13 सितम्बर : केवल मूर्ख ही उतावले होते हैं

Alethia4India
Alethia4India
13 सितम्बर : केवल मूर्ख ही उतावले होते हैं
Loading
/

“और जब राजा ने एस्तेर रानी को आँगन में खड़ी हुई देखा, तब उसने प्रसन्न होकर सोने का राजदण्ड जो उसके हाथ में था उसकी ओर बढ़ाया। तब एस्तेर ने निकट जाकर राजदण्ड की नोक छूई। तब राजा ने उससे पूछा, ‘हे एस्तेर रानी, तुझे क्या चाहिये? तू क्या माँगती है? माँग और तुझे आधा राज्य तक दिया जाएगा।’ एस्तेर ने कहा, ‘यदि राजा को स्वीकार हो, तो आज हामान को साथ लेकर उस भोज में आए, जो मैं ने राजा के लिए तैयार किया है।’” एस्तेर 5:2-4

“जहाँ स्वर्गदूत भी कदम रखने से डरते हैं, वहाँ मूर्ख दौड़ पड़ते हैं।”[1] एस्तेर यह समझती हुई प्रतीत होती है। जब वह राजा क्षयर्ष से विनती करने की तैयारी कर रही थी, तब उसने परमेश्वर की आज्ञाकारिता का मार्ग अपनाने का दृढ़ निश्चय किया, यद्यपि वह मर भी सकती थी—परन्तु उसने उस क्षण का सामना सूक्ष्म बुद्धि के साथ किया। वह एक साथ साहसी, उपयुक्त, सावधान, नम्र, कुशल, कोमल और सटीक थी। राजा के सामने उसका प्रवेश चतुराई से रचा गया, सावधानी से योजनाबद्ध और क्रियान्वित किया गया था।

उपवास और तैयारी का समय समाप्त हो गया, और एस्तेर ने उचित रीति से अपने राजसी वस्त्र पहनकर स्वयं को तैयार किया (एस्तेर 5:1)। उसने निर्धारित शाही रीति के अनुसार राजा के पास जाने का साहस किया। वह जानती थी कि वह एक विशेष रूप से जोखिम भरे वातावरण में प्रवेश कर रही है। जब क्षयर्ष ने उस पर कृपा दिखाई, तो उसने राजदण्ड के सिरे को छूकर नम्रता से उसे स्वीकार किया।

यद्यपि राजा ने आधे राज्य की पेशकश करके अतिशयोक्ति की, फिर भी वह यह कह रहा था कि वह अपनी रानी के लिए बहुत कुछ करने को तैयार है, क्योंकि उसने उसकी दृष्टि में अनुग्रह पाया था। उत्तर में एस्तेर द्वारा राजा को भोज पर बुलाना कुछ फीका सा प्रतीत होता है! फिर भी, उस महान भोज के निमन्त्रण में कुशल बुद्धि प्रकट हुई। वह जानती थी कि इस मनुष्य के हृदय तक पहुँचने का मार्ग उसके पेट से होकर जाता है, इसलिए उसने उसे अपने साथ भोजन करने के लिए बुलाया। राजा एस्तेर के निवेदन से बहुत प्रसन्न हुआ। आखिरकार, स्वयं के लिए भोज का आयोजन करना एक बात है, जैसा कि क्षयर्ष ने पहले किया था (एस्तेर 1); परन्तु अपने सम्मान में तैयार किए गए भोज का निमन्त्रण पाना बिल्कुल दूसरी बात है।

एस्तेर जानती थी कि जो वह राजा से माँगने जा रही है, वह कोई छोटी बात नहीं है। राजा शीघ्र ही एस्तेर की वास्तविक पहचान जान लेगा, और मूलतः वह उससे यह माँगने जा रही थी कि वह अपने सारे राज्य के सामने अपमान सह ले। उसकी विनती को कोमल भी होना था और सटीक भी।

हम में से बहुत लोग एक बार जब हम कुछ करने का निश्चय कर लेते हैं, तो हम बिना यह सोचे सीधे उसमें लग जाते हैं कि इससे दूसरों पर क्या प्रभाव पड़ेगा या किसी को ठेस पहुँचेगी। आखिरकार, कुछ तो किया ही जाना है! परन्तु हम अक्सर स्वयं को ऐसे ढंग से कार्य करते हुए पाते हैं जो पूर्णतः अनुपयोगी और अविवेकी होता है। सही काम को गलत तरीके से करना भी सम्भव है।

अगली बार जब आप ऐसी स्थिति का सामना करें जो आज्ञाकारिता और साहस की माँग करती हो, तो एस्तेर की पुस्तक को एक बार फिर से पढ़ें, और केवल यह ही न सोचें कि आपको क्या करना है, बल्कि यह भी कि उसे कैसे उत्तम रीति से करना है। परमेश्वर की आज्ञा मानने और उसके सुसमाचार को साझा करने के लिए जोखिम उठाना उचित है; परन्तु उसे करने के तरीके में जोखिम बढ़ाना बुद्धिमानी नहीं है। इस रानी की तरह, आप साहसी भी हो सकते हैं—और मनोहर भी।

  एस्तेर 5:1-8

पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: न्यायियों 16–18; यूहन्ना 5:25-47 ◊


[1] अलेक्ज़ैंडर पोप, एन एस्से ऑन क्रिटिसिज़्म (1711).

Leave A Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *