्थ है एक ऐसी मानसिकता अपनाना जो पूरी तरह से बदली हुई हो, जो शुद्ध विचारों और पवित्र आचरण में भरी होती है, जो मसीह के बिना जीवन में नहीं देखी जाती। जैसे पौलुस रोमियों की पत्री में पहले लिखता है, “शारीरिक व्यक्ति शरीर की बातों पर मन लगाते हैं; परन्तु आध्यात्मिक आत्मा की बातों पर मन लगाते हैं” (रोमियों 8:5)। दृष्टिकोण में यह बदलाव पवित्र आत्मा की शक्ति से आता है, क्योंकि वह हमें परमेश्वर के वचन के सत्य में निर्देशित करता है।

यह परिवर्तन एक प्रक्रिया है। प्रत्येक दिन हम यीशु मसीह के स्वरूप में ढल रहे हैं। हमारे मन—वास्तव में हमारा पूरा जीवन—नया हो रहा है। हम अभी न तो पूरी तरह से वह हैं जो हमें होना चाहिए, और न ही वह जो हम बनने वाले हैं—लेकिन हम अब वह नहीं हैं जो हम पहले थे। और जब हमारे मन परमेश्वर के आत्मा और परमेश्वर के वचन के अधिकार में होते हैं, तो बाकी सब कुछ वैसे ही होता है जैसे वह चाहता है। हम जान जाते हैं कि परमेश्वर का तरीका सर्वोत्तम है और हम खुशी से उसमें चलने के लिए तैयार रहते हैं। हम हर कदम उठाने से पहले सोचते हैं। हम इस संसार के रूप के आकार में ढलने से इनकार करते हैं, यह सीखते हुए कि किस प्रकार हमें ऐसी एक मानसिकता बेची जा रही है जो परमेश्वर के वचन के सत्य पर नहीं, बल्कि झूठ पर आधारित है।

इसलिए विश्वास रखें कि परमेश्वर के वचन की शक्ति आपके मन को नया बनाएगी और पवित्र आत्मा से कहें कि वह इसे आपके भीतर पूरा करे। देखें कि कैसे संसार आपको अपने में ढलने के लिए बुला रहा है, और इन अवसरों को देखें कि कैसे आप अपने मन को ईश्वरीय ज्ञान से रूपान्तरित कर सकते हैं। और ऐसा इसलिए न करें क्योंकि आपको करना ही पड़ेगा, बल्कि इसलिए करें क्योंकि यह आपका आनन्द है, क्योंकि आप जानते हैं कि “धन्य है वह मनुष्य जो बुद्धि पाए, और वह मनुष्य जो समझ प्राप्त करे, क्योंकि बुद्धि की प्राप्ति चाँदी की प्राप्ति से बड़ी, और उसका लाभ चोखे सोने के लाभ से भी उत्तम है . . . उसके मार्ग आनन्ददायक हैं, और उसके सब मार्ग कुशल के हैं” (नीतिवचन 3:13-14, 17)।

नीतिवचन 3:1-18 पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: यिर्मयाह 32–33; मत्ती 26:26-46 ◊

Leave A Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *