“यूसुफ सुन्दर और रूपवान था। इन बातों के पश्चात ऐसा हुआ कि उसके स्वामी की पत्नी ने यूसुफ की ओर आँख लगाई और कहा, ‘मेरे साथ सो।’ पर उसने अस्वीकार कर दिया।” उत्पत्ति 39:6-8
प्रलोभन बुराई या पाप की ओर आकर्षित करने वाला आमन्त्रण होता है। हर व्यक्ति ने इसका सामना किया है—यहाँ तक कि स्वयं प्रभु यीशु ने भी। इसलिए, प्रलोभन अपने आप में पाप नहीं है; उसके प्रति हमारी प्रतिक्रिया निर्धारित करती है कि हम धार्मिकता के मार्ग में आगे बढ़ेंगे या फिर अवज्ञा के दलदल में डूब जाएँगे।
पोतीपर की पत्नी के कार्य यह दर्शाते हैं कि प्रलोभन स्वयं को किस प्रकार प्रकट करता है। आरम्भ में, उसका दृष्टिकोण सूक्ष्म था। उसने अपने मन में यूसुफ को देखने का तरीका बदल दिया। हमारी आँखें हमारे मन की खिड़की हैं और अनेक प्रलोभनों का प्रवेशद्वार भी हैं। वासना से भरा हृदय अक्सर टकटकी लगाकर देखने से आरम्भ होता है।
उसकी आँखों ने जब उसके मन को जकड़ लिया, तो उसने अपनी लज्जा को खो दिया। वह व्यभिचार के लिए इतने खुले रूप से आमन्त्रण देने तक कैसे पहुँच गई? इसका उत्तर यह है कि वह स्पष्ट रूप से अपने कल्पना-लोक में वासना को बढ़ावा दे रही थी। जब हम किसी पापपूर्ण विचार को लगातार मन में स्थान देते हैं, तो उसके वास्तविक जीवन में प्रकट होने की सम्भावना बहुत अधिक हो जाती है। पाप हमेशा अंधी, उग्र और लगभग अनियन्त्रित (हालाँकि कभी भी पूरी तरह से नहीं) इच्छाओं से प्रेरित होकर एक पल में फूट पड़ने के लिए तैयार रहता है। जब हम अपने विचारों में बहुत दूर तक आगे बढ़ जाते हैं, तो बस अवसर की आवश्यकता होती है—और जब अवसर आता है, तो बाहरी पाप भी प्रकट हो जाता है।
आप और मैं पोतीपर की पत्नी की गलतियों से सीख सकते हैं। निश्चित करें कि हम अपनी आँखों को क्या देखने देते हैं और अपने मन में किन बातों पर विचार करते हैं, क्योंकि कभी न कभी यह हमारे कार्यों को अवश्य प्रभावित करेगा। प्रलोभन और उससे उत्पन्न होने वाली इच्छाएँ या तो पोषित की जाएँगी या फिर उनका विरोध किया जाएगा। क्या हम “हर एक भावना को कैद करके मसीह का आज्ञाकारी बना” (2 कुरिन्थियों 10:5) देने के लिए तैयार हैं, या हम वासना और अन्य पापों को बढ़ावा देते रहेंगे? क्या हम “काना होकर परमेश्वर के राज्य में प्रवेश” करने के लिए तैयार हैं (मरकुस 9:47), या हमें अनन्त जीवन इतना मूल्यवान नहीं लगता कि इसके लिए हम यह त्याग करें?
आज आपकी आँखें और आपका मन किस प्रकार के प्रलोभनों का सामना कर रहे हैं? जहाँ हर प्रलोभन पाप की ओर खींचने वाला एक खतरनाक आमन्त्रण है, वहीं यह धार्मिकता के मार्ग में आज्ञापालन चुनने का अवसर भी प्रदान करता है। प्रार्थना करें कि आपको उन क्षणों को पहचानने की बुद्धि और हिम्मत मिले और उन प्रलोभनों का सामना इस तरह करें जो आपको धार्मिकता के मार्ग में आगे बढ़ाए।
उत्पत्ति 4:1-16
पूरे वर्ष में सम्पूर्ण बाइबल पढ़ने के लिए: व्यवस्थाविवरण 30–31; प्रेरितों 7:22-43 ◊