10 अगस्त : परिवार में सब

Alethia4India
Alethia4India
10 अगस्त : परिवार में सब
Loading
/


“लुदिया नामक थुआथीरा नगर की बैंजनी कपड़े बेचने वाली एक भक्त स्त्री सुन रही थी। प्रभु ने उसका मन खोला कि वह पौलुस की बातों पर चित्त लगाए। जब उसने अपने घराने समेत बपतिस्मा लिया, तो उसने हम से विनती की, ‘यदि तुम मुझे प्रभु की विश्वासिनी समझते हो, तो चलकर मेरे घर में रहो,’ और वह हमें मनाकर ले गई।” प्रेरितों 16:14-15

जब परमेश्वर किसी को छुड़ाता है, तो वह उसे न केवल अपने साथ सम्बन्ध में लाता है, परन्तु उन सब के साथ भी जो प्रभु का नाम लेते हैं। वह यह कैसे करता है? प्रेरितों के काम 16 हमें लुदिया के रूप में इसका एक उदाहरण देता है।

लुदिया एक सम्मानित स्त्री प्रतीत होती है। “एक भक्त स्त्री” होने के कारण उसमें कुछ धार्मिक रुचि थी, और “बैंजनी कपड़े बेचने वाली” होने के कारण वह निश्चय ही एक चतुर व्यवसायी थी। उसका जीवन शायद जैसा था वैसा ही ठीक लगता था। और फिर भी जब उसने सुसमाचार सुना, तो वह केवल धार्मिक रुचि से आगे बढ़कर यीशु मसीह के साथ एक सच्चे सम्बन्ध में आ गई, जिसके परिणामस्वरूप उसने अपने नए आत्मिक परिवार के लिए प्रेमपूर्वक अपने साधनों का उपयोग किया।

उसका जीवन बदल देने वाला क्षण यह था: “प्रभु ने उसका मन खोला कि वह पौलुस की बातों पर चित्त लगाए।” बस यही! यही पूरी प्रक्रिया है: प्रभु ने उसका मन विश्वास करने के लिए खोला, और उसने विश्वास किया। उसी क्षण लुदिया परमेश्वर के परिवार में सम्मिलित हो गई। और इससे भी बढ़कर, उसने तुरन्त ही मसीह में अपने भाइयों और बहनों की सेवा के लिए अपने घर को खोल दिया।

लुदिया की कहानी हमें स्मरण दिलाती है कि जो बात एक व्यक्ति के मन फिराव के बुलावे से आरम्भ होती है, उसे सदा परमेश्वर के परिवार में सहभागिता की ओर बढ़ना चाहिए। रोमियों 8:15-16 बताता है कि हम में से प्रत्येक को विश्वास के द्वारा उसके पास आने पर परमेश्वर द्वारा गोद लिया जाता है, परन्तु यह भी कहता है कि साथ मिलकर “हम परमेश्वर की सन्तान हैं।” आपस में हमारा सम्बन्ध इस तथ्य पर आधारित है कि हमारा यीशु के साथ सम्बन्ध है, और यीशु के साथ हमारा सम्बन्ध हमें एक-दूसरे के साथ सम्बन्ध में स्थापित करता है।

जैसे एक भौतिक परिवार में होता है, वैसे ही हम अपने आत्मिक बहनों या भाइयों को चुन नहीं सकते। (यदि हम ईमानदार हों, तो शायद हम में से कुछ को वापस करके फिर से प्रयास करना चाहेंगे—हालाँकि, निस्सन्देह, वे भी हमारे विषय में यही कह सकते हैं!) आपकी कलीसिया के अन्य सदस्य परमेश्वर की सम्प्रभु इच्छा के अनुसार वैसे ही हैं जैसे वे हैं। हमारे भेदों पर ध्यान देना आसान है, परन्तु परमेश्वर के परिवार का सबसे महत्त्वपूर्ण पक्ष वह नहीं है जो हमें एक-दूसरे से अलग करता है, बल्कि वह है जो हम साझा करते हैं: कि परमेश्वर ने हमारे हृदयों को सुसमाचार ग्रहण करने के लिए खोला है और अब हमें एक साथ उसकी आराधना करने और उसका अनुसरण करने के लिए बुलाता है।

यदि प्रभु ने आपका हृदय खोला है, तो आप एक नए परिवार के सदस्य हैं। यह किसी भी प्रकार से पूर्ण परिवार नहीं है, और झगड़े तथा असहमतियाँ हो सकती हैं। परन्तु यीशु फिर भी आपको आपके भाइयों और बहनों से प्रेम करने के लिए बुलाता है, चाहे आपकी असहमतियाँ कितनी ही क्यों न हों। आखिरकार, वह उनसे इतना प्रेम करता है कि उनके लिए मरा। इसलिए वह आपको बुलाता है कि जो आप हैं और जो आपके पास है, उसे इस परिवार की सेवा में लगा दें। आप अपना समय, अपना घर, और अपने साधनों का उपयोग इस प्रकार कैसे करेंगे कि आपसी प्रेम आपकी कलीसिया में दिन-प्रतिदिन अधिक स्पष्ट पारिवारिक पहचान बनता जाए?

1 यूहन्ना 3:11-18
पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: भजन 79– 80; प्रेरितों 28 ◊

Leave A Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *