10 सितम्बर : पुनरुत्थान के जीवन की आशा

Alethia4India
Alethia4India
10 सितम्बर : पुनरुत्थान के जीवन की आशा
Loading
/

“जैसा वह मिट्टी का था, वैसे ही वे भी हैं जो मिट्टी के हैं; और जैसा वह स्वर्गीय है, वैसे ही वे भी हैं जो स्वर्गीय हैं। और जैसे हम ने उसका रूप धारण किया जो मिट्टी का था वैसे ही उस स्वर्गीय का रूप भी धारण करेंगे।” 1 कुरिन्थियों 15:48-49

चाहे हम अपनी सारी कल्पना-शक्ति को एकत्र कर लें, फिर भी उस संसार की पूरी कल्पना करना हमारे लिए असम्भव है जैसा उसे होना चाहिए—और वास्तव में जैसा वह होगा। क्या आप ऐसे संसार की कल्पना कर सकते हो जहाँ भूकम्प, आँधियाँ, और बवण्डर अब विनाश और तबाही न मचाए? ऐसा संसार जहाँ कैंसर शब्द किसी के हृदय में भय न उत्पन्न करे? ऐसा शरीर जिसमें न दुर्बलता हो, न संक्रमण, न रोग, न शोक, और न मृत्यु?

सच तो यह है कि हम में से कोई भी उस संसार की पूरी कल्पना नहीं कर सकता। परन्तु हमारे पास अपने प्रभु यीशु मसीह में पुनरुत्थान के जीवन की आशा की एक प्रतिमा अवश्य है। मरे हुओं में से जी उठकर, वह उन सब के लिए पहला फल ठहरा है जो उस पर विश्वास करते हैं। जो हम उसमें देखते हैं, वही हम एक दिन बनेंगे।

स्वभाव से हम सब “आदम में” हैं और मृत्यु के लिए ठहराए गए हैं; परन्तु जो कोई मसीह में है, उसके लिए परमेश्वर नई आशा की प्रतिज्ञा करता है (1 कुरिन्थियों 15:22)। मृत्यु पर जय पाकर, मसीह ने, जो “अन्तिम आदम” है (पद 45), हमें स्वर्ग में अविनाशी जीवन के मार्ग पर स्थापित किया है। एक समय हम “मिट्टी” के मनुष्य के मार्ग पर चलते थे, परन्तु अब जो कोई मसीह में है, वह “उस स्वर्गीय का रूप भी धारण” करता है।

जब वह स्वर्गीय मनुष्य पृथ्वी पर लौटेगा और स्वर्ग को अपने साथ लाएगा, तब जीवन कैसा होगा? पवित्रशास्त्र सभी विवरण प्रकट नहीं करता। परन्तु हम यह जानते हैं कि नाशमान होने के स्थान पर हमारे शरीर अविनाशी होंगे। अभी हमारा जीवन सीमित अवधि का है, परन्तु हमें ऐसे अनन्त जीवन की प्रतिज्ञा और आशा दी गई है जिसका कोई अन्त नहीं। हम सदा जीवित रहेंगे (1 कुरिन्थियों 15:42), और उस अनन्तता का प्रत्येक दिन महिमामय होगा, क्योंकि वहाँ कुछ भी नाश न होगा, न बिगड़ेगा, और न मुरझाएगा (1 पतरस 1:4)। हम यह भी जानते हैं कि परमेश्वर हमें अपमान और दुर्बलता की दशा से बदलकर सामर्थ्य और महिमा की नई अवस्था में रूपान्तरित करेगा (1 कुरिन्थियों 15:43)।

न तो आप और न ही मैं ऐसे पुनरुत्थान के जीवन को पूरी तरह समझने की क्षमता रखते हैं। आप जो कुछ भी कल्पना कर सकें, वास्तविकता उससे कहीं उत्तम होगी! परन्तु इस बात के विषय में निश्चिन्त रहें: वह जीवन अवश्य आपकी प्रतीक्षा कर रहा है, क्योंकि आपके जी उठे हुए प्रभु यीशु मसीह ने एक बार सदा के लिए मृत्यु को पैरों तले रौंद दिया है। उसकी अपरिवर्तनीय विजय ने मृत्यु को निगल लिया है (1 कुरिन्थियों 15:54)।

आज भी आप अपने चारों ओर—यहाँ तक कि अपने भीतर भी—मृत्यु की शक्तियों को कार्य करते हुए देखेंगे। सम्भव है कि इन शब्दों को पढ़ते समय आप किसी न किसी रीति से इसका अनुभव कर रहे हैं। परन्तु यह निश्चय जानें कि ज्योति का राज्य अन्धकार के अधिकार पर पहले ही जय पा चुका है। वास्तव में, आपकी नागरिकता पहले से ही पुनरुत्थान के जीवन के राज्य की है। कभी-कभी आप अभी भी क्षय और मिट्टी का अनुभव करेंगे, परन्तु आप इस आशा में स्थिर रह सकते हैं कि वह स्वर्गीय मनुष्य एक दिन आपकी “दीन–हीन देह का रूप बदलकर, अपनी महिमा की देह के अनुकूल बना देगा” (फिलिप्पियों 3:21)—और वह भी सदा के लिए!

         1 थिस्सलुनीकियों 5:1-11

◊ पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: न्यायियों 9–10; यूहन्ना 4:1-30

Leave A Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *