“मैं अन्धों को एक मार्ग से ले चलूँगा जिसे वे नहीं जानते और उनको ऐसे पथों से चलाऊँगा जिन्हें वे नहीं जानते। उनके आगे मैं अन्धियारे को उजियाला करूँगा और टेढ़े मार्गों को सीधा करूँगा। मैं ऐसे-ऐसे काम करूँगा और उनको न त्यागूँगा। जो लोग खुदी हुई मूरतों पर भरोसा रखते और ढली हुई मूरतों से कहते हैं, ‘तुम हमारे परमेश्वर हो,’ उनको पीछे हटना और अत्यन्त लज्जित होना पड़ेगा।” यशायाह 42:16-17
बॉब डिलन के शब्दों में, आपको किसी न किसी की सेवा करनी होगी।[1] यह सच है—हम सभी किसी न किसी की उपासना करते हैं। सवाल सिर्फ यह है कि हम किसकी उपासना करते हैं।
हमारी मानवीय मूर्खता के कारण, हम अक्सर अपनी खुद की चालाकी से बनाई हुई छोटी-छोटी सृजनाओं पर निर्भर हो जाते हैं और अन्त में उनकी उपासना करने लगते हैं। पूरे इतिहास में, मनुष्यों की बुनियादी समस्या यह रही है कि हम हमेशा झूठे देवता बनाते रहते हैं, जिनकी पूजा करके हम झूठी मुक्ति ढूँढते रहते हैं। ये मूर्तियाँ सच्चे परमेश्वर का स्थान लेने के लिए लोगों द्वारा अपने दिलों से बनाई जाती हैं। प्रभु को अपनी श्रद्धा का केन्द्र और सन्तोष का स्रोत मानने की बजाय हम उन अच्छी वस्तुओं को, जो उसने हमारे आनन्द के लिए बनाई हैं, उसके स्थान पर व्यर्थ के विकल्पों में बदल देते हैं।
सी.एस. लुईस इसे इस तरह से कहते हैं: “हम आधे-अधूरे दिल से चलने वाले प्राणी हैं, जो शराब, सेक्स और महत्वाकांक्षाओं में फँसे रहते हैं, जबकि हमें अनन्त आनन्द दिया जा रहा है, ठीक वैसे ही जैसे झुग्गी-झोंपड़ियों में रहने वाला एक अनजान बच्चा कीचड़ में खेलता रहता है, क्योंकि वह नहीं जानता कि समुद्र के किनारे छुट्टियाँ मनाने का क्या अर्थ होता है। हम बहुत आसानी से खुश हो जाते हैं।”[2]
हम चाहे दिल से बनाए गए किसी भी विकल्प पर अपनी जिन्दगी को आश्रित रखें, हम यह भूल जाते हैं कि ये मूर्तियाँ शक्तिहीन होती हैं। ये हमारी मदद नहीं कर सकतीं। जैसा कि यशायाह ने स्पष्ट किया है, इन मूर्तियों ने न तो कभी भविष्य बताया है और न ही कभी अतीत पर विचार करने में हमारी मदद की है; न ही ये हमें मार्गदर्शन दे सकती हैं। ये हमारे सवालों का जवाब केवल चुप्पी और निराशाजनक अपेक्षाओं के साथ देती हैं (यशायाह 41:22-23, 28-29)।
केवल सच्चा और जीवित परमेश्वर ही आरम्भ से अन्त तक सब कुछ जानता है। उसने चुप्पी को तोड़ा और आने वाली घटनाओं के बारे में बताया। वह अंधकार को अपनी रोशनी से हराता है। वह अधर्म के “कठिन स्थानों” को धार्मिकता की “समतल भूमि” में बदल देता है। हालाँकि हमने एक बार उससे मुँह मोड़ लिया था, तौभी उसने अपने सेवक, हमारे अद्भुत मार्गदर्शक, यीशु को भेजा।
आप और मैं लगातार उन मूर्तियों से घिरे होते हैं जो हमारा ध्यान आकर्षित करने के लिए हमें पुकारती रहती हैं और हमें परमेश्वर को छोड़कर उनके भीतर सन्तोष खोजने के लिए ललचाती हैं। कौन सी मूर्तियाँ आपको सबसे अधिक ऊँची आवाज़ में पुकारती हैं? जान लें कि वे झूठ बोल रही हैं (हालाँकि वे आपको यह नहीं बतातीं)। परमेश्वर का वचन हमें इनकी उपासना करने से आने वाली शर्म की चेतावनी देता है और हमें एक बेहतर रास्ता दिखाता है: उसकी उपासना करने और उससे सेवा प्राप्त करने में सन्तोष पाना।
आज आपको किसी न किसी की सेवा करनी होगी। सुनिश्चित कर लें कि वह जीवित, प्रेम करने वाला परमेश्वर हो।
रोमियों 1:16-32