“मैं यह जानता हूँ कि तू वहाँ रहता है जहाँ शैतान का सिंहासन है; तू मेरे नाम पर स्थिर रहता है, और मुझ पर विश्वास करने से उन दिनों में भी पीछे नहीं हटा जिनमें मेरा विश्वासयोग्य साक्षी अन्तिपास, तुम्हारे बीच उस स्थान पर घात किया गया जहाँ शैतान रहता है।” प्रकाशितवाक्य 2:13
पिरगमुन नगर एक शंकु-आकार की पहाड़ी पर बसा था, जो लगभग एक हज़ार फुट की तीव्र ऊँचाई तक उठती थी। यह मूर्तिपूजा का एक शक्तिशाली केन्द्र था, जहाँ शिखर पर अनेक मन्दिर और वेदियाँ बनी थीं; जहाँ ज़ियुस, एथेना, डायोनिसियुस और ऐस्क्लेपियुस—सभी की उपासना होती थी। इसके अतिरिक्त, पिरगमुन वह पहला नगर था जिसने किसी जीवित शासक, रोमी सम्राट, के लिए मन्दिर स्थापित किया, और इस प्रकार वह सम्राट-पूजा का एशियाई केन्द्र बन गया। आत्मिक दृष्टि से यह एक अत्यन्त अन्धकारमय स्थान था—इतना अन्धकारमय कि मसीह इसे वह स्थान कहता है जहाँ स्वयं शैतान बसता है।
इसी अन्धकार, बहुदेववाद और मूर्तिपूजा के स्थान में पिरगमुन की कलीसिया ने निर्भीक होकर मसीह के नाम के प्रति अपनी निष्ठा प्रकट की। प्रभु यीशु मसीह के नाम के प्रति सच्चे रहना इस बात का संकेत था कि ये विश्वासी उस सब के प्रति विश्वासयोग्य थे जो उसने अपने विषय में प्रकट किया था, अर्थात देहधारी प्रभु, पुनरुत्थित राजा, स्वयं परमेश्वर। ऐसे स्थान में यीशु को थामे रखना कोई छोटी बात नहीं थी, जहाँ लोग उसे अनेक देवताओं में से एक और पूजनीय मानने को तो तैयार थे, परन्तु यह सहन नहीं कर सकते थे कि वही एकमात्र राजा है, उसके सिवा कोई और नहीं, और कोई भी—यहाँ तक कि कैसर भी उस आराधना के योग्य नहीं है जो केवल उसी की है।
मसीह के नाम के प्रति इस निष्ठा का सर्वोच्च उदाहरण अन्तिपास नामक एक विश्वासी था। स्पष्ट है कि वह कैसर को वह उपाधि देने को तैयार नहीं था जो केवल यीशु मसीह की थी। और इस प्रकार उसने समझौता करने से इनकार कर दिया, फिर चाहे उसे अपनी जान देकर इसकी कीमत चुकानी पड़ी।
पिरगमुन में दिखाई देने वाला यह बहुदेववाद आज की आधुनिक पश्चिमी संस्कृति के बड़े भाग को चिह्नित करता है, जहाँ सभी धार्मिक दावों को एक समान मान्यता दी जाती है और उन्हें मसीह के दावों के बराबर रखा जाता है। ऐसा दृष्टिकोण इस बात से तो प्रसन्न है कि हम यीशु को एक बड़े समूह में जोड़ लें, परन्तु यह सहन नहीं कर सकता कि यीशु कहे, ““मार्ग और सत्य और जीवन मैं ही हूँ; बिना मेरे द्वारा कोई पिता के पास नहीं पहुँच सकता” (यूहन्ना 14:6)। आधुनिक 21वीं सदी की सोच के अनुसार यीशु एक मार्ग तो हो सकता है, परन्तु वह एकमात्र मार्ग नहीं हो सकता। इस प्रकार हम बहुदेववाद की “वेदियों” से और उन लोगों से घिरे हुए हैं, जो जीवित परमेश्वर को छोड़कर सब कुछ और सब किसी की उपासना करते हैं। हम, परमेश्वर की प्रजा, उनके बीच रोपे गए हैं। जो लोग मसीह के नाम के प्रति सच्चे बने रहते हैं, वे किसी न किसी समय और किसी न किसी प्रकार से अपने परिवेश की उस कसती पकड़ को अनुभव करेंगे जो उनका जीवन निचोड़ लेना चाहती है। क्या हम पिरगमुन के लोगों के समान निष्ठावान सिद्ध होंगे? केवल तभी, जब हम भी उसी बात के प्रति दृढ़ विश्वास रखेंगे जिसके प्रति वे आश्वस्त थे: कि केवल यीशु ही हमारी प्रतिबद्धता और हमारी आराधना के योग्य है—चाहे इसकी कोई भी कीमत क्यों न हो।
प्रकाशितवाक्य 2:12-17
पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: 1 इतिहास 16–18; लूका 2:1-21 ◊