“आदि में परमेश्वर ने आकाश और पृथ्वी की सृष्टि की।” उत्पत्ति 1:1
ऐसा कोई समय नहीं था जब परमेश्वर अस्तित्व में नहीं था। समय से पहले, कुछ भी होने से पहले, परमेश्वर था। और चूंकि उसका गुण अपरिवर्तनीय है, इसलिए वह सदा से त्रिएकता, अर्थात, परमेश्वर पिता, परमेश्वर पुत्र और परमेश्वर पवित्र आत्मा में होकर सदा से ही अस्तित्व में रहा है।
बाइबल पढ़ते समय हम पाते हैं कि त्रिएकता का प्रत्येक सदस्य सृष्टि के सृजन में सम्मिलित था: परमेश्वर पिता ने पहल की, परमेश्वर आत्मा को सबके ऊपर “मण्डराते हुए” वर्णित किया गया है, और जो कुछ भी उत्पन्न हुआ उस सब के सृजन का कर्ता परमेश्वर पुत्र था (उत्पत्ति 1:2-3; यूहन्ना 1:3)।
“सभी वस्तुएँ उज्ज्वल और सुन्दर, सभी प्राणी बड़े और छोटे” इन सब को हमें विस्मय में डाल देना चाहिए; ये सभी परमेश्वर की आज्ञा से रचे गए थे। और वह न केवल इन सभी का सृष्टिकर्ता है; वरन वह उन सब का प्रभु भी है जो उसने बनाया है। सारी प्रकृति उसके हाथों में है, उसके नियन्त्रण में है। जब हम लहरों को किनारे से टकराते हुए देखते हैं, तो यह जानना बहुत ही प्रोत्साहक होता है कि उनमें से प्रत्येक, परमेश्वर के सम्प्रभु प्रभुत्व के परिणामस्वरूप वहाँ है। वह अपनी सृष्टि से दूर कहीं चला नहीं गया है, न ही वह कभी जाएगा।
यह याद रखना महत्त्वपूर्ण है कि परमेश्वर सर्वोपरि भी है। वह सबसे ऊपर, सबसे परे, और उसने जो कुछ भी बनाया है उस सबसे अलग, अपने सिंहासन पर विराजमान है। यही बात मसीहियत को सर्वेश्वरवाद से अलग करती है, अर्थात इस सोच से कि प्राकृतिक संसार परमेश्वर की अभिव्यक्ति है और इसलिए सब कुछ किसी न किसी तरह उसका एक भाग है। इस आस्था के अनुसार, हम किसी मक्खी को मारने या चींटी पर पैर रखने का दुस्साहस कदापि न करेंगे क्योंकि वे कीड़े दिव्य हैं। इसी प्रकार, हम पेड़ नहीं काटेंगे, न ही माँस खाएँगे, क्योंकि ये भी “परमेश्वर के अंग” हैं। इस तरह की शिक्षाएँ गलत और भ्रमित करने वाली होती हैं और मूर्तिपूजा की ओर ले जाती हैं। पवित्रशास्त्र बार-बार यह स्पष्ट करता है कि लोग “सृजनहार को छोड़कर सृष्टि” की उपासना करना पसन्द करेंगे (रोमियों 1:25)। जब हम किसी अच्छी चित्रकारी को देखते हैं, तो हम उस चित्रकारी की प्रशंसा करते हैं और उसका आनन्द लेते हैं, और फिर हम चित्रकार की प्रशंसा करते हैं, और यह उचित भी है। सम्पूर्ण सृष्टि परमेश्वर का चित्र-फलक है, और यह सब “उसके अनदेखे गुण, अर्थात उसकी सनातन सामर्थ्य और परमेश्वरत्व” (पद 20) का वर्णन करता है।
केवल परमेश्वर की ही आराधना की जानी चाहिए, क्योंकि सृष्टि उसके सामर्थ्य से और उसकी महिमा के लिए ही अस्तित्व में है। उसके अस्तित्व का कोई आरम्भ या अन्त नहीं है, और वह सदा तक राज्य करेगा। वही राजा है। आज उसकी बढ़ाई उसी रीति से करें, जिसके योग्य केवल वही है। टहलते समय या खिड़की से बाहर देखते हुए, जैसे-जैसे आप उसकी बनाई हुई वस्तुओं में उसकी सुन्दरता को देखते जाएँ, उसकी स्तुति करते जाएँ। उसकी स्तुति करें, जब वह अपने सम्प्रभु हाथ से आपको थामे हुए सृष्टि पर राज्य करता है।