15 नवम्बर : पिता की कोमल देखभाल

Alethia4India
Alethia4India
15 नवम्बर : पिता की कोमल देखभाल
Loading
/

“इसलिए तुम चिन्ता करके यह न कहना कि हम क्या खाएँगे, या क्या पीएँगे, या क्या पहनेंगे। क्योंकि अन्यजाति इन सब वस्तुओं की खोज में रहते हैं, पर तुम्हारा स्वर्गिक पिता जानता है कि तुम्हें इन सब वस्तुओं की आवश्यकता है। इसलिए पहले तुम परमेश्‍वर के राज्य और उसके धर्म की खोज करो तो ये सब वस्तुएँ भी तुम्हें मिल जाएँगी।” मत्ती 6:31-33

परमेश्वर की सृष्टि में जीवों के रूप में, हम न तो भाग्य के भरोसे हैं और न ही संयोग की दया पर निर्भर हैं। हम किसी अंधी और निर्जीव शक्ति के बहाव में नहीं बहे जा रहे, और न ही हमें ज्योतिष, ग्रह-नक्षत्रों की चाल, या ऐसी अन्य भटकाने वाली बातों की चिन्ता करने की आवश्यकता है।

परन्तु जो लोग परमेश्वर को अपने स्वर्गिक पिता के रूप में नहीं जानते और उस पर विश्वास नहीं करते, उनके लिए यह संसार ऐसा ही प्रतीत होता है। इसलिए पवित्रशास्त्र स्पष्ट रूप से बताता है कि “अन्यजाति”—अर्थात वे लोग जिन्हें सच्चे परमेश्वर में कोई रुचि नहीं है—“इन सब वस्तुओं की खोज में रहते हैं।” ऐसे लोग निश्चित तौर पर नहीं जानते कि क्या कभी कोई सृष्टिकर्ता था, और यदि था भी, तो वह अब इस सृष्टि से नाता तोड़ चुका है। उनके विचारों में मानव इतिहास के सारे उतार-चढ़ाव केवल संयोग हैं—हम सभी एक विशाल, निर्जीव यन्त्र की पकड़ में फँसे हुए हैं।

यह एक अंधकारमय दृष्टिकोण है। परन्तु परमेश्वर का वचन हमें इससे भिन्न और आशाजनक सच्चाई बताता है। बाइबल के अनुसार, सब कुछ मसीह के द्वारा और मसीह के लिए रचा गया है, और वह अब भी अपनी सृष्टि में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है (कुलुस्सियों 1:16-17)। इस भाव से मत्ती 6:26–33 में परमेश्वर-पुत्र मानो हमसे यह कहता है: तुम भोजन, वस्त्र या अन्य किसी बात की चिन्ता क्यों करते हो? यह सब बातें अन्यजाति खोजते हैं। परन्तु तुम? तुम बस मुझ पर ध्यान लगाए रखो—मैं तुम्हारी देखभाल करूँगा। आकाश के पक्षी भी मेरी दृष्टि से छिपे नहीं हैं। खेत की घास तक को मैं अपने सामर्थ्य से वस्त्र देता हूँ। तो क्या मैं तुम्हारा ध्यान नहीं रखूँगा?

वास्तव में, मसीह और पिता की देखभाल की यह प्रतिज्ञा रोमियों 8:28 में अद्‌भुत रूप से प्रतिध्वनित होती है: “उनके लिए सब बातें मिलकर भलाई ही को उत्पन्न करती हैं; अर्थात् उन्हीं के लिए जो उसकी इच्छा के अनुसार बुलाए हुए हैं।” यदि हम मसीह में हैं, तो हमारे जीवन के हर दिन, हर इच्छा, हर आशा, हर पीड़ा, हर भय और हर असफलता—सब कुछ परमेश्वर की बुद्धिमान, अनुग्रहपूर्ण और प्रेमपूर्ण इच्छा के अनुसार कार्य में लाया जा रहा है।

यदि आप आज अकेले हैं, या बीती रात अकेले बिताई, या आप टूटे या कठिन सम्बन्धों की आशंका में आने वाले सप्ताह से भयभीत हैं—तो परमेश्वर के वचन को अपने हृदय में प्रवेश करने दें। वह आपके हृदय को पिता के प्रेम और उपस्थिति की गर्माहट से भर देगा। यदि आप आर्थिक चिन्ताओं से दबे हुए हैं, तो यीशु को आपके भय को शान्त करने दें। वह कहता है कि वह आपको वह सब कुछ देगा जिसकी आपको वास्तव में आवश्यकता है। यदि आप शारीरिक या मानसिक स्वास्थ्य की कठिनाइयों से जूझ रहे हैं—तो निश्चिन्त रहें: वह जानता है, वह परवाह करता है, और वह आपको पार ले जाएगा। चाहे कुछ भी हो, जीवन कितना भी कठिन क्यों न लगे—परमेश्वर स्वयं आपकी देखभाल करेगा, क्योंकि उसे आपकी चिन्ता है।

मत्ती 6:19-34

◊ पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: 1 इतिहास 13–15; लूका 1:57- 80

Leave A Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *