“हे यहोवा, मैं कब तक तेरी दोहाई देता रहूँगा, और तू न सुनेगा? मैं कब तक तेरे सम्मुख “उपद्रव”, “उपद्रव”, चिल्लाता रहूँगा? क्या तू उद्धार नहीं करेगा? तू मुझे अनर्थ काम क्यों दिखाता है? क्या कारण है कि तू उत्पात को देखता ही रहता है?” हबक्कूक 1:2-3
हम यह मानने के प्रलोभन में आ सकते हैं कि हम पुराने नियम में वर्णित परिस्थितियों से बहुत दूर हैं। लेकिन जब हम इन पदों में हबक्कूक की शिकायत को पढ़ते हैं, तो हम यह पहचान सकते हैं कि हालाँकि हम काल और स्थान में दूर हैं, फिर भी हम उस परिस्थिति से बहुत दूर नहीं हैं जिसमें वह स्वयं था।
हबक्कूक ने परमेश्वर के लोगों के बीच के मुद्दों का वर्णन किया। वे उन चीजों से भटक चुके थे जिन्हें परमेश्वर ने उनके लिए निर्धारित किया था, और कोई अन्त दिखाई नहीं दे रहा था। और इससे भी बुरी बात यह थी कि परमेश्वर हस्तक्षेप करता प्रतीत नहीं हो रहा था। हबक्कूक की दृष्टि में यह समस्या दोहरी थी: परमेश्वर का समय (तू कब तक गलत को सहन करता रहेगा?) और परमेश्वर की सहिष्णुता (तू इसको सहन क्यों करता है?)। ये प्रश्न आज भी कई विचारशील विश्वासियों के होंठों पर होते हैं जब वे कलीसिया को देखते हैं: “यह कब तक चलेगा? ऐसा क्यों है कि अच्छा, नैतिक, सर्वशक्तिमान परमेश्वर, जिसकी हम सेवा करते हैं, उन लोगों के बीच आध्यात्मिक और नैतिक पतन को सहन करता है, जो स्वयं को उसके अनुयायी कहते हैं?”
क्या आप कभी इन प्रश्नों से जूझे हैं? आप अकेले नहीं हैं; यह कोई नया मुद्दा नहीं है। परमेश्वर के विश्वासयोग्य लोग इतिहास भर में इससे जूझते रहे हैं। यहाँ दो अवलोकन हैं जो हमें हमारे जीवन के “कब तक” वाले प्रश्नों के साथ संघर्ष करते समय सहायक हो सकते हैं।
पहला, हम आभारी हो सकते हैं कि परमेश्वर हमारी समय-सीमा में हमारी प्रार्थनाओं का उत्तर देने के लिए इतना कठोर नहीं हैं। परमेश्वर की देरी हमेशा उद्देश्यपूर्ण होती है। उसका दृष्टिकोण हमारी कल्पना से कहीं अधिक व्यापक है। वह इसलिए देरी कर सकता है, ताकि वह हमारे स्वार्थ से या हमारे जीवन के किसी अवज्ञा के क्षेत्र से निपट सके, हमें उस पर विश्वास करना सिखा सके, या हमें हमारे स्वयं से बचा सके। यही कारण है कि बाइबल हमें अक्सर प्रभु की प्रतीक्षा करने के लिए कहती है। हमारी निराशाएँ, विफलताएँ, और भ्रम परमेश्वर के शाश्वत उद्देश्य की समग्र सुरक्षा में लाए जा सकते हैं।
दूसरा, हम भविष्यद्वक्ता के उदाहरण का पालन कर सकते हैं और परमेश्वर से सहायता की मांग कर सकते हैं। हबक्कूक ने अपनी शिकायत को उसी स्थान पर रखा जहाँ हमें अपनी शिकायतें रखनी चाहिएँ: अर्थात प्रभु के पास। उसने पहचान लिया कि भजनकार क्या कहता है: “मुझे सहायता यहोवा की ओर से मिलती है, जो आकाश और पृथ्वी का कर्ता है” (भजन 121:2)। बहुत से धार्मिक विश्वासी भजनों के माध्यम से अपने भ्रम और प्रश्नों को परमेश्वर के पास लेकर आए। इससे हमें भी ऐसा ही करने की अनुमति मिलती है। जब हम “कब तक?” और “क्यों?” कहकर पुकारते हैं, तो वह हमारी व्यथा को समझता है। उसका अन्तिम उत्तर हमें यीशु और उसकी विजय में दिया गया है। वह अंधेरी रात के बाद सुबह की किरण लाने में आनन्दित होता है। इसलिए जब आप अपने दिल को या जीवन को, या कलीसिया को देखते हैं, और यह पूछने के लिए प्रेरित होते हैं, “हे यहोवा, मैं कब तक तेरी दोहाई देता रहूँगा?” तो आप इस प्रकार के शब्दों में सान्त्वना पा सकते हैं:
परमेश्वर अभी भी सिंहासन पर है,
और वह अपने लोगों को याद रखेगा;
हालाँकि संकट हमें दबाते हैं और बोझ हमें कष्ट देते हैं,
वह हमें कभी अकेला नहीं छोड़ेगा।[1]
भजन 121
पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: न्यायियों 16–18; यूहन्ना 5:25-47 ◊
[1] किट्टी एल. सफ्फील्ड, “गॉड इज़ स्टिल ऑन द थ्रोन” (1929).